Header Ads Widget

माईसेम सीमेंट में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’.. डी.ए.वी. विद्यालय में ध्वजारोहण, मेधावी छात्र सम्मानित..

माईसेम सीमेंट में हुआ ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम 

दमोह. माईसेम सीमेंट स्टाफ क्लब के तत्वावधान में ८०वें स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर ‘एक शाम शहीदों के नाम’ सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन अत्यंत धूमधाम और गरिमामय वातावरण में किया गया। 

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। समारोह की अध्यक्षता कर रहे माईसेम सीमेंट के क्लस्टर हेड श्री सुरेश दुबे ने स्वतंत्रता संग्राम के महान नायकों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वातंत्र्य सेनानियों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। अपने प्रेरणादायी संबोधन में उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों का स्मरण करते हुए देश के प्रति कर्तव्य निष्ठा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया।

कार्यक्रम की संध्या में माईसेम सीमेंट परिवार के सदस्यों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया पुरुष वर्ग, महिला वर्ग तथा बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, नृत्य और नाटक प्रस्तुत किए।बच्चों और स्टाफ सदस्यों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया और पूरा हॉल भारत माता की जय के जयघोष से गूंज उठा।

समारोह के अंत में कार्यक्रम में भाग लेने वाले प्रतिभागियों की सराहना की गई और सभी उपस्थितजनों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

डी.ए.वी. विद्यालय में ध्वजारोहण, मेधावी छात्र सम्मानित

दमोह. हाइडलवर्ग सीमेंट इंडिया लिमिटेड, इकाई नरसिंहगढ़ स्थित डी.ए.वी. विद्यालय में इस वर्ष का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस इकाई प्रमुख एवं विद्यालय के प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्री सुरेश दुबे जी के मुख्य आतिथ्य, प्राचार्य श्री आर. पी. कुर्मवंशी जी की अध्यक्षता एवं हाइडलवर्ग कंपनी से पधारे प्रमुख विभागाध्यक्षों की गरिमामय उपस्थिति में हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया गया और ध्वज को सलामी दी गई।

मुख्य अतिथि ने अपने शुभकामना संदेश में कहा, “हम अमर शहीदों की देशभक्ति और उनके कार्यों की सराहना करते हैं। जिस भारत में आज हम निर्बाध रूप से साँस ले रहे हैं, उसके पीछे भारत के वीर सपूतों का बलिदान है।” उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों के कार्यों की सराहना की, साथ ही कंपनी कर्मियों का भी उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि हाइडलवर्ग कंपनी निरंतर समाज सेवा का कार्य कर रही है और आगे भी करती रहेगी।

प्राचार्य महोदय ने अपने उद्बोधन में कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को नहीं भूलना चाहिए, बल्कि उनके इन अतुलनीय कार्यों को हमेशा याद रखना चाहिए। साथ ही उन्होंने विद्यालय के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की ओर से अपनी प्रतिबद्धता स्पष्ट की और कंपनी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने विश्वास दिलाया कि विद्यालय आने वाले समय में नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। साथ ही, देश के वीर बलिदानियों को याद करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक नृत्यों, संगीत, भाषण आदि की प्रस्तुतियाँ दी गईं। वर्ष 2026 नीट परीक्षा में चयनित होने पर अंजली पटेल और शुभम सिंह ठाकुर को माननीय मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया। सी.बी.एस.ई. बोर्ड परीक्षा 2026 कक्षा बारहवीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी छात्र, अभिभावक, गुरुजन, विद्यालय के समस्त कर्मचारी और परिसर में निवासरत परिवार के सभी सदस्य उपस्थित थे। विद्यालय प्रांगण की साज-सज्जा समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों एवं कंपनी के कर्मचारियों के सहयोग से की गई।  संचालन विद्यालय के उच्च कक्षा के विद्यार्थियों द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments