Header Ads Widget

लीनेस मैत्री क्लब की ‘वृज की होली’ ने बिखेरी खुशियाँ.. महिला उत्थान मंडल ने बापू की रिहाई हेतु ज्ञापन सौपा..पथरिया कालेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस.. मायसम सीमेंट ने स्कूल का कायाकल्प कराया.. विद्युत मंडल में लाईनमैनो का सम्मान..

लीनेस मैत्री क्लब की ‘वृज की होली’ ने बिखेरी खुशियाँ

दमोह। लीनेस मैत्री क्लब दमोह द्वारा होली के पावन पर्व पर “वृज की होली” उत्सव का आयोजन बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर क्लब की सभी सदस्याएँ पारंपरिक वेशभूषा में सुसज्जित होकर शामिल हुईं, जिससे पूरे कार्यक्रम में वृंदावन की होली की मनमोहक झलक देखने को मिली। रंग, संगीत, नृत्य और हास्य-परिहास से भरपूर इस आयोजन ने सभी को होली की सांस्कृतिक परंपरा से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम की शुरुआत होली के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई।

वक्ताओं ने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और आपसी सौहार्द का प्रतीक है। यह त्योहार हमें जीवन में मौजूद मनमुटाव और नकारात्मकता को भुलाकर रिश्तों को प्रेम और अपनत्व के रंगों से मजबूत बनाने का संदेश देता है। सदस्यों ने बताया कि जैसे रंगों की विविधता जीवन को सुंदर बनाती है, वैसे ही अलग-अलग विचारों और स्वभाव वाले लोगों के साथ प्रेमपूर्वक रहना ही सच्ची खुशी है। इस दौरान होली के पौराणिक महत्व पर भी चर्चा की गई और इसे बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक बताया गया। आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सदस्याओं ने सभी को प्रेरित किया कि होली पर रासायनिक रंगों के बजाय प्राकृतिक और हर्बल रंगों का उपयोग करें, पानी की अनावश्यक बर्बादी से बचें और प्रकृति की सुरक्षा का संकल्प लें, ताकि त्योहार की खुशियों के साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रह सके।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण “यादों की होली” रहा, जिसमें क्लब की सदस्याओं ने अपने बचपन और जीवन से जुड़े होली के मजेदार और दिलचस्प किस्से साझा किए। किसी ने बचपन की शरारतें सुनाईं तो किसी ने परिवार और दोस्तों के साथ मनाई गई यादगार होली की बातें साझा कीं। इन यादों को सुनकर सभी के चेहरे पर मुस्कान खिल उठी और पूरा माहौल ठहाकों से गूंज उठा। इस अवसर पर पारंपरिक होली गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों ने उत्सव में और भी रंग भर दिए। सभी सदस्याओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएँ दीं और प्रेम, एकता तथा खुशियों का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने यह संकल्प लिया कि होली के इस पावन पर्व को जीवन में प्रेम, सकारात्मकता और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ मनाया जाएगा। हँसी-खुशी, अपनत्व और उल्लास से भरे इस आयोजन ने सभी के दिलों में होली की मधुर यादें और भी गहरी करी।

महिला उत्थान मंडल द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर दिया ज्ञापन
दमोह
। विश्व महिला दिवस निमित्त महिला उत्थान मंडल दमोह द्वारा संत श्री आशारामजी बापूजी की शीघ्र स्थायी रिहाई और अहमदाबाद (मोटेरा) आश्रम की पवित्र भूमि की रक्षा के लिए महिला उत्थान मंडल द्वारा हाल ही में देश भर में ज्ञापन सौंपे गए इसी श्रृंखला में दमोह में भी महिला उत्थान मंडल द्वारा कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन दिया गया।
महिला उत्थान मंडल की सदस्य मांग कर रही हैं कि संत श्री आशारामजी बापू को सम्मानपूर्वक रिहा किया जाए और मोटेरा, अहमदाबाद स्थित आश्रम की जमीन का अधिग्रहण न किया जाए, उसे यथावत रखा जाए। महिलाओं ने जिला कलेक्टरों के माध्यम से भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री (गुजरात) और राज्यपाल (गुजरात) के नाम ज्ञापन सौंपे हैं। मंडल की महिलाओं का कहना है कि बापूजी निर्दोष हैं और पिछले 13 वर्षों से उनके साथ अन्याय हो रहा है, इसलिए उन्हें शीघ्र न्याय मिलना चाहिए। एक झूठे आरोप के चलते आखिर एक निर्दोष वयोवृद्ध संत जिनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं है और जिन्होंने संस्कृति की रक्षा के लिए अपना सारा जीवन लगा दिया जिनकी प्रेरणा से अनेकों सेवाकार्य आज भी उनके शिष्यों द्वारा चलाए जा रहे है जैसे 25 दिसम्बर तुलसी पूजन दिवस, 14 फरवरी मातृ-पितृ पूजन दिवस, तुलसी पौधे वितरण, जल, शरबत, कम्बल, आदि जरूरत की चीजों का वितरण, गौ सेवा,भंडारे आदि संस्कृति रक्षा के कार्य पूरे देशभर में चलाए जाते है।

 जिनका अहमदाबाद (मोटेरा) आश्रम द्वारा ही सारे देश ,विदेश के आश्रमों का संचालन होता है उसकी भी रक्षा हो उसे यथावत रहने दिया जाए एवं संत श्री आशारामजी बापू की शीघ्र व सम्मान पूर्वक स्थायी रिहाई हो एवं महिलाओं की सुरक्षा हेतु बनाए गए कानूनों को रोकने हेतु प्रभाव शाली नीति बनाकर क्रियान्वित करवाए इससे लोकतंत्रों के स्तंभों के प्रति हमारा और देश की जनता का विश्वास भी सुदृढ़ होगा महिला उत्थान मंडल से मालती वाजपेयी, किरन ठाकुर, कविता चंदानी, महक कुंदनानी, बानी कुंदनानी, भावना छत्तानी, दिव्या  वासवानी, लक्ष्मी छत्तानी, श्री योग वेदांत सेवा समिति से भरत कुंदनानी, लालचंद नोतानी, मनोज वासवानी, दिनेश छत्तानी, दीपेश कुंदनानी आदि उपस्थित रहे।

माधवराव सप्रे कालेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया
दमोह।
 माधवराव सप्रे शासकीय महाविद्यालय पथरिया में गुरुवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉक्टर विनय कुमार वर्मा एवं आमंत्रित अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रारंभ में कार्यक्रम प्रभारी डॉक्टर चिन्मय सेन द्वारा कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की गई। तत्पश्चात प्रोफेसर डॉक्टर रितु यादव, प्राध्यापक रसायन शास्त्र डॉक्टर हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय सागर द्वारा, विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका विषय पर व्याख्यान प्रस्तुत किया।
शासकीय महाविद्यालय खिमलासा से आमंत्रित डॉक्टर विकास कुमार द्वारा विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर व्याख्यान प्रस्तुत किया गया। राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अंतर्गत साप्ताहिक कार्यक्रम के अंतर्गत गत दिनांकों में सम्पन्न हुई पोस्टर, वाद-विवाद, रंगोली,निबंध लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण किया गया । जिसमें नम्रता सोनी, रूपाली कुर्मी, अनन्या सोनी प्रतीक्षा जैन, अंशुल राठौर एवं नीरