Header Ads Widget

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सिंधी समाज के प्रबुद्ध जनों से भेंट की.. अभाना पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में बोले हर बूथ पर हो सर्जिकल स्ट्राइक.. इधर कांग्रेसजनों ने प्रत्याशी के पक्ष में टीमें बनाकर किया जनसंपर्क.. भाशचे पार्टी प्रत्याशी ने किया ग्रामों में जनसंपर्क..

 भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने सिंधी समाज के प्रबुद्धजनों से भेंट की.. 

दमोह। दमोह उप चुनाव प्रचार में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा सोमवार को पूज्य सिंधी समाज पंचायत के कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने समाजजनों से भाजपा को विजयी बनाने की अपील की। कार्यक्रम को पार्टी प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी ने भी संबोधित किया।

इस अवसर पर पार्टी जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, पूज्य सिंधी समाज पंचायत दमोह के मुखी श्री किशन चंद अहूजा, पूज्य सिंधी समाज पंचायत दमोह अध्यक्ष अनिल कोटवानी, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री मनीष तिवारी सहित पूज्य सिंधी समाज जन मौजूद थे।

योग कार्यक्रम में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष..

दमोह। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा ने सोमवार को दमोह के बेलाताल टापू मंदिर में पतंजलि योगपीठ द्वारा आयोजित योगाभ्यास कार्यक्रम में शामिल होकर योग किया।

 इस अवसर पर श्री विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि कोरोना संक्रमण से लड़ने के लिए योग बहुत लाभदायक है। योग हम सब को करना चाहिए इससे मनुष्य के शरीर को कई तरह के फायदे होते है साथ ही हम निरोग और स्वस्थ रहते है। प्रदेश अध्यक्ष के साथ जिलाध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, वृज गर्ग, श्याम शिवहरे सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ऑडियो ब्रिज से चर्चा की..

दमोह। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान, भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा एवं प्रदेश सह संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने पार्टी के विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष से कोरोना नियंत्रण और जन जागरूकता अभियान के संबंध में ऑडियो ब्रिज द्वारा चर्चा की।

अभाना पिछड़ा वर्ग सम्मेलन में बोले प्रदेश अध्यक्ष हर बूथ पर हो सर्जिकल स्ट्राइक, कांग्रेस मुक्त हो मतदान केंद्र..

दमोह। देश की जनता को भाजपा की नीति और नियत पर विश्वास है। जनता जानती है की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। लेकिन आज भी ऐसे दल है जो समाज के साथ छल- कपट करते है, झूठ बोलते है। कार्यकर्ता इस उपचुनाव में हर बूथ पर सर्जिकल स्ट्राइक कर समाज को भ्रमित करने वाली कांग्रेस को करारा जवाब दें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सोमवार को दमोह विधानसभा के अभाना मंडल में पिछड़ा वर्ग मोर्चा के सम्मेलन में कही। सम्मेलन को पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्री भगत सिंह कुशवाह ने संबोधित किया।

श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस पिछड़ा वर्ग की हितैषी बन रही है। लेकिन इसी कांग्रेस की सरकार ने ओबीसी कमीशन को संवैधानिक अधिकार नही दिये। कांग्रेस को यह डर था की अगर ओबीसी कमीशन को संवैधानिक अधिकार दे दिए तो यह समाज आगे बढ़ जायेगा। कांग्रेस ने पिछड़ो को हमेशा सिर्फ वोट बैंक माना और उनके साथ लगातार अन्याय किया लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा पिछड़ा वर्ग की चिंता की है। प्रधान मंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने वर्षो से लंबित राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा दिये जाने की मांग अध्यादेश के द्वारा पूरी की। पिछड़ा वर्ग को उनको हक और अधिकार देने का काम भाजपा सरकार ने किया है।
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज पूरा देश और समाज भाजपा और प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ खड़ा है। हमें सभी का समर्थन प्राप्त है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में मध्य प्रदेश विकास के पायदान पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कार्यकर्ता किसी भी भ्रम में नही रहें और गलतफहमी नही पाले। पूरी ताकत के साथ बूथ पर डटे रहे। हमें हर घर से वोट मिले इस कार्ययोजना पर काम करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। यहां चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ते है और जीतते है। उन्होंने कहा कि दमोह विधानसभा का प्रत्याशी यहां का एक एक कार्यकर्ता है। यही कार्यकर्ता बूथ पर हमेशा सक्रिय रहता है। यही कार्यकर्ता बूथ की ताकत है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस जातिवाद के नाम पर बहकाने और अलग अलग प्रकार से ध्यान भटकाने का प्रयास करेगी लेकिन हमें कांग्रेस के मंसूबे विफल करते हुए केवल बूथ पर ध्यान केंद्रित करना है। प्रत्येक बूथ पर भाजपा की विजयी सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि दमोह उपचुनाव की जीत में पिछड़े मोर्चे की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

श्री शर्मा ने कहा कि श्री राहुल सिंह लोधी ने दमोह के विकास के लिए भाजपा का साथ चुना है। उन्होंने दमोह में मेडिकल कॉलेज का जो संकल्प लिया था वह भाजपा सरकार ने पूरा किया है। सतधरु सिंचाई परियोजना   भाजपा सरकार ने स्वीकृत की है। इस योजना से दमोह अंचल के हर खेत मे पानी पहुचेंगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने विकास के मुद्दे खड़े किए है। कांग्रेस का विकास से कोई दूर दूर तक नाता नही है। 15 महीने सत्ता में रही कांग्रेस ने विकास का एक काम नही किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में नेता नही है, नियत नही है और नीति नही है। कांग्रेस पूरे देश में अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है।

2 दर्जन से अधिक लोग कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल.. भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री भगत सिंह कुशवाहा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा को आश्वस्त किया कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा के कार्यकर्ता हर बूथ पर डटे हुए है। दमोह चुनाव की विजयी में मोर्चा अहम भूमिका निभाएगा।  सम्मेलन में विधायक श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, भोपाल एवं ग्वालियर के संभागीय संगठन मंत्री श्री आशुतोष तिवारी, ठाकुर लक्ष्मण सिंह, करोड़ी यादव, गनपत सिंह, लक्ष्मीचंद जैन, भवानी सिंह, रूपेश सेन, जिनेंद्र जैन, अजय लोधी और श्रीमती रोशनी यादव मंच पर उपस्थित थी। कार्यक्रम का संचालन मोर्चा जिला अध्यक्ष कपिल सोनी एवं आभार शिव शंकर पटेल ने व्यक्त किया। सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा के समक्ष 2 दर्जन से अधिक लोगों ने कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में टीमें बनाकर किया जनसंपर्क

दमोह। जिला कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार 55 दमोह विधान सभा के समस्त मंडलम सेक्टर वार्डो पंचायतों में उनके प्रभारियों के साथ घर घर जाकर कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन के पक्ष में जनसंपर्क किया गया। मांगज वार्ड 1, असाटी वार्ड 1 में पूर्व केबिनेट मंत्री लखन घनघोरिया, संजय चैरसिया, राजा राय, यशपाल ठाकुर, राशु चैहान, राजा रौतेला, पप्पू कसोटया ने पूरे वार्ड में घूमकर घर घर दस्तक देकर कांग्रेस पार्टी को विजयी बनाने की अपील की। इसी प्रकार कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन ने भी समन्ना, आनु, सड़िया, मड़िया, बांदकपुर, टिकरी, रियाना, हलगज एवं इन पंचायतो से लगी अन्य ग्रामों में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनु मिश्रा, सतीश जैन, सोनू जैन, नितिन मिश्रा, डब्बू चैबे, सीतू पंड़ा, संध्या नायक ने जनसंपर्क करते हुए कहा कि यह लड़ाई दमोह की जनता के आत्मसम्मान की है जिस व्यक्ति ने आपका अमूल्य मत लेकर जनादेश को खंडित किया है उसे आगामी 17 अप्रैल को जबाव देना है।

भाशचे पार्टी प्रत्याशी उमा सिंह ने किया कई ग्रामों में जनसंपर्क..

दमोह। भारतीय शक्ति चेतना पार्टी की प्रत्याशी उमा सिंह ठाकुर ने सोमवार को टोरी सेक्टर के अनेकों ग्राम धमारा, अर्थखेड़ा, देवरी सलैया के अनेकों ग्रामों में हजारों कार्यकर्ताओं के साथ में जगन जनसंपर्क किया और पार्टी के अनेकों कार्यकर्ताओं ने  बांदकपुर सेक्टर के अनेकों ग्राम हरदुआ, चुंगल, केवलारी, साहनी, पिपरिया, सलैया, कंचारी, मैली होते हुए लोगों से जनसंपर्क किया। जहां प्रत्याशी को अच्छा खासा समर्थन  प्राप्त हो रहा हैं। 

भारतीय शक्ति चेतना पार्टी के कार्यकर्ता रोड पर उतर आए हैं जहां पर अन्य पार्टियों में बौखलाहट दिखाई दे रही है क्योंकि भारतीय शक्ति चेतना पार्टी एक ऐसी पार्टी है जो नशे मांस से मुक्त चरित्रवान समाज का निर्माण कर रही है और समाज से नशे को दूर करने का दृढ़ संकल्प लिए हुए हैं और पार्टी का लक्ष्य है आगे आने वाली पीढ़ी को नशे मांस से मुक्त करते हुए प्रदेश ही नहीं अपितु पूरे विश्व के लिए नशा मुक्त बनाएगीं। संगठन की जिला प्रभारी पुष्पलता सेन, आरती ठाकुर, सूरज सिंह, कल्याण सिंह, सूरज सिंह, तेजराम यादव, महेश खरे, दुर्गेश रजक, नंदू सहित अनेकों कार्यकर्ता के साथ जनसंपर्क किया गया।

Post a Comment

0 Comments