नारी शक्ति वंदन अधिनियम-भाजपा पत्रकार वार्ता  

दमोह नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों के विरोध पर भारतीय जनता पार्टी जिला दमोह द्वारा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे के मार्गदर्शन में पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री श्रीमती अर्चना सिंह, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती सुमन उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू कटारे एवं जिला मीडिया प्रभारी प्रिंस जैन उपस्थित रहे।
अर्चना सिंह ने कहा कि लोकसभा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जो घटनाक्रम हुआ, वह केवल एक संसदीय प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश की आधी आबादी के अधिकारों से जुड़ा अत्यंत गंभीर विषय है। कांग्रेस एवं इंडी गठबंधन ने इस ऐतिहासिक अवसर को बाधित कर अपनी महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया है।
उन्होंने ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने इसे रोककर करोड़ों महिलाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ किया है। कांग्रेस का इतिहास महिलाओं के अधिकारों का विरोध करने वाला रहा है। चाहे तीन तलाक का मुद्दा हो या कश्मीर में महिलाओं के अधिकारों से जुड़े विषय—हर जगह कांग्रेस ने महिलाओं के सशक्तिकरण में बाधा डालने का काम किया है। विपक्ष केवल दिखावे की राजनीति करता है और महिलाओं के नाम पर राजनीतिक स्वार्थ साधता है। आज देश की महिलाएं सब देख रही हैं और आने वाले समय में इसका जवाब जरूर देंगी।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं और भाजपा ने केवल वादे नहीं, बल्कि कार्य करके दिखाया है। उन्होंने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि विपक्ष का यह रवैया लोकतंत्र में महिलाओं की भागीदारी को रोकने की साजिश है। कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी और समाजवादी पार्टी जैसे दलों ने एक ऐतिहासिक अवसर को नकार दिया। महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का मार्ग भाजपा सरकार ने प्रशस्त किया है, जबकि कांग्रेस ने दशकों तक केवल वादे किए। संसद में महिलाओं के सम्मान के बजाय विपक्ष ने उपहास और विरोध का रास्ता चुना, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। यह केवल एक विधेयक नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और अधिकारों का प्रश्न है। विपक्ष का हर विरोध देश की महिलाओं का अपमान है। यह मुद्दा अब केवल संसद तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जन-जन का विषय बनेगा और भाजपा इसे हर स्तर पर जनता के बीच ले जाएगी। 
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रंजीता पटेल एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती मंजू कटारे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। महिलाओं को राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। देश की नारी शक्ति अब निर्णायक शक्ति बन चुकी है और भविष्य में वही देश की दिशा तय करेगी।
नवागत कलेक्टर ने लॉन्च किया स्वच्छता गीत ‘जीतेंगे, जीतेंगे’ का टीज़र.. दमोह। स्वच्छता के लिए संकल्पित टीम उम्मीद प्रमुख बॉलीवुड सिनेमैटोग्राफर हरीश पटेल के नए स्वच्छता गीत जीतेंगे जीतेंगे की गूंज से अब दमोह में स्वच्छता का नया अध्याय शुरू होने जा रहा है. सोमवार दोपहर टीम उम्मीद ने कलेक्टर प्रताप नारायण यादव   से मुलाकात की वहीं कलेक्टर श्री यादव ने बहुप्रतीक्षित स्वच्छता गीत “जीतेंगे, जीतेंगे” का टीज़र और पोस्टर विधिवत लॉन्च किया।
 हरीश पटेल ने अपने स्वच्छता मिशन और अब तक किए गए प्रयासों की जानकारी दी, जिसे कलेक्टर ने सराहा और आगे भी निरंतर प्रयास करने के लिए प्रोत्साहित किया इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज की जिम्मेदारी है।दमोह शहर बड़ा है और इसे साफ करने के लिए संकल्प लेकर हम सब मिलकर काम करेंगे. इस अवसर पर नगर पालिका सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी जन अभियान परिषद के जिला समन्व्यक सुशील नामदेव टीम उम्मीद के महेंद्र सिंह लोधी, शिवम सोनी, धर्मेंद्र सोनी, दीपक राजपूत मौजूद रहे।

बजरिया 8 में जल सप्लाई समय पर कराने ज्ञापन.. दमोह। बजरिया वार्ड 8 में जल सप्लाई समय अनुसार न होने पर नगर पालिका अधिकारी के नाम आवेदन सौंपा गया जिसमें मोहनीश राव ने बताया गया की बजरिया वार्ड नंबर 8 दमोह में जल सप्लाई का ठीक समय 5 बजे का है पर जल सप्लाई नियम अनुसार नहीं मनमानी तरीके से की जाती है कभी रात को 11 बजे कभी रात को 8 बजे कभी 9 बजे नल खुलते है जिससे जनता बहुत ही ज्यादा परेशान है।

उक्त ज्ञापन सौपते हुए मांगे हैं कि जल सप्लाई ठीक समय पर की जाए एवं पानी की टंकी गजानन टेकरी की कर्मचारी मदन पर वार्ड पार्षद द्वारा दबाव ना बनाया जाएं एवं वार्ड जनता का कहना है कि अगर तीन दिवस के अंदर जल सप्लाई नियम अनुसार नहीं खोली गई तो हम सभी वार्ड के लोग उग्र आंदोलन करने के लिए उतारू हो जाएंगे। भारी संख्या में युवा एवं महिलाओं में ज्ञापन नगर पालिका अधिकारी के नाम दिया है जिसमें मैदा बाई, लीला बाई, उसा बाई, राम रानी, दुलारी बाई, सरोज बाई, नीलेश आदर्श, दीपू आदर्श, कांशीराम, शेखर राज, राजेश, सादिक खान, जीतेन्द्र, राहुल, अतुल, हिमांशु, भूपत, देवेश, विजय, दिनेन्द्र राज आदि की उपस्थिति रहीं।

निषादराज माझी समाज सेवा समिति की बैठक आज.. दमोह। निषादराज माझी समाज सेवा समिति भोपाल मप्र की दमोह ईकाई के द्वारा 17 मई को दमोह के आशीर्वाद गार्डन में केवट जयंती समारोह एवं निःशुल्क युवक-युवती परिचय सम्मेलन की तैयारियों को लेकर बैठक का आयोजन किया गया है। उक्त बैठक दिनांक 28 अप्रैल 2026 दिन मंगलवार को रात्रि 08 बजे स्थानीय मछली मार्केट चरयाई बाजार में आयोजित की गई है। जिसमें माझी समाज के समस्त पदाधिकारियों, समस्त वार्ड प्रमुखों से बैठक में अधिक से अधिक संख्या में सम्मिलित होने की अपील की गई है।