Header Ads Widget

बांदकपुर की प्राचीन बावड़ी में जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन.. सरस्वती विद्या विहार में ओपन जिम, सभागार, पुस्तकालय कंप्यूटर कक्ष आदि लोकार्पित.. गौमुख धाम तथा सिलापरी झरना प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित..

प्राचीन बावड़ी में जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन
दमोह।  जल गंगा संवर्धन अभियान 2025 का आज समापन प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र देव श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर में लगभग 300 वर्ष अति प्राचीन बावड़ी में किया गया। इस दौरान राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष डॉ रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा जल गंगा संवर्धन अभियान निश्चित रूप से अभूतपूर्व रहा हैं यह जो बावड़ी का कायाकल्प हुआ हैं मैं सभी के प्रति साधुवाद ज्ञापित करता हूं। यह अभियान बंद नहीं हुआ है आने वाले समय में इसके बहुत ही सकारात्मक परिणाम हम सभी के सामने आएंगे।

पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा जल गंगा संवर्धन अभियान का आज समापन किया जा रहा हैं। निश्चित ही अभियान अंतर्गत जिले में जल स्त्रोतों का जीर्णोद्धार सौंदर्यीकरण गहरीकरण हुआ हैं जिससे भूमिगत जलस्तर बढ़ेगा और आने वाले समय में इसका सभी को लाभ प्राप्त होगा। जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रीति ठाकुर ने कहा यह प्राचीन बावड़ी जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत पुनर्जीवित की गई हैं। स्वच्छता के सभी साथियों को साधुवाद है जिनके अथक परिश्रम से इस बावड़ी को पुराने स्वरूप में लेकर आए हैं। आज यहां हजारों की संख्या में लोग यहां भ्रमण करने आ रहे हैं और इसकी सुंदरता देखते ही बनती हैं।

वरिष्ठ समाजसेवी भाव सिंह लोधी ने कहा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बहुत उत्कृष्ट कार्य देखने मिल रहे हैं हम सब सौभाग्यशाली हैं कि बांदकपुर में इतनी प्राचीन बावड़ी को संरक्षित किया और जिले भर में अनेक प्राचीन जल स्रोतों को हम बचाने में सफल हुए हैं। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री जी और शासन प्रशासन का अच्छा अभियान चलाने के लिए आभार। एसडीएम आर एल बागरी ने कहा 30 जून को जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन था जो बावड़ी आप देख रहे है इसके साफ.सफाई और कायाकल्प स्थानीय लोगो द्वारा किया गया हैं।
इस अवसर पर धर्मेन्द्र चटन पटेल बृजेश सिंह ठाकुर राजकुमार जैन सुशील गुप्ता गोपाल कुमार खरे वीरेंद्र पुरोहित पंडित छोटेलाल गौतम पुजारी सीतु पंडा पंडित उमाशंकर चौबे मंदिर प्रबंधक रामकृपाल पाठक सरपंच सुनील डबुल्या, इंजीनियर सौरभ ठाकरे आजीविका मिशन राजेंद्र उपाध्याय अमित अहिरवार नितिन जैन डीडी वैन सचिव हरिशंकर पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण अधिकारी. कर्मचारीगण ग्रामीणजन मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान बावड़ी को पुनर्जीवित करने में जिन जल दूतो का विशेष सहयोग रहा उन्हें सम्मानित किया गया। 
 जिनमें कृष्णा पटेल, शंकर गौतम, तुलसीराम तिवारी, राजकुमार सेन प्रमुख रहे। प्रतिवेदन दमोह जनपद पंचायत के सीईओ हलधर मिश्रा ने प्रस्तुत किया। संचालन विपिन चौबे एवं आभार कृष्णा पटेल ने व्यक्त किया।

सरस्वती विद्या विहार में ओपन जिम, सभागार, पुस्तकालय कंप्यूटर कक्ष आदि लोकार्पित.. दमोह। सरस्वती विद्या विहार सीनियर सेकेंडरी स्कूल केशव नगर दमोह में आज खेल एवं युवा कल्याण मंत्रायल के सौजन्य से ओपन जिम  विजय कुमार जी मलैया(बाबू जी) की पुण्यस्मृति में समर्पित कालिदास सभागार, विनायक राव शेंडे (बाबा) की पुण्यस्मृति में समर्पित पुस्तकालय कक्ष, खुशाल चंद जैन(पुजारी जी) की पुण्यस्मृति में समर्पित, कंप्यूटर कक्ष, ओम प्रकाश राय(बुग्गे भैया) की पुण्यस्मृति में समर्पित संगीत कक्ष, एवं नृत्य कक्ष का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जयंत मलैया पूर्व वित्त मंत्री एवं विधायक रहे। अध्यक्षता लखन पटेल राज्य मंत्री पशुपालन विभाग ने की। विशिष्ट अतिथि विवेक शेंडे , विद्या भारती मध्य क्षेत्र के अध्यक्ष एवं अमित दवे, विद्या भारती महाकौशल प्रांत के संगठन मंत्री रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया बहनों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। दमोह के सभी व्यवस्थापक एवं प्राचार्यगण की उपस्थिति में कक्षा 10 वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यालय के मेधावी भैया बहनों का अलंकरण समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर मंत्री श्री लखन पटेल ने कहा कि  यहा शिक्षण तो अंग्रेजी में होता है किंतु संस्कार पक्ष हिंदी में ही प्रदान किए जाते हैं। कार्यक्रम में जिला सचिव लालजी राम पटेल, समिति अध्यक्ष डॉ. राजीव पाण्डे, उपाध्यक्ष राकेश पुजारी, सदस्य राजीव बिरथरे, आदित्य चौरसिया एवं समस्त सदस्यों की उपस्थिति रही। प्राचार्या डॉक्टर स्वप्ना तिवारी दीदी का नेतृत्व प्राप्त हुआ। सहसचिव महेंद्र ताम्रकार ने आभार व्यक्त किया। सभी शिक्षक शिक्षिकाओं एवं स्टाफ की अथक मेहनत ने इस कार्यक्रम को सफल बनाया।
गौमुख धाम तथा सिलापरी झरना प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित.. दमोह।  हटा क्षेत्र अंतर्गत तहसील हटा के ग्राम मडियादो स्थित गौमुख धाम झरना तथा ग्राम सिलापरी स्थित सिलापरी झरना में अधिक संख्या में लोग नहाने तैरने के लिए पहुंचते हैं। वर्षा काल में उक्त दोनों स्थलों पर पानी के तेज बहाव के कारण एवं चट्टाने होने के कारण कभी भी गंभीर अप्रिय घटना घटित हो सकती हैं। किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो एवं जनहित को दृष्टिगत रखते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी हटा राकेश सिंह मरकाम ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के अंतर्गत उक्त दोनों स्थलों पर तत्काल प्रभाव से पूर्णत प्रतिबंधित किया हैं। जारी आदेश में कहा गया उक्त आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के तहत कार्यवाही की जाएगी। यह आदेश जन सामान्य के जान माल की सुरक्षा तथा भविष्य के खतरे की संभावना को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया हैं। यह आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 ;2 के अंतर्गत एक पक्षीय रूप से पारित किया गया हैं तथा सार्वजनिक माध्‍यमों इलेक्‍ट्रानिक मीडिया समाचार पत्रों से आदेश सर्व साधारण को अवगत कराया जा रहा है। 

Post a Comment

0 Comments