Header Ads Widget

रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 1500 की रसीद सुनते ही लौट रहे सैलानी.. कॉलेज चलो अभियान, बता रहे उच्च शिक्षा का महत्व.. राष्ट्र शौर्य समृद्धि 51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ भूमिपूजन.. डॉ जैन की पुण्यतिथि पर फल वितरण.. राष्ट्रीय निर्भया दिवस सम्पन्न..

रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में 1500 की रसीद सुनते ही लौट रहे सैलानी.. सिंग्रामपुर रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक, धार्मिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को देखने दूर-दराज से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, लेकिन प्रवेश शुल्क और नियमों की जानकारी मौके पर मिलने के बाद अधिकांश सैलानी निराश होकर वापस लौट रहे हैं। पर्यटकों के अनुसार, टाइगर रिजर्व क्षेत्र में केवल फोर व्हीलर वाहनों को ही प्रवेश की अनुमति है, वह भी अधिकतम छह लोगों के लिए, जिसके लिए 1500 का शुल्क निर्धारित किया गया है। जैसे ही पर्यटकों को इस शुल्क की जानकारी मिलती है, वे निदान वॉटरफॉल बैरियल से सिंगोरगढ़ बैरियल से ही लौटने को मजबूर हो रहे हैं।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, प्रतिदिन करीब 25 से 50 वाहन केवल प्रवेश शुल्क अधिक होने और नियमों की पूर्व जानकारी नहीं मिलने के कारण वापस लौट रहे हैं। इससे टाइगर रिजर्व में पर्यटकों की संख्या में लगातार कमी देखी जा रही है। पर्यटकों का कहना है कि जबलपुर, कटनी, दमोह सहित आसपास के जिलों से लोग परिवार के साथ घूमने के उद्देश्य से यहां पहुंचते हैं, लेकिन हाईवे या प्रवेश स्थलों पर किसी भी प्रकार का सूचना पटल न होने के कारण उन्हें टिकट दरों और नियमों की जानकारी पहले से नहीं मिल पाती, जिससे नाराजगी बढ़ रही है।
जबलपुर से आए पर्यटक दीपक ने बताया कि वह परिवार के साथ निदान वॉटरफॉल और सिंगोरगढ़ घूमने पहुंचे थे। वहां पहुंचने पर पता चला कि केवल फोर व्हीलर को ही प्रवेश मिलेगा, वह भी 1500 शुल्क के साथ। टू-व्हीलर और पैदल प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने बताया कि न तो कहीं जानकारी उपलब्ध थी और न ही पर्यटकों के लिए पानी या अन्य बुनियादी सुविधाएं मौजूद हैं। शुल्क भी काफी महंगा है, जिसके चलते कई लोग लौट चुके हैं।
इसी तरह जबलपुर के ही सैलानी गौरव सोनी ने बताया कि उनके साथ कुछ लोग टू-व्हीलर से आए थे, लेकिन प्रवेश से मना कर दिया गया। फोर व्हीलर का 1500 शुल्क आम पर्यटकों के लिए भारी पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि हाईवे और प्रवेश स्थलों पर सूचना पोर्टल लगाए जाएं, ताकि पर्यटक पहले से जानकारी प्राप्त कर सकें।
पर्यटकों का यह भी कहना है कि 25 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच हर वर्ष बड़ी संख्या में सैलानी रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों पर पहुंचते थे, लेकिन नए नियम और शुल्क लागू होने के बाद आने वाले समय में पर्यटकों की संख्या में भारी गिरावट आने की आशंका है।
इस संबंध में टाइगर रिजर्व के डिप्टी रेंजर लईक खान ने बताया कि सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रिजर्व क्षेत्र में केवल फोर व्हीलर वाहनों को ही अनुमति दी गई है। एक वाहन में अधिकतम छह लोग जा सकते हैं और प्रवेश शुल्क 1500 निर्धारित है। पैदल और टू-व्हीलर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है।रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व के नए नियम पर्यटकों के लिए परेशानी का कारण बनते नजर आ रहे हैं। पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शुल्क और नियमों की जानकारी पहले से सार्वजनिक की जाए तथा बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जाए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके।
