Header Ads Widget

वर्षों से उपेक्षित भदोली बावड़ी का कायाकल्प.. निशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 300 मरीजों की जांच..17 दिवसीय बुंदेली महोत्सव का समापन.. स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के रिटायरमेंट पर विदाई.. राजनगर वाई पास चौराहा पर कथा आज से..

 वर्षों से उपेक्षित भदोली बावड़ी का कायाकल्प

दमोह। कौन कहता है आसमान में सुराख नहीं हो सकता, एक पत्थर तो तबियत से उछालो यारो. यह प्रसिद्ध पंक्तियाँ आधुनिक हिंदी गजल के प्रसिद्ध रचनाकार दुष्यन्त कुमार द्वारा रचित हैं, जो दृढ निश्चय और कड़ी मेहनत का संदेश देती हैं. और ये पंक्तियां सटीक बैठती हैं स्वच्छता के ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल और उनकी टीम उम्मीद पर जिन्होनें अपने 13 वे सप्ताहिक स्वच्छता अभियान मे शहर से ग्रामीण क्षेत्र की ओर से स्वच्छता की पहल करते हुए दृढनिश्चय और मेहनत से ग्राम भदोली की लगभग 300/400 वर्ष पुरानी, वर्षों से उपेक्षित पड़ी बावड़ी को जीवंत कर दिया।
इस प्राचीन धरोहर रुपी बावड़ी के बारे में बुजुर्गो द्वारा बताया जाता रहा है कि अगर यहां किसी के यहा भंडारे के समय घी कम पड़ जाता था तो इस बावड़ी का पानी डालकर खाना बना लिया जाता था. लेकिन कई वर्षों से इस पर किसी ने भी ध्यान नहीं दिया और साल दर साल ये बारिश में जर्जर हालत में होती रही और अब विलुप्त होने की कगार पर खड़ी थी, लेकिन दमोह के मेहनतकश युवा हरीश पटेल की नज़र इस पर पड़ी और शनिवार शाम महज़ 1 घंटे बावड़ी के समीप बैठ कर इसे पुनर्जीवित करने का संकल्प उन्होनें ले लिया. हरीश ने तुरंत दमोह कलेक्टर से त्वरित बात कर अपना रविवार का स्वच्छता अभियान बावड़ी के पुनर्जीवन को समर्पित कर दिया. कलेक्टर सुधीर कोचर ने भी पूरी बात सुनकर तुरंत अपनी सहमति दी और स्वयं स्वच्छता अभियान की इस पहल में शामिल होकर टीम उम्मीद का उत्साह बढ़ाते हुए बावड़ी को यथासम्भव प्रशासन की ओर से जीर्णोद्धार का भरोसा दिया.
टीम उम्मीद के स्वच्छता अभियान में भदौली गांव के सरपंच सहित यहा के गांव वासियों ने श्रमदान में 2 घंटे से अधिक का समय देकर बावड़ी को साफ सुथरा किया. गांव वासियों ने भी टीम उम्मीद की तारीफ करते हुए कहा कि इस बावड़ी को ठीक करने के वादे अश्वासन तो बड़े-बड़े लोगों ने दिए लेकिन फिर कोई लौटकर कभी नहीं आया।
लेकिन ऐसा नहीं हुआ वो सुबह पूरी तैयारी के साथ अपनी टीम उम्मीद कलेक्टर के साथ आए और बावड़ी का कायाकल्प कर दिया। कलेक्टर सुधीर कोचर ने कहा कि इस बावड़ी को हम पूर्णतया सुरक्षित करेंगे पहले भी हम बांदकपुर की बावड़ी को संरक्षित कर चुके हैं इसके भी पुराने सौंदर्य को, पुराने वैभव को हम पुन: लौटाएंगे और अगले दो-तीन महींने में ये ऐतिहासिक धरोहर एक नए रूप में नजर आएगी।  इस अभियान में टीम उम्मीद के हरीश पटेल के नेतृत्व में राकेश राठौर शिवम सोनी मनोज गुप्ता जितेंद्र अहिरवाल माधव पटेल नैना तिवारी डाली कटारे ब्रजेश सेन सुमित और जन अभियान परिषद के जिला समन्व्यक सुशील नामदेव सहित सभी ग्रामवासी शामिल रहे।
निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 300 मरीजों की जांच
