एलोरा गुरुकुल के 130 बच्चे कुण्डलपुर बड़े बाबा के चरणों में
दमोह।
प्रतिमा व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर के दूसरे दिवस निर्यापक श्रमण
मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने अहिंसा, श्रावकाचार, सम्यक दर्शन,
रत्नत्रय, प्रतिमा साधना, संयम और संलेखना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश
डालते हुए कहा कि प्रत्येक आत्मा में परमात्मा बनने की शक्ति विद्यमान
है,धर्म का मार्ग गृहस्थ और गृहत्यागी दोनों के लिए खुला हुआ है। आचार्यों
ने गृहस्थों की पारिवारिक एवं सामाजिक जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए
श्रावकाचार और प्रतिमाओं का क्रमिक मार्ग बताया है,जिसके माध्यम से
व्यक्ति संसार में रहते हुए भी आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ सकता है।
राष्ट्रीय
प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं क्षेत्रीय प्रचार मंत्री जय कुमार
जैन ‘जलज’ ने बताया प्रातः प्रवचन एवं दौपहर में स्वाध्याय एवं संध्याकाल
में समता समाधान के पश्चात सभी व्रति श्रावकों को संल्लेखना समाधि की
तैयारियों पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुनि श्री ने सम्यक दर्शन, सम्यक
ज्ञान और सम्यक चारित्र की पूर्णता पर मोक्ष की प्राप्ति होती है, पर
व्याख्यान देते हुवे कहा कि "प्रतिमा" का अर्थ प्रतिज्ञा अथवा संकल्प है।
ये संकल्प ही क्रमशः आगे बढ़ते हैं और व्यक्ति अपनी योग्यता तथा
परिस्थितियों के अनुसार इनका पालन करके अपने जीवन का उत्थान कर सकते है। आज
एकल परिवार और शहरी जीवन के कारण अनेक लोगों को प्रतिमाओं का पालन कठिन
अवश्य लगता है, लेकिन अनुभव का महत्व केवल पुस्तकीय ज्ञान से अधिक है। चौथे
काल से लेकर पंचम काल तक संयम के बिना किसी को वास्तविक सुख-शांति प्राप्त
नहीं हुई। मुनि श्री ने पाक्षिक, नैष्ठिक और साधक की अवस्थाओं को समझाते
हुए कहा कि पाक्षिक श्रावक वह है जो स्वयं संयम धारण नहीं कर पाया, लेकिन
वीतरागी निर्ग्रंथ मुद्रा और संयम के मार्ग को श्रेष्ठ मानता है। वह
संयमियों का पक्ष लेता है,उनकी प्रशंसा करता है और उनके प्रति फैली
भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास करता है। वह शाकाहार अपनाता है, व्यसनों
से दूर रहता है तथा जल छानकर पीने जैसे जीवदया के नियमों का पालन करता है।
जब यही श्रद्धा दृढ़ संकल्प में बदलती है तो व्यक्ति नैष्ठिक अवस्था की ओर
बढ़ता है और प्रतिमाओं को धारण करने की पात्रता विकसित करता है।
मुनि
श्री ने प्रथमानुयोग में वर्णित पूर्वा भील का प्रेरक प्रसंग सुनाया और
कहा कि जंगल में मुनिराज से उसने अहिंसा व्रत का पालन तथा शिकार न करने
तथा मद्य, मधु और मांस का त्याग करने का संकल्प लिया,और श्रद्धापूर्वक
जीवनभर इसका पालन किया। अहिंसा के इसी बीज ने उसके जीवन की दिशा बदल दी और
आगे की पर्यायों में आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग प्रशस्त करते हुवे वहीं
जीव भगवान महावीर बने। मुनि श्री ने कहा कि धर्म का संबंध जाति, वर्ग,
उम्र, स्त्री-पुरुष अथवा संपन्नता से नहीं है। जिसके भीतर अहिंसा, शाकाहार
और जीवों की रक्षा का भाव जाग गया, उसके जीवन में धर्म का बीजारोपण हो गया।
उन्होंने कहा कि परिवार और व्यवसाय की जिम्मेदारियां निभाते हुए भी संयम
अपनाया जा सकता है। जब पारिवारिक और आर्थिक जिम्मेदारियों से निवृत्ति होने
लगे तो प्रतिमाओं को धारण करने में उत्साह दिखाना चाहिए। इच्छाओं का
परिमाण, सत्य का पालन, चोरी से बचना और सभी जीवों के प्रति दया एवं सहयोग
का भाव ही व्रतों का मूल संदेश है। प्रत्येक श्रावक को प्रतिदिन
प्रतिक्रमण, स्वाध्याय और सामायिक का अभ्यास करना चाहिए। सामायिक के समय
मोबाइल, सोशल मीडिया औरअनावश्यक विकल्पों से दूर रहकर णमोकार मंत्र का जाप
एवं आत्मचिंतन करना चाहिए। मुनि श्री ने संलेखना और समाधि मरण की महत्ता
बताते हुए कहा कि जैन दर्शन में मरण को अशुभ नहीं, बल्कि आर्त और रौद्र
ध्यान के साथ होने वाले मरण को अशुभ माना गया है। शुभ परिणामों और समभाव के
साथ जीवन के अंतिम क्षणों को स्वीकार करना ही समाधि मरण की भावना है।
तत्त्वार्थसूत्र के सूत्र ‘मारणान्तिकीं संलेखनां ज्योषिता’ का उल्लेख करते
हुए उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में व्यक्ति को स्वाध्याय, संयमित
दिनचर्या और आत्मचिंतन के माध्यम से स्वयं को तैयार करना चाहिए। संलेखना के
अवसर पर शोक के बजाय धर्मध्यान और प्रसन्नता का वातावरण होना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रतिमा व्रत विज्ञान एवं समाधि-साधना शिविर का
उद्देश्य प्रत्येक श्रावक को अपनी क्षमता के अनुरूप अहिंसा से संयम और संयम
से आत्मकल्याण की ओर आगे बढ़ाना है।इस अवसर पर एलोरा (महाराष्ट्र) गुरुकुल
के 130 बच्चे पूज्य बड़े बाबा के चरणों में दर्शन वंदन अभिषेक एवं पूज्य
गुरुदेव निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ससंघ के दर्शन
आशीर्वाद हेतु आए।






0 Comments