डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार को राजभाषा गौरव पुरस्कार..
दमोह। हिंदी दिवस के अवसर पर नवी मुंबई में आयोजित भव्य समारोह में डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार को प्रतिष्ठित राजभाषा गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह तथा गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किए गए इस राष्ट्रीय सम्मान को डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार की ओर से उनके दामाद सेतु प्रसाद सोनी ने ग्रहण किया।गरिमामय समारोह में महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे सहित अनेक मंत्रीगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार राजभाषा गौरव पुरस्कार प्राप्त करने वाले मध्यप्रदेश के अकेले चिकित्सक हैं। वे पिछले लगभग 35 वर्षों से चिकित्सा विज्ञान से संबंधित विषयों पर हिंदी में निरंतर लेखन कर रहे हैं। चिकित्सा विज्ञान संबंधी जनोपयोगी लेखन के लिए प्राप्त यह डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार का 15वां राष्ट्रीय पुरस्कार है। उनके तीन सम्मान देश के दो महामहिम राष्ट्रपतियों द्वारा भी प्रदान किए जा चुके हैं।डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार के पिछले 35 वर्षों में लगभग 45 पुस्तकें प्रतिष्ठित प्रकाशन संस्थानों से प्रकाशित हो चुकी हैं। इसके अलावा स्वास्थ्य एवं विज्ञान से संबंधित विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में उनके लगभग 1500 शोध एवं लेख प्रकाशित हुए हैं। उनकी कई पुस्तकें चिकित्सा क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी साबित हुई हैं।
मध्यप्रदेश हिंदी ग्रंथ अकादमी द्वारा प्रकाशित पैथोलॉजी विषय पर डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार की हिंदी पुस्तक को विद्यार्थियों एवं पाठकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। राजभाषा गौरव पुरस्कार के अलावा डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार को आर्यभट्ट विज्ञान भूषण एवं डॉ. मेघनाथ साहा पुरस्कार सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हो चुके हैं। मध्यप्रदेश राष्ट्रभाषा प्रचार समिति द्वारा भी उनके ग्रंथ को पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नवी मुंबई में राष्ट्रीय स्तर का सम्मान प्राप्त होने पर दमोह क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। डॉ. प्रेमचंद स्वर्णकार के मित्रों, शुभचिंतकों एवं परिचितों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। इस उपलब्धि से दमोह के साथ-साथ पूरे मध्यप्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।
जनसुनवाई में 241 आवेदनों पर हुई सुनवाई.. दमोह कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 व्यारमा में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आये आवेदकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान सामान्य जनसुनवाई में 241 आवेदनों पर सुनवाई करते हुये संबंधित अधिकारियों को समय.सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई में 12 आधार अपडेशन एवं 140 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जनसुनवाई के दौरान कुछ सामूहिक आवदेन भी दिए गए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी डिप्टी कलेक्टर संजय दुबे डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति डिप्टी कलेक्टर रानी अहिरवार लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
बटियागढ़ जनपद सदस्य उप चुनाव हेतु प्रेक्षक नियुक्त..दमोह। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेशानुसार दमोह जिले की जनपद पंचायत बटियागढ़ के जनपद सदस्य निर्वाचन क्षेत्र क्रमांक 02 के उप निर्वाचन 2026 ;पूर्वार्द्ध हेतु मप्र पंचायत निर्वाचन नियम में निहित प्रावधानों के तहत राप्रसे;सेवानिवृत्त श्री शरद कुमार श्रोत्रि मोबाइल नंबर 9827229515 को आयोग द्वारा प्रेक्षक नियुक्त किया गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश मोहन त्रिपाठी ने बताया प्रथम चरण हेतु 14 सितम्बर 2026 से 18 सितम्बर 2026 तक द्वितीय चरण 28 सितम्बर 2026 से 03 अक्टूबर 2026 तक जिला प्रवास के दौरान लाइजनिंग अधिकारी के रूप में शरद कुमार खरे उपयंत्री मोबाईल 8269487773 को पदाविहित किया गया है इसके साथ सहायक जिला आबकारी अधिकारी केशव प्रसाद गांधी को प्रेक्षक के व्यवस्था सहयोग हेतु पदाविहित किया गया है। यह आदेश तत्काल प्रभावशील किया गया।
वैश्य महासम्मेलन का संभागीय सम्मेलन 20 सितंबर को.. दमोह - वैश्य महासम्मेलन मध्यप्रदेश के संरक्षक उमाशंकर गुप्ता के निर्देशन एवं प्रदेश अध्यक्ष सुधीर अग्रवाल के आतिथ्य में दमोह के होटल विनयम में संभागीय सम्मेलन का आयोजन 20 सितंबर 2026 को किया जाएगा। सम्मेलन के दौरान दमोह जिले में निवासरत वैश्य समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया जाएगा। सम्मान के लिए कक्षा 12वीं में 95 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ ही पीएससी, नीट, क्लैट, सीए, जेई एडवांस एवं कैट में क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों को पात्र माना गया है।



0 Comments