Header Ads Widget

कलचुरी मिलन समारोह एवं साहू समाज के सम्मेलन में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहां.. अस्तित्व खो रही कांग्रेस, खत्म हुई उसके नेताओं की विश्वसनीयता.. मंडल के 61 बूथों पर तैनात रहेंगे किसान मोर्चा के कार्यकर्ता..

 कलचुरी मिलन समारोह एवं साहू समाज के सम्मेलन में शामिल हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष 

दमोह। दिग्विजय सिंह ने अपने चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं से यह स्पष्ट कहा था कि अगर मैं कहीं जाता हूं तो मेरे भाषण से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। अब वही अंतरराष्ट्रीय झुठेले दिग्विजय सिंह दमोह उपचुनाव में प्रचार कर रहे हैं,  झूठ बोलकर दमोह की जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन दमोह की जनता उनके बहकावे में नहीं आने वाली, क्योंकि दिग्विजय सिंह की विश्वसनीयता समाप्त हो चुकी है। आज कांग्रेस देश के अंदर लगातार अपना अस्तित्व खो रही है। 

 यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को कलचुरी मिलन समारोह एवं साहू समाज के सम्मेलन में संबोधित करते हुए कही। उन्होंने समाज जनों से आह्वान किया कि अस्तित्व खोती हुई कांग्रेस का दमोह उपचुनाव में सफाया कर दें। सम्मेलन में प्रदेश शासन के मंत्री एवं चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, वरिष्ठ नेता विद्यासागर पांडे आदि उपस्थित थे। समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि हमने कभी भी सामाजिक भेदभाव की बात नहीं की। भारतीय जनता पार्टी सामाजिक सद्भाव और हर समाज को उसका हक मिले इस दिशा में काम करती है। हमारी योजनाएं समाज के हर गरीब के लिए हैं। उन्होनें कहा कि कांग्रेस ने गरीबी हटाने का नारा दिया, लेकिन गरीबों को हटाया। 

 भारतीय जनता पार्टी गरीबी हटाने का नारा नहीं देती, बल्कि गरीबों के जीवन स्तर को उठाने का काम कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी सौगात गरीबों को देने का काम करती है। गरीब माताओं-बहनों को उज्जवला योजना के माध्यम से गैस चूल्हे की सौगात देती है। उन्होनें कहा कि आज प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से देश में उन करोड़ों गरीबों को पक्का मकान मिला है जिन्होनें कभी अपने खुद के घर की कल्पना भी नहीं की थी। उन्होनें कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकारें प्रलोभन नहीं देती बल्कि गरीबों के लिए जमीनी स्तर पर कार्य करती है।

श्री शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का नेतृत्व बहुत ही संवेदनशील है।  सबको साथ लेकर, सबका विकास कैसे हो और सबका विश्वास कैसे जीतें,  इस मंत्र को लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के नेतृत्व में हम काम कर रहे हैं। उन्होनें अपील करते हुए कहा कि उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को जिताने की कमान कलचुरी समाज अपने हाथ में थाम ले तो भाजपा की प्रचंड जीत होगी। उन्होनें कहा कि आने वाली 17 तारीख को पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को भरपूर आशीर्वाद देकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान के हाथ मजबूत करें।

उपचुनाव में भाजपा को आशीर्वाद दें भूपेन्द्र सिंह

सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश शासन के मंत्री एवं चुनाव प्रभारी श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कलचुरी समाज ने हमेशा भारतीय जनता पार्टी का समर्थन किया है, इस चुनाव में भी आगे आकर समाज भाजपा के पक्ष में भरपूर मतदान करे। उन्होनें कहा कि सामाजिक सम्मेलनों के माध्यम से हमें अपने पूर्वजों की जानकारी एवं प्रेरणा मिलती है। कलचुरी समाज हमेशा संगठित होकर आगे बढ़ा है। इस चुनाव में भी आप संगठित होकर भाजपा को आशीर्वाद दें। 

सम्मेलन को संबोधित करते हुए विधायक श्री दिनेश राय मुनमुन ने कहा कि 15 महीने मध्यप्रदेश में कांग्रेस  की सरकार रही जिसने गरीबों और किसानों को लूटने का काम किया, इस चुनाव में आप लोगों के पास मौका है कि कांग्रेस को जबाव दें। उन्होनें कहा कि दमोह को मेडिकल कालेज की सौगात भाजपा ने दी है। आगे आने वाले दिनों में भी जो विकास के काम होंगे, वह सिर्फ भाजपा ही करेगी। इसके लिए पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को अपना आशीर्वाद दें। कार्यक्रम में श्री आलोक गोस्वामी, श्रीमती कविता राय, श्रीमती सीमा राय, श्री संजय राय, श्री राजीव राय, श्री जवाहर राय मंचासीन थे।

 किसान मोर्चा का कार्यकर्ता सम्मेलन संपन्न..

दमोह। अभाना मंडल दमोह में किसान मोर्चा का किसान कार्यकर्ता सम्मेलन सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पीएचई मंत्री श्री बृजेंद्र सिंह यादव एवं किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चैधरी दर्शन सिंह ने भारत माता एवं पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर सम्मेलन का शुभारंभ किया।

किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष चैधरी दर्शन सिंह ने किसान कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बंधुओं हम किसानों को यह जानना नितांत आवश्यक है कि किस प्रकार झूठा वादा करके सत्ता में आने के पश्चात कमलनाथ जी खेती किसानी के मामले में पूर्णता विफल रहे है। न 200000 रूपए की कर्ज माफी हुई और उस कर्ज माफी के चक्कर में किसान बैंकों के डिफाल्टर हो गए। न समय पर गेहूं चना मसूर व धान की खरीदी न समय पर भुगतान हुआ। हमने देखा है जब किसानों की प्राकृतिक आपदा में फसल नष्ट हुई तो न किसानों को राहत राशि और न ही किसानों को बीमा दिलाने के लिए कमलनाथ जी के द्वारा राज्य का अंश जमा किया गया। जिससे किसानों को बीमा की राशि तक नहीं मिली। प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व में किसान पुत्र मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान ने सरकार में आते ही किसानों को बीमा राशि दिलाने के लिए तत्काल राज्य का अंश जमा किया जिसके बाद किसानों को बीमा राशि मिली ।

मोदी जी ने किसानों को किसान सम्मान निधि के रूप में वर्ष में एक स्थाई राशि देने का क्रांतिकारी कदम उठाया तो हमारे प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री ने उस कार्य को आगे बढ़ाते हुए राज्य सरकार की ओर से 4000 रूपए की राशि प्रतिवर्ष अतिरिक्त किसानों को देने का कार्य किया है। संबल जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को कमलनाथ ने बंद कर दिया था जिन्हें सरकार बनते ही श्री शिवराज सिंह चैहान ने तत्काल चालू करवाया है। गांव में कहावत चलती है कि “जे के फटी हो ना विमाई, वो का जाने पीर पराई“ किसान का दर्द तो किसान के बेटे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ही समझ सकते हैं। किसानों के मामले में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान बेहद ही संवेदनशील है। कुछ दिन पूर्व किसान मोर्चा के द्वारा मुख्यमंत्री एवं कृषि मंत्री से प्राथमिक साख सहकारी समितियों के द्वारा खरीफ 2020 में वितरित अल्पकालीन फसल ऋण की देय तिथि बढ़ाए जाने का आग्रह किया गया था, जिसमें तत्काल निर्देश करते हुए अल्पकालीन फसल ऋण की तिथि 28 मार्च 2021 से बढ़ाकर 30 अप्रैल 2021 कर दी गई है। हमें क्षेत्र का विकास करना है तो भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी को विजयी बनाना है। उन्होंने कहा कि मंडल के 61 बूथों पर किसान मोर्चा के कार्यकर्ता तैनात रहेगे। किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष के आव्हान पर किसानों व कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी श्री राहुल सिंह लोधी का हाथ उठाकर समर्थन किया। कार्यक्रम में विधायक श्री धर्मेंद्र लोधी, जिला अध्यक्ष श्री प्रीतम सिंह लोधी, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष गोपाल पटेल एवं अवाना मंडल के समस्त कार्यकर्तागण एवं किसान बंधु उपस्थित थे।

वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों से मिले प्रदेश अध्यक्ष

दमोह। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने शनिवार को दमोह के स्वामी जगदीश मंदिर में दर्शन कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। दर्शन के पश्चात श्री शर्मा ने पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों से उनके निवास पहुंचकर भेंट की।


प्रदेश अध्यक्ष ने विद्या भारती के क्षेत्रीय मंत्री श्री विवेक शेंडये जी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती शिवकुमारी शिवहरे, डा. केदार शर्मा, वरिष्ठ नेता डा. भरत शिवहरे, श्री नितिन चैरसिया, एडवोकेट श्री पंकज हर्ष श्रीवास्तव सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के निवास पहुंचकर उनसे भेंट की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष के साथ प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, पूर्व जिला अध्यक्ष श्री देवनारायण श्रीवास्तव, श्री बृज गर्ग, श्री श्याम शिवहरे, जिला मीडिया प्रभारी श्री संजय सेन मौजूद थे। 

राहुल सिंह की परिवारजन भी कर रहे घर-घर जनसंपर्क

दमोह दमोह विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी राहुल सिंह के परिवार जन प्रचार अभियान में हिस्सा ले रही है राहुल सिंह की पत्नी राधिका सिंह ,माँ एवं बहन रचना सिंह शहर के विभिन्न अंचलों में जाकर जनसंपर्क कर राहुल सिंह के पक्ष में वोट मांग रही हैं।


आज राहुल सिंह की बहन रचना सिंह ने पूर्व पार्षद अर्चना जैन, ज्योति दुबे ,नीलू रावत, कुसुम खरे के साथ नगर के बजरिया वार्डों में वृहद जनसंपर्क किया।

Post a Comment

0 Comments