सच्चे साधु की निष्पृह चर्या ही समाज में धर्म की ज्योति जलाती है, निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी
कुण्डलपुर(म.प्र.)। निर्यापक श्रमण मुनि श्री समतासागर जी महाराज ने भगवान महावीर स्वामी के निर्वाण कल्याणक के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि दीपावली केवल बाहरी प्रकाश और उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि आत्मा को कर्मों से मुक्त कर निर्वाण पद प्राप्त करने की भावना का महापर्व है। भगवान महावीर के निर्वाण की स्मृति में लाडू चढ़ाने के साथ हमें उनके गुणों को अपने जीवन में उतारने और आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेना चाहिए।
मुनिश्री ने आचार्य पूज्यपाद स्वामी द्वारा संस्कृत में रचित निर्वाण भक्ति तथा आचार्य कुंदकुंद स्वामी की प्राकृत निर्वाण भक्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदी में प्रचलित निर्वाण कांड मूलतः आचार्य कुंदकुंद स्वामी की प्राकृत रचना का अनुवाद है, जिसमें आचार्य पूज्यपाद स्वामी ने भगवान महावीर के पावापुरी के नगर उद्यान से निर्वाण पद प्राप्त करने का वर्णन किया है, जिसका पद्यानुवाद गुरुवर आचार्य श्री विद्यासागर महाराज ने अत्यंत सुंदर भावों में किया। कार्तिक कृष्ण अमावस्या, स्वाति नक्षत्र और भगवान महावीर की कायोत्सर्ग मुद्रा का स्मरण कराते हुए मुनिश्री ने कहा कि भगवान ने शेष चार अघातिया कर्मों का नाश कर अक्षय सुख को प्राप्त किया। इस अवसर पर मुनिश्री ने आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के जीवन का फिरोजाबाद चातुर्मास से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1975 में आचार्य श्री का चातुर्मास फिरोजाबाद में स्थापित हुआ था।वहां पर सेठ छदामीलाल जी का एक प्रसिद्ध मंदिर था, लेकिन उनकी मुनियों के प्रति विशेष श्रद्धा नहीं थी आचार्य श्री उस मंदिर के दर्शन करने पहुंचे और उनको मंदिर का खुला और प्रशस्त वातावरण पसंद आया तथा उन्होंने वहीं चातुर्मास करने का भाव बनाया। जानकारी मिलने पर सेठजी ने दूसरे मंदिर में चातुर्मास करने का संदेश भिजवाया, लेकिन आचार्य श्री अपनी सहज और स्वतंत्र साधुचर्या के अनुसार वहीं विराजमान रहे।
सेठजी ने क्षेत्र में आहार के लिए चौके की व्यवस्था कर दी, लेकिन आचार्य श्री ने निर्धारित चौके में आहार लेने के बजाय बस्ती में जाकर एक वृद्ध व्रती महिला के यहां आहार ग्रहण किया। जब सेठजी ने इसका कारण पूछा तो आचार्य श्री ने सहजता से कहा कि यदि चौका नहीं होता तो आहार कैसे हो जाता? सोले का भोजन बनाकर रखने वाली वृद्धा का घर भी चौका ही था, चौका केवल विशेष व्यवस्था करके भोजन बनाने का नाम नहीं है। इस घटना ने सेठजी और समाज पर गहरा प्रभाव डाला। मुनिश्री ने बताया कि आचार्य श्री की निष्पृहता, सहजता और स्वतंत्र चर्या को देखकर सेठजी के विचार बदलने लगे। जो व्यक्ति पहले मुनियों के प्रति श्रद्धा नहीं रखते थे, वे प्रतिदिन आचार्य श्री के प्रवचन सुनने लगे और उनके साथ जंगल तक पैदल जाने लगे धीरे-धीरे उनके मन में अपने घर पर चौका लगाने की भावना जागृत हुई। उन्होंने आचार्य श्री के लिए अपने घर पर आहार की व्यवस्था की, लेकिन कई दिनों तक आचार्य श्री की आहारचर्या उनके यहां नहीं हुई। नगर के सामान्य गृहस्थों के यहां आहार हो रहा था, लेकिन सेठजी का चौका प्रतीक्षा करता रहा चतुर्दशी के दिन आचार्य श्री का उपवास था। रात्रि में वे भगवान महावीर के जिनालय में पहुंचे और पूरी रात खड़े होकर ध्यान एवं सामायिक में लीन रहे।