दमोह। शैल्बी हास्पिटल जबलपुर एवं युवक क्रांति संगठन सम्यक हैल्थ केयर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर स्थानीय प्यासी मंदिर कॉम्पलेक्स में आयोजित किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री एवं विधायक जयंत कुमार मलैया पूर्व विधायक अजय टंडन, कार्यपालन यंत्री लोनिवि अनिल अठ्या, एडवोकेट भगवती श्रीवास्तव, संजय जैन नीलम प्रो श्रीमति किरण अठ्या, जिला संयोजिका प्रो. श्रीमति किरण गोस्वामी, जिला कार्याध्यक्ष श्रीमति प्रीति गौतम के आतिथ्य में प्रसिद्ध जॉॅइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ.विक्रम शाह की टीम के विशेषज्ञ डॉं विकास सावला (हडडी एवं जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ एवं डिपार्टमेंट ऑफ न्यूरोसर्जरी डॉ.एस.के शेरेकर,डॉ. संजय जैन जबलपुर ने शिविर में आए मरीजों की जांच कर परामर्श दिया।
संयोजक सुधीर विद्यार्थी,ने युवक क्रांति संगठन द्वारा आयोजित होने वाले विभिन्न सामजिक,रचनात्मक कार्यो की जानकारी दी। संयोजक डा.अकलेश जैन ने फिजियोथेरपी के साथ शिविर में लगभग 300 मरीजों ने उपचार कराते हुए डॉक्टरों का लाभ लिया। डॉ. केदार नाथ शर्मा ने शिविर में दी जाने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लेने के साथ जीवन में निरोग रहने के लिए योग एवं खान-पान पर विशेष ध्यान रखने की बात की। जबलपुर से पधारें डॉ. विकास सावला ने हडडी एवं जोड़ प्रत्यारोपण पर विशेष रूप से जानकारी देते हुए  बताया कि दमोह के अधिकांश मरीजों के घुटने तथा कूल्हें का सफल आप्रेेशन जबलपुर में हुए। डिपार्टमेंट ऑफ न्यूरोसर्जरी डॉ.एस.के शेरेकर न्यूरो से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम में संगठन अध्यक्ष दिनेश प्यासी महामंत्री मनोज जैन अकरम खान, महिला शाखा से श्रीमति नेहा बजाज, श्रीमति रेखा सिंघई, प्रो.किरण गोस्वामी, प्रीति गौतम श्रीमति अंतिम सराफ, श्रीमति मधुवाला, वंदना जैन, सुरभि जैन, श्रीमति दीप्ति जैन, नीलू जैन,आदि ने अतिथियों को औषधि पौधे सहित गमलें भेंट कर स्वागत किया।शिविर में प्रमुखतः डॉ.राहुल राजपूत, डॉ.सुधीर, डॉ.शिवानी, कु.राधा कु.रिंकी, कु.अंजली, हिना, मुकेश, जषवंत ,बंटी का सहयोग सराहनीय रहा। आभार कोषाध्यक्ष सौरभ विद्यार्थी ने माना।         
17 दिवसीय बुंदेली महोत्सव का भव्य समापन
दमोह
बुंदेली संस्कृति, लोककला और परंपराओं को सहेजने के उद्देश्य से बुंदेली गौरव न्यास द्वारा आयोजित 17 दिवसीय बुंदेली दमोह महोत्सव का समापन गरिमामय और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ। अंतिम दिन महोत्सव में प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सहयोगियों का सम्मान किया गया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। महोत्सव के समापन से एक दिन पूर्व रात्रि 10ः30 बजे तक बुंदेलखंड की प्रसिद्ध लोकगायिका कविता शर्मा ने अपनी शानदार प्रस्तुति देकर पूरे मेले के माहौल को संगीतमय बना दिया।
लगभग दो घंटे तक चली प्रस्तुति में कविता शर्मा के बुंदेली गीतों पर दर्शक झूमते-नाचते नजर आए। उनकी सुमधुर आवाज और पारंपरिक गीतों ने बुंदेली संस्कृति की गहराई को मंच पर जीवंत कर दिया। वहीं महोत्सव के अंतिम दिन स्थानीय ऑर्केस्ट्रा टीम द्वारा प्रस्तुत किए गए लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संगीत, ताल और उत्साह से भरे इस कार्यक्रम ने महोत्सव को यादगार बना दिया।
इस अवसर पर बुंदेली गौरव न्यास के पदाधिकारियों ने महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। न्यास के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज के सहयोग से ही ऐसे सांस्कृतिक आयोजन संभव हो पाते हैं और भविष्य में भी इसी तरह के सहयोग की अपेक्षा की जाती है। उल्लेखनीय है कि 17 दिनों तक चले इस महोत्सव में बुंदेली लोकसंस्कृति, गीत-संगीत, कला और सामाजिक समरसता की सुंदर झलक देखने को मिली, जिसने न केवल दमोह बल्कि आसपास के क्षेत्रों से आए दर्शकों को भी बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत से जोड़ा।
स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के रिटायरमेंट पर विदाई 
दमोह। दमोह जिले के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत हटा क्षेत्र में पदस्थ श्रीमती रीता अठया एवं संपत चौहान का महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता के पद से 31 जनवरी 2026 की अधिवर्षिकी पूर्ण होने पर सेवानिवृत्ति समारोह भव्य रूप से मनाया गया।
सेवानिवृत्ति के अवसर पर  बीएमओ उमाशंकर पटेल, डी एच ओ डॉक्टर रीता चटर्जी, मध्य प्रदेश शिक्षक कांग्रेस जिला अध्यक्ष अमित सिंह अठया, श्रीमती हेमलता अठया स्टाफ नर्स सागर, ब्लॉक कर्मचारी संघ अध्यक्ष बिनी लाल,भी आर अठया, दुर्गा ऋषिकेश अठया ,प्रीति तिवारी,कामना कुशवाहा,सायरा बानो, सोफिया बेगम स्टाफ नर्स, डॉक्टर वीरेंद्र अग्रवाल, एवं   समस्त बीएमओ नर्सिंग स्टाफ, कंप्यूटर ऑपरेटर स्टाफ आशा कार्यकर्ता ,स्टाफ आशा सहयोगी स्टाफसभी कर्मचारी अधिकारियों की उपस्थिति रही।
कलश यात्रा के साथ श्रीमद् भागवत कथा आज से
दमोह।
श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन राजनगर वाईपास पटैल चौराहा पर किया जा रहा है जिसमें आज 2 फरवरी सोमवार को कलश यात्रा दोपहर 12 बजे से बाईपास चौराहा मराहार से कंकाली मंदिर मानस पाठ तक निकाली जाएगी, मंगलवार को भक्ति ज्ञान वैराग्य एवं धुंधकारी चरित्र, बुधवार को महाभारत चरित्र, पारिक्षित जन्म प्रहलाद चरित्र, गुरूवार को राम जन्म एवं कृष्ण जन्म महोत्सव, शुक्रवार को बाल लीलाएं, माखन चोर, छप्पन भोज शनिवार को कंश वध, कृष्ण रूकमणी विवाह रविवार को सुदामा चरित्र पारिक्षित मोक्ष शुक्रदेव गमन एवं 9 फरवरी सोमवार को हवन, भंडारा एवं गंता समारोह का आयोजन किया जाएगा।
कथा व्यास परमश्रद्वेय पं.श्री कमलेश्वरानंद जी महाराज होगें जिनके प्रवचन दोपहर 02ः30 बजे से प्रारंभ होगें। कथा श्रोता हरिशचंद पटेल एवं सोना बाई पटेल ने देवी प्रसाद, नर्मदा बाई, ओमप्रकाश, वंदना, दिनेश बबली, सुरेन्द्र, पूजा, साक्षी, बबीता, दिव्या, गरिमा एवं समस्त पटेल परिवार ने कथा में समस्त ग्रामवासियों से शामिल होने की अपील की हैं।

Post a Comment

0 Comments