"भगवान महावीर का निर्वाण केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक आत्मा के लिए कर्मबंधन से मुक्त होकर सिद्धत्व प्राप्त करने की प्रेरणा है" निर्यापक मुनिश्री समता सागर
कुण्डलपुर(म.प्र.)। सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक, निर्वाण की आध्यात्मिक प्रक्रिया और दीपावली के जैन दर्शन में निहित महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भगवान महावीर का निर्वाण केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रत्येक आत्मा के लिए कर्मबंधन से मुक्त होकर सिद्धत्व प्राप्त करने की प्रेरणा है। राष्ट्रीय प्रवक्ता अविनाश जैन ‘विद्यावाणी’ एवं कुण्डलपुर क्षेत्र प्रचारमंत्री जयकुमार जैन ‘जलज’ ने बताया कि मुनिश्री ने कहा कि केवलज्ञान प्राप्त करने के बाद भगवान महावीर स्वामी ने तीस वर्षों तक समवसरण के माध्यम से समस्त भव्य जीवों को दिव्य ध्वनि द्वारा धर्मोपदेश दिया और समूचे आर्यावर्त में विहार किया। तीर्थंकरों का यह स्वाभाविक नियोग होता है कि केवलज्ञान के बाद वे धर्मदेशना देते हैं और विहार करते हैं। केवलज्ञान के पश्चात उन्हें आहार की आवश्यकता नहीं रहती, लेकिन धर्मोपदेश और विहार की परंपरा चलती रहती है। उनकी दिव्य ध्वनि इच्छापूर्वक अथवा सामान्य उपदेशकों की तरह प्रयास से नहीं निकलती, बल्कि तीर्थंकर प्रकृति के उदय से स्वतः प्रकट होती है, जिसका लाभ भव्य जीवों को मिलता है। मुनिश्री ने बताया कि जब भगवान महावीर की आयु का अंतिम समय निकट आया तो उन्होंने समवसरण का त्याग कर दिया और विहार करते हुए पावापुरी नगरी के उद्यान स्थित पद्म सरोवर में पहुंच गए। कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी और चतुर्दशी का समय योग निरोध की साधना में व्यतीत हुआ।
भगवान महावीर का योग निरोध काल दो दिन का माना गया है, जबकि भगवान आदिनाथ का चौदह दिन और अन्य तीर्थंकरों का एक माह का बताया गया है। उन्होंने कहा कि तेरहवें गुणस्थान में विराजमान केवली भगवान का ध्यान सामान्य साधकों की तरह प्रयासपूर्वक नहीं होता, बल्कि उनकी सहज अवस्था होती है। इस प्रक्रिया में शेष अघातिया कर्मों का क्षय होता है। भगवान महावीर कायोत्सर्ग मुद्रा में स्थित रहे और कार्तिक कृष्ण अमावस्या की प्रत्यूष बेला में, जब स्वाति नक्षत्र के साथ चंद्रमा का विचरण हो रहा था तथा अंधकार समाप्त होकर प्रकाश के आगमन का संधिकाल था, उसी समय उन्होंने निर्वाण प्राप्त किया। मुनिश्री ने कहा कि चौदहवें गुणस्थान अर्थात अयोगी केवली अवस्था का काल अत्यंत अल्प होता है। गणधरों द्वारा ह्रस्व पांच अक्षरों के उच्चारण में जितना समय लगता है, उतने ही अल्प समय में भगवान समस्त कर्मों से मुक्त होकर सिद्ध अवस्था को प्राप्त हो जाते हैं। राग-द्वेष रूप भावकर्म पहले ही समाप्त हो चुके होते हैं और शेष द्रव्य कर्मों का भी क्षय हो जाता है। जैन आगम परंपरा के अनुसार निर्वाण के समय भगवान का शरीर कपूर की तरह विलीन हो जाता है और नख एवं केश शेष रह जाते हैं। सौधर्म इंद्र देवगणों के साथ पावापुरी पहुंचकर निर्वाण कल्याणक की पूजा करते हैं।
मुनिश्री ने दीपावली की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि बताते हुए कहा कि भगवान महावीर के निर्वाण का समाचार फैलते ही इंद्र, देवगण, राजा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु पावापुरी पहुंचे। सभी ने निर्वाण कल्याणक की पूजा-अर्चना की। दिन बीतने के बाद अमावस्या की अंधकारमय रात्रि में इंद्रों और राजाओं ने दीपों की पंक्तियां प्रज्वलित कर संपूर्ण पावापुरी को प्रकाश से जगमगा दिया। इसी दीपमालिका की परंपरा आगे चलकर दीपोत्सव के रूप में प्रसिद्ध हुई। उन्होंने कहा कि जैन परंपरा में दीपावली का संबंध भगवान महावीर के निर्वाण और आत्मज्ञान के प्रकाश से जुड़ा हुआ है। इस वर्ष श्रद्धालु कुण्डलपुर के बड़े बाबा के चरणों में दीपावली मना रहे हैं। मुनि संघ चातुर्मास निष्ठापन के साथ आध्यात्मिक दीपावली मनाता है, जिसमें ज्ञान के प्रकाश और आत्मचिंतन को महत्व दिया जाता है, वहीं गृहस्थ श्रद्धालु भगवान की भक्ति, निर्वाण लाडू अर्पण और दीप प्रज्वलन के माध्यम से अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हैं। निर्वाण लाडू के महत्व को समझाते हुए मुनिश्री ने कहा कि लाडू मिठास, प्रसन्नता और एकता का प्रतीक है। उसमें अलग-अलग नुक्तियां मधुरता की चाशनी से जुड़कर एक रूप बनाती हैं। इसी प्रकार समाज में अलग-अलग विचार और व्यक्तित्व होने के बावजूद प्रेम और मधुरता सबको जोड़ते हैं। गोला अखंडता और एकता का प्रतीक है। भगवान को मोदक अथवा निर्वाण लाडू अर्पित करते समय श्रद्धालुओं के मन में यही भावना होनी चाहिए कि हे भगवान! आपने जिस निर्वाण पद को प्राप्त किया है, वह मुझे भी प्राप्त हो।
मुनिश्री ने कुण्डलपुर की दीपावली की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि इस क्षेत्र के प्रति केवल जैन समाज ही नहीं, बल्कि जैनेतर बंधुओं की भी गहरी श्रद्धा है। हजारों श्रद्धालु बड़े बाबा को ग्राम देवता, नगर देवता और अपने आराध्य प्रभु के रूप में मानकर भक्ति करते हैं। पहले जब बड़े बाबा छोटे मंदिर में विराजमान थे, तब निर्वाण लाडू चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं को सुबह से लेकर दिन के दस-ग्यारह बजे तक प्रतीक्षा करनी पड़ती थी। आज गुरुवर की साधना और प्रेरणा से बड़े बाबा विशाल मंदिर की विशाल वेदी पर भव्य सिंहासन में विराजमान हैं, जिससे श्रद्धालु सहजता और आनंद के साथ आराधना कर पा रहे हैं। मुनिश्री ने भावपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि निर्वाण की बेला में भगवान महावीर जीत गए और हम सब हार गए। हम संसार और कर्मों की परीक्षा में बैठे थे, लेकिन भगवान ने कर्मों पर विजय प्राप्त कर निर्वाण पद हासिल कर लिया। हमारी विशेषता यह है कि हमें अपनी हार का उतना दुख नहीं, जितनी प्रसन्नता भगवान की जीत की है। यदि हम कर्म विजेता भगवान की विजय की खुशियां मनाते रहेंगे तो एक दिन स्वयं भी कर्मों पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से भगवान महावीर का निर्वाण कल्याणक हर्षोल्लास और भक्ति के साथ मनाने तथा निर्वाण लाडू अर्पित करते समय स्वयं के निर्वाण की भावना भाने का आह्वान किया।






0 Comments