मुनिश्री ने बताया कि अगले दिन भगवान महावीर के निर्वाण महोत्सव पर पूजा-अर्चना और लाडू अर्पण के बाद आचार्य श्री आहारचर्या के लिए निकले और सीधे सेठजी की हवेली की ओर पहुंचे। सेठजी ने भावपूर्वक पड़गाहन किया और आचार्य श्री का आहार संपन्न हुआ। इसके बाद सेठजी भावविभोर होकर आचार्य श्री के चरणों में गिर पड़े। उन्होंने कहा कि गुरुदेव, अब तक मैं अज्ञानता में था, इस चातुर्मास में मुझे सच्चे ज्ञान की प्राप्ति हुई है। मैंने समझा कि पंचम काल में भी वास्तविक मुनि होते हैं। उन्होंने कहा कि दीपावली तो हर वर्ष मनाता रहा, लेकिन आज मेरे जीवन की सच्ची दीपावली हुई है।
मुनिश्री ने बताया कि वर्ष 2002 में हम तीन महाराज में स्वयं मुनि प्रमाणसागर जी तथा एलक निश्चयसागर जी,आचार्य श्री की आज्ञा से फिरोजाबाद पहुंचे और चातुर्मास किया उस समय सेठजी तो नहीं थे लेकिन उनकी धर्मपरंपरा को उनकी धर्मपत्नी ने आगे बढ़ाया और दीपावली के दिन मुनि श्री समतासागर का आहार भी उसी घर में संपन्न हुआ जहां आचार्य श्री का आहार संपन्न हुआ था।ऐसी घटनाएं धार्मिक जीवन की ऐतिहासिक परंपराएं बन जाती हैं। मुनिश्री ने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि दीपावली को केवल बाहरी रोशनी तक सीमित न रखें। आतिशबाजी और पटाखों से पर्यावरण प्रदूषण, जीव हिंसा तथा अग्निकांड जैसी घटनाएं होती हैं। इसलिए प्रत्येक दिन आतिशबाजी से बचते हुए सात्विक, अहिंसक और गुणात्मक दीपावली मनानी चाहिए। भगवान महावीर के गुणों को जीवन में अपनाना ही उनके निर्वाण महोत्सव की सच्ची सार्थकता है। अंत में मुनिश्री ने प्रेरक पंक्तियों के माध्यम से कहा—जिससे स्वयं की पहचान हो, वह ज्ञान है; आत्मा को ऊर्ध्वगामी बनाने का नाम ध्यान है। पर पदार्थों से तो मिलन खूब हुआ बंधुओ, जो अपने से मिला दे, वही निर्वाण है।
निर्वाण लाडू चढ़ाने हजारों भक्त पहुंचे कुण्डलपुर
भगवान महावीर निर्वाण महोत्सव पर पूज्य बड़े बाबा के चरणों में हजारों श्रद्धालु भक्तों ने पहुंच कर बड़े बाबा के दर्शन, अभिषेक, शांतिधारा, निर्वाण लाडू चढ़ाने का परम सौभाग्य प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रथम अभिषेक, शांतिधारा, रिद्धि कलश, निर्वाण लाडू ,छत्र, चवंर चढ़ाने का सौभाग्य स्व. श्री लक्ष्मीचंद सराफ की स्मृति में चंद्रकुमार सराफ अध्यक्ष कुण्डलपुर क्षेत्र आलोक अमित आयुष एकांश सरोज सपना श्वेता अनन्या आर्या मोदी सराफ परिवार दमोह, निर्मल कुमार चंद्रकुमार ललितकुमार तरुण कुमार कुंवरसेन सराफ मोदी परिवार दमोह सागर, निर्मलकुमार सराफ सागर (लाडू), राहुल नरेंद्र जय देवी रोहित रजावत परिवार बांसवाड़ा( पार्श्व शांति धारा), नरेंद्र जैन शक्ति गौशाला अध्यक्ष दमोह (पार्श्व शांति धारा), सुषमा रमणलाल पाटनी सौम्या पियूष झांझरी परिवार औरंगाबाद , अमोल आतिश चेतन निशित पांडे संभाजी नगर, अविरल जैन इंदौर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने पूज्य बड़े बाबा के अभिषेक का सौभाग्य प्राप्त किया।
निर्वाण महोत्सव की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव एवं आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां हुईं।वैराग्य गाथा (जिन शरणम् मंदिर दमोह), पूर्णिमा के दो चांद, भाईजी मंदिर दमोह, रानी अवक्का कर्नाटक (प्रस्तुति विदुषी जैन दमोह 13 वर्ष) महासती चंदनवाला (प्रस्तुति शिखा जैन कुण्डलपुर), की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का मनमोह लिया।









0 Comments