Header Ads Widget

संविधान के अमृत महोत्सव पर सेमिनार.. णमोकार महामंत्र जाप का सामूहिक आयोजन.. महावीर जयंती पर भव्य शोभा यात्रा आज.. नपा कर्मचारी संघों की संयुक्त कामबंद हड़ताल 11 से.. खेलते समय छत से गिरने से मासूम की मौत..

 संविधान के अमृत महोत्सव पर एक दिवसीय सेमिनार 

दमोह। संविधान के अमृत महोत्सव पर "मेरा संविधान मेरा स्वाभिमान" विषय पर प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ़ एक्सीलेंस ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें राजनीति विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर कक्षाओं के विद्यार्थियों ने भाग लिया।प्राचार्य डॉ आलोक जैन ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्राचार्य डॉ आलोक जैन ने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वह नियमित रूप से महाविद्यालय में उपस्थित होकर न केवल अध्ययन करें बल्कि शासन के द्वारा उन्हें दी जा रही सुविधाओं का भी उपभोग करें। 
कार्यक्रम की प्रमुख वक्ता और संयोजक डॉ इन्दिरा जैन ने संविधान की मूल आत्मा उसकी भावना, उद्देश्य, उसके लक्ष्य, और उसमें किए गए नागरिक और व्यक्तियों के लिए प्रावधान पर विस्तृत चर्चा की उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान की प्रस्तावना की सबसे बड़ी खूबसूरती यह है कि उसमें हर नागरिक और व्यक्ति को प्रतिष्ठा और गरिमा के साथ जीने का अधिकार दिया है। उन्होंने कहा कि संविधान की प्रस्तावना की अंतिम पंक्ति में उल्लेखित तीन शब्द अंगीकृत अधिनियमित और आत्मअर्पित में से अंतिम शब्द आत्माअर्पित होना अभी बाकी है।  डॉ एन आर सुमन ने कहा कि संविधान अपरिपक्व नहीं परिपक्व सर्वोच्च विधान है। इसकी सफलता इसी बात में है कि आज तक हमारे देश में संविधान, विधि, विधान, शासन प्रशासन के खिलाफ कोई क्रांति नहीं हुई। संविधान के लचीलेपन ने सामाजिक परिवर्तन के अनुकूल हर चीज को समाहित किया है। शासकीय आदर्श महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डां कीर्ति काम दुबे ने कहा कि संविधान हमें अधिकार और कर्तव्य दोनों देता है पर हम जितने लालायित अधिकारों के लिए दिखाई देते हैं उतना ही कर्तव्यों के प्रति होना अनिवार्य है। 
संस्कृत के सहायक प्राध्यापक जितेन्द्र धाकड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि धर्मशास्त्र पहले आये संविधान बाद में पर संविधान में सभी धर्म ग्रन्थों, हमारी संस्कृति और सभ्यता को समाहित किया गया है।  धीरज जांनसन ने  चार आश्रमों की बात कही उन्होंने कहा कि मैं तो वानप्रस्थ की ओर हूं पर आप विद्यार्थी ब्रह्मचर्य में है  क्या आप अपने दायित्वों का निर्वाहन कर रहे हैं, यह चिंतन का विषय है। डॉ सिकंदर डुलगज ने कहा कि संविधान सिर्फ लोकतंत्र की ही नहीं हम सभी की आत्मा है। हमारी रक्त वाहिनी है संजीवनी है। संविधान सभा में अतिशय मंथन के बाद यह अम्रत देश को प्राप्त हुआ है। इस दौरान राजनीति विज्ञान विभाग के स्नातकोत्तर  कक्षाओं के विद्यार्थी निधि मिश्रा,सारिका पाठक, मोहिनी पटेल,अनुप्रिया सिंह राजपूत,हीरा अहिरवाल,प्रशांत पटेल, श्रेया सोनी,अनुराग पटेरिया,श्री राम अहीरवाल,दीपक चौधरी, निशांत मेहरा,अनमोल जैन, और शिवा पाठक ने भी भारतीय संविधान पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन डॉ अनिल जैन ने किया।
णमोकार महामंत्र जाप का सामूहिक आयोजन.. दमोह। विश्व णमोकार महामंत्र दिवस के अवसर पर श्री दिगंबर जैन सिंघई मंदिर दमोह में जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा दमोह के आह्वान पर  णमोकार महामंत्र जाप का आयोजन किया गया। उपस्थित सभी श्रावक श्राविकाओं ने णमोकार मंत्र का सामूहिक जाप करके सभी के स्वास्थ्य लाभ एवं विश्व में शांति हो, प्रत्येक प्राणी मात्र का कल्याण हो, इस भावनाओं के साथ पूरे वातावरण को प्रमुख कार्य की ध्वनि से गुंजायमान किया। 
इस अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन नई दिल्ली में समाज जनों के साथ णमोकारमंत्र महामंत्र का जाप किया। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी भोपाल में समाज जनों के बीच पहुंचकर णमोकार मंत्र का जाप किया एवं सभी समाज जनों को भगवान महावीर स्वामी के जन्म महोत्सव की शुभकामनाएं प्रेषित की।
महावीर जयंती पर भव्य शोभा यात्रा आज निकलेगी.. दमोह। भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याण महोत्सव के अवसर पर सकल जैन समाज के द्वारा भव्य शोभायात्रा 10 अप्रैल को सिटी नल से प्रातः 7:30 बजे प्रारंभ होगी। जो  पुराना थाना घंटाघर राय चौराहा होती हुई नसिया मंदिर जैन हाई स्कूल पहुंचेगी जहां पर श्री जी का अभिषेक शांति धारा एवं आरती एवं पूजन संपन्न होगी महोत्सव समिति के संयोजक महेश दिगंबर एवं मीडिया प्रभारी सुनील वेजीटेरियन ने बताया कि नसिया मंदिर में अभिषेक एवं पूजन उपरांत पुन शोभायात्रा राय चौराहा घंटाघर से धगट चौराहा चौधरी मंदिर बड़ा मंदिर से होती हुई सिटी नल पहुंचकर संपंन होगी शोभा यात्रा व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी जैन मिलन नगर शाखा को दी गई है  नगर के विभिन्न मंदिरों की समितियां जुलूस में झांकी के रूप में श्रीजी को पालना में झुलाकर अपने साथियों के साथ सम्मिलित होगी शोभायात्रा के मार्ग को तोरण द्वारों बैनर झंडा आदि से आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है घंटाघर पर भगवान महावीर की आदम कद स्टैचू के साथ विशेष रूप से सजाया गया है रात्रि में यहां विशेष लाइटिंग भी की गई है सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रातः काल सिटी नल पर  सिंघई धर्मशाला में एवं शोभायात्रा के पश्चात पारस पैलेस में अल्पाहार की व्यवस्था की गई है दिगंबर जैन पंचायत के अध्यक्ष सुधीर सिंघई ने सभी श्रद्धालुगनों से शोभायात्रा में परंपरागत वेशभूषा में सम्मिलित होने की अपील की है
नपा कर्मचारी संघों की संयुक्त कामबंद हड़ताल 11 से.. दमोह। नगर पालिका कर्मचारी संघों द्वारा काम बंद हड़ताल की जाएगी जिसमें सामान्य एवं सफाई कर्मचारी संघ के संयुक्त तत्वाधान में यह हड़ताल आयोजित होगी जिसको लेकर संघ के पदाधिकारियों ने एक ज्ञापन मुख्य नगर पालिका अधिकारी के नाम दिया। जानकारी देते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ अध्यक्ष राकेश जैन इकाई अध्यक्ष यशवंत सिंह मजदूर संघ अध्यक्ष सुनील करोसिया प्रभात (चंकी) कछवाहा प्रदेश महामंत्री मजदूर संघ ने जानकारी देते हुए बताया कि अपनी समस्याओं को लेकर 9 दिसंबर 2024 से हड़ताल की थी जो कि 10 दिसंबर तक चली थी जिसमें जिला प्रशासन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी के आश्वाशन के बाद हड़ताल को स्थगित कर दिया था परंतु आज दिनांक तक किसी भी समस्या या मांग का निराकरण नहीं हुआ न ही सकारत्मक जवाब दिया गया अब सभी कर्मचारी संयुक्त रूप से कल 11 अप्रैल से अपनी उचित मांगो को लेकर कामबंद हड़ताल पर जाएंगे जिसकी समस्त जवाबदेही जिला प्रशासन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी की होगी।
खेलते समय छत से गिरने से डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत 
दमोह।  बुधवार को तेन्दूखेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पिंडरई में सुबह 8 बजे एक डेढ़ साल का मासूम बच्चा खेलते खेलते छत से नीचे जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। जिस कारण पूरे परिवार में हड़कंप मच गया अपने डेढ़ साल के मासूम बच्चे की मौत पर मां बुरा हाल हो गया।
घटना के संबंध में मिली जानकारी अनुसार बुधवार की सुबह ग्राम पिंडरई में कुलदीप पिता बृजेश पाल का डेढ़ साल का मासूम सुबह सो कर उठा और खेलते खेलते छत पर आ गया और पता ही नहीं चला कब वह नीचे गिर गया और मौत के गाल में समा गया। जब तक मां उसके पास पहुंची तब तक उसकी मौत हो गई लेकिन परिजन मासूम को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे लेकिन डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी गई जहां पुलिस की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments