प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी कार्यकर्ताओं को दी शुभकामनाएं..
दमोह। भारतीय जनता पार्टी अगर देश का सबसे बड़ा दल बना है, तो इसके पीछे लाखों कार्यकर्ताओं का परिश्रम और बलिदान है। पर्दे के पीछे रहकर विचारधारा के लिए बूथ पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं के कारण ही हम मजबूत हैं। आज पंच से प्रधानमंत्री तक ऐसा कोई पद नही है जहां भाजपा नहीं है। हमारे कार्यकर्ता ही हमारी ताकत हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने भाजपा के स्थापना दिवस के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा मंगलवार को पार्टी के स्थापना दिवस पर दमोह नगर के बूथ क्रमांक 238 आमचैपरा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। श्री शर्मा ने डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं दीनदयाल जी के चित्र पर माल्यार्पण कर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी का उद्बोधन सुना। कार्यक्रम के पश्चात प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने बूथ अध्यक्ष श्री शिवेंद्र तिवारी के निवास पर पार्टी का झण्डा लगाया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, महिला मोर्चा अध्यक्ष श्रीमती माया नारोलिया, नगर अध्यक्ष श्री मनीष तिवारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।
छोटे कार्यकर्ता का बड़े पद तक पहुँचना सिर्फ भाजपा में संभव..श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि वंशवाद और परिवारवाद से देश नही चल सकता यह भाजपा ने साबित किया है। हमारा नेतृत्व गरीब घर से निकला है। जिस पार्टी में एक गरीब मां का बेटा प्रधानमंत्री है, एक गरीब किसान का बेटा प्रदेश का मुख्यमंत्री है। बूथ पर काम करने वाला बूथ अध्यक्ष भी यहां राष्ट्रीय अध्यक्ष और देश का गृहमंत्री बन सकता है। छोटे से छोटे कार्यकर्ता का बड़े पद पर पहुँचना सिर्फ भाजपा में ही संभव है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है। इन्हीं कार्यकर्ताओं में से ही नेतृत्व उभरेगा।
कांग्रेस नेता बताएं उन्होंने गरीबों को हक क्यों नहीं दिया.. श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज कांग्रेस के नेता बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। ये नेता जब दमोह में चुनाव प्रचार पर आएं तो भाजपा कार्यकर्ता उनसे सवाल करें कि प्रदेश में 15 महीने कांग्रेस की सरकार रही तो कितने युवाओं को 4 हजार रुपये बेरोजगारी भत्ता दिया? मुख्यमंत्री कन्यादान योजना में 51 हजार देने की बात कमलनाथ ने कही थी, कांग्रेस के नेता बताएं कि प्रदेश की किस बेटी को उन्होंने 51 हजार कन्यादान राशि दी। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस नेता बताएं उन्होंने गरीबों को उन्हें उनका हक क्यों नहीं नहीं दिया।
बाबा साहब की जयंती पर सामाजिक रचनात्मक कार्यक्रमों में जुटें कार्यकर्ता..श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को भारत रत्न दिया लेकिन भीमराव अम्बेडकर को भारत रत्न नहीं दे पाई। अम्बेडकर जी को भारत रत्न भाजपा सरकार ने दिया। भाजपा सरकार ने ही बाबा साहेब के जीवन से जुड़े स्थलों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित किया। उन्होंने कहा कि पार्टी के स्थापना दिवस आज से 14 अप्रैल डॉ भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती तक भाजपा सामाजिक और रचनात्मक कार्यों में जुटेगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के बढ़ते प्रकोप को दृष्टिगत रखते हुए पार्टी कार्यकर्ता सामाजिक दायित्वों का पालन करें और सेवा ही संगठन को लेकर जन जागरण और गरीब कल्याण के अभियान में जुटे। मास्क वितरण और सोशल डिस्टेंस का पालन करने के लिए आमजन से अपील करें।
प्रदेश अध्यक्ष ने किया लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान.. प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने दमोह जिला कार्यालय में लोकतंत्र सेनानियों के सम्मान करते हुए कहा कि आपातकाल के दौरान मीसाबंदियों ने लोकतंत्र को बचाने का काम किया। विपरीत परिस्थितियों में आप लोगों ने काम करते हुए पार्टी संगठन को मजबूत किया। भाजपा आज अगर सबसे बड़ा और मजबूत दल बना है तो वह आपके संघर्ष के कारण। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नई पीढ़ी को आपके आशीर्वाद से ही ताकत मिलेगी। कार्यक्रम के पूर्व श्री शर्मा ने जिला कार्यालय पर पार्टी का झण्डा लगाया।
अभाविप के पूर्व कार्यकर्ताओं से मिले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष.. भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने दमोह के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व कार्यकर्ताओं से सौजन्य भेंट की ,विदित हो कि संगठन मंत्री रहते हुए श्री विष्णु दत्त जी शर्मा ने लंबे समय तक दमोह में भी विद्यार्थी परिषद का कार्य प्रांत संगठन मंत्री के रूप में किया था। आज दमोह के कार्यकर्ता श्री विष्णु दत्त शर्मा से मिले तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा विष्णु दत्त शर्मा जी के साथ बिताए हुए समय को याद करके पूर्व कार्यकर्ता भी भाव विभोर हो गये।
इस अवसर पर विभिन्न संस्करणों को याद करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं से चुनाव में लगने का आह्वान किया उन्होंने कहा कि यह चुनाव सरकार की विकास उत्तर गतिविधियों के साथ लड़ा जा रहा है पूर्व कार्यकर्ताओं के दीर्घकालिक सार्वजनिक जीवन के अनुभव का लाभ उपचुनाव में प्राप्त हो ऐसी सभी से अपेक्षा है। इस अवसर पर मध्य प्रदेश के वरिष्ठ संगठन मंत्री शैलेंद्र बरुआ ,मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री गोपाल भार्गव, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट प्रीतम सिंह लोधी भी उपस्थित थे।
इधर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की बांदकपुर व इमलिया घाट में आमसभा आज..
दमोह। समस्त ब्लाॅक अध्यक्षो, वरिष्ठ कांग्रेसियों, जिला पदाधिकारियों, शहर कांग्रेस महिला, कांग्रेस सेवादल एवं समस्त मोर्चा संगठनों के पदाधिकारियों एवं दमोह विधानसभा के सम्मानीय मतदाताओं से जिला कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष मनु मिश्रा ने अनुरोध किया है कि आज 7 अप्रैल को सुबह 10ः30 बजें पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ जी का हेलीकाॅप्टर से दमोह आगमन हो रहा है। वह दमोह से बाॅदकपुर पहुंचकर भगवान श्री जागेश्वरनाथ के दर्शन के पश्चात् मंदिर प्रांगढ़ के सामने आयोजित 11 बजे एक आमसभा को संबोधित करेंगे। तत्पश्चात् मंडलम सेक्टर प्रभारियों से मुलाकात करने के पश्चात् हेलीकाप्टर द्वारा कांग्रेस प्रत्याशी अजय टंडन के साथ इमलियाघाट में आयोजित 1 बजे आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरान्त वहां भी मंडलम सेक्टर प्रभारियों से मुलाकात करेगे। आमसभा में सम्मानीय मतदाताओं से दोनों स्थानों पर पहुचने की अपील की है।
0 Comments