कॉलेज चलो अभियान में छात्रो को बता रहे उच्च शिक्षा का महत्व.. हटा श्री राघवेंद्र सिंह हजारी शासकीय महाविद्यालय हटा द्वारा 'कॉलेज चलो अभियान' के अंतर्गत हटा क्षेत्रातर्गत आने वाले उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों का भ्रमण कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को विधिक जानकारी प्रदान की जा रही है।
कॉलेज चलो अभियान की उनकी नोडल अधिकारी श्रीमती आशा राठौर एवं महाविद्यालय के अन्य अधिकारियों द्वारा शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटा, शासकीय नवीन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटा, शासकीय सांदीपनि उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटा, शासकीय मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हटा का भ्रमण कर कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापक श्रीमती आशा,डॉ० राहुल चौधरी, श्रीमती ममता सोनी, डॉ० ज्योति सेन एवं अन्य महाविद्यालयीन अधिकारियों द्वारा महाविद्यालय की ई-प्रवेश प्रक्रिया,राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, विविध छात्रवृत्ति योजनाओं, करियर मार्गदर्शन, खेलकूद गतिविधियों, राष्ट्रीय सेवा योजना, सांस्कृतिक गतिविधियों, कौशल आधारित पाठ्यक्रमों, स्वयं पोर्टल के माध्यम से अध्ययन आदि विविध सुविधाओं के बारे  महत्त्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।
कक्षा 12वीं के पश्चात सभी विद्यार्थी महाविद्यालयों में प्रवेश ले, इस हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही बोर्ड परीक्षा में सफलता के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की। सभी बच्चों ने अत्यंत ध्यान पूर्वक सभी बातों को सुना एवं प्रश्न पूछ  पूछे, जिनका समाधान किया गया। महाविद्यालय द्वारा प्रदान की जाने वाली सारी सुविधाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य श्री मुकेश कुमार अहिरवाल के मार्गदर्शन एवं सभी विद्यालयों के प्राचार्यो के सहयोग से 'कॉलेज चलो अभियान' सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। इस अभियान में महा विद्यालय के छात्र विपिन प्यासी, केशवेन्द्र कुशवाहा, सत्यम दहिया आदि निरंतर सहयोग कर रहे हैं।
राष्ट्र शौर्य समृद्धि  51 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ नोहटा का भूमिपूजन संपन्न.. नोहटा तहसील प्रांगण में आगामी 6 से 9 जनवरी 2026 तक आयोजित होने वाले 51 कुंडीय गायत्री  महायज्ञ का भूमिपूजन महंत श्री भास्करानंद जी की विशिष्ठ उपस्थिति में  संपन्न हुआ। भूमिपूजन कार्यक्रम का संचालन और पूजन का कर्मकांड पंडित दिनेश दुबे द्वारा कराया गया।
वरिष्ठ गायत्री परिजन डॉ सी एल नेमा ने भूमिपूजन का महत्व बताते हुए कहा कि वैसे तो भूमि के कण कण में शंकर जी की मान्यता सनातन संस्कृति में है, फिर भी जिस जगह यज्ञ होता है वहां की भूमि को पुनः संस्कारित करने धरती माता से पूजन करते हुए प्रार्थना की जाती है कि माता आपकी गोद में तो हम सब है ही, आप इस यज्ञ को भी अपनी पवित्र गोद में दिव्यता एवं भव्यता से संपन्न कराइए।
महंत श्री भास्करानंद जी ने गायत्री परिवार के कार्यों की भूरी भूरी प्रशंसा करते हुए कहा कि गायत्री परिवार के लोग वास्तव में मानवता की ही सेवा करके राष्ट्र जागरण का कार्य कर रहे है। जिला समन्वयक बी पी गर्ग ने भी भूमि पूजन के महत्व पर अपनी बात रखी। कार्यक्रम में हिंडोरिया से श्रीमती राजकुमारी सिंह, तेंदूखेड़ा से डॉ जे पी खरे, दमोह से पंकज हर्ष श्रीवास्तव, अर्जुनलाल पटेल सहित जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। आभार प्रदर्शन भावसिंह लोधी द्वारा व्यक्त किया गया। 
जबेरा में डॉ जैन की पुण्यतिथि पर फल वितरण कार्यक्रम.. जबेरा नगर के प्रतिष्ठित डॉक्टर स्व. हुकमचंद जैन की प्रथम पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में उनके पुत्र डॉ संजय जैन व पुत्रवधू शालिनी जैन सहित ग्रामवासियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर फल वितरण का कार्यक्रम किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को फल वितरित किए गए। कार्यक्रम में बीएमओ डॉक्टर डीके राय, पंडित गोविंद तिवारी, रविशंकर बाजपेई,मोंटू बाजपेई, जैन समाज के अध्यक्ष अनिल चौधरी, डॉ मनोज जैन, सुधीर सत्कार, राजा जैन, मयंक जैन, अशोक आर्य,जगन्नाथ झारिया की उपस्थिति रही।
इसके उपरांत दोपहर में डॉ संजय जैन के प्रयासों से सेल्वी हॉस्पिटल के द्वारा जैन धर्मशाला में निःशुल्क परामर्श जांच शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें निःशुल्क बीएमडी,बीपी,शुगर, ईसीजी की जांच की गई। जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपस्थिति में जांच की गई। जांच के उपरांत मरीजों को दवाइयां भी निः शुल्क वितरित की गई।
शिविर में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति पर्यटन राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के पिता भाव सिंह लोधी ने दीप प्रज्वलित कर शिविर का शुभारंभ किया। इसके उपरांत उन्होंने स्वयं भी जांच करवाते हुए शिविर का लाभ लिया। शिविर में करीब 120 लोगों ने अपनी जांच करवाई व उन्हें निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गई।
हिण्डोरिया मे राष्ट्रीय निर्भया दिवस सम्पन्न.. हिण्डोरिया। बाल विवाह के विरुद्ध भारत सरकार के भारत देश मे संचालित 100 दिवसीय अभियान के अन्तर्गत संकल्प समाज सेवी संस्था दमोह के व्दारा एक्सिस टू जस्टिस परियोजना के तहत स्थानीय कुमुद करमरकर इंग्लिश मीडियम स्कूल में राष्ट्रीय निर्भया दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि टीआई धर्मेन्द्र उपाध्याय विशिष्ट अतिथि प्रेम नारायण प्यासी, संस्था के जिला समन्वयक देवेन्द्र दुबे, संदीप जोशी मौजूद रहे। कार्यक्रम का आयोजन एवं संचालन संस्था के कार्यकर्ता सुजात खान ने किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों व्दारा मां सरस्वती जी, महात्मा गॉंधी जी, बाबा साहेब डॉ भीमराव अम्बेडकर जी के चित्र पर माल्यार्पण करते हुये गुलाल लगाकर स्व. बेटी निर्भया को श्रृध्दांजलि अर्पित कर की गई। साथ ही बाल विवाह के विरुद्ध सामुहिक शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर किशोरी शक्ति दल एवं शाला की बच्चियों के व्दारा निर्भया दिवस पर गीत एवं भाषण प्रस्तुत किये गये। टीआई धर्मेन्द्र उपाध्याय ने निर्भया के जीवन, संघर्ष एवं इसके बाद हुये संशोधित बाल अपराध-महिला हिंसा रोकथाम कानून, साईबर क्राईम, यातायात नियमों, बाल अपराधों आदि पर विस्तार से प्रकाश डाला। श्री उपाध्याय ने कहा कि महिला हिंसा एवं बाल अपराधों को रोकने पुलिस हमेशा आप सभी के साथ खडी़ है। देवेन्द्र दुबे ने संस्था के बाल अधिकारों, बाल अपराध रोकथाम एवं बाल विवाह रोकने जारी अभियान तथा बाल संरक्षण के लिये जारी संस्था के प्रयासों पर रोशनी डाली। और कहा कि हम सबको मिलकर वर्ष 2030 तक दमोह जिला सहित पूरे देश को बाल विवाह मुक्त बनाने संकल्पित होना है।
निर्भया दिवस पर प्रेम नारायण प्यासी, संदीप जोशी आदि ने भी प्रकाश डाला। इस मौके पर टीआई धर्मेन्द्र उपाध्याय, नगर सेवा समिति, कुमुद करमरकर इंग्लिश मीडियम स्कूल प्रमुखों के अलावा किशोरी शक्ति दल की साक्षी अग्रवाल, तान्या बाल्मिक, अंबिका सिंह, अभिनव वर्मा, सौम्या ठाकुर, जानबी साहू, साहिबा खान, सीमा ठाकुर, रागिनी राजपूत आदि को भी संस्था की ओर से सम्मानित किया गया। आयोजन में बीरेन्द्र दुबे, संदीप बौद्ध, नरेश साहू, शुभम सिहं राजपूत के अलावा शाला के शिक्षक गण अजय ठाकुर, रजनी ठाकुर, रीता चौरसिया, उमा वर्मा, सानिया अग्रवाल, भारती चौरसिया ,पुष्पा नामदेव, रेखा ठाकुर, दुर्गेश्वरी चौधरी, आरिफा खान, निज अख्तर, जमुना ठाकुर सोना चौरसिया, प्राची साहू आदि का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के अंत मे आभार प्रदर्शन वाला प्रमुख संदीप जोशी व्दारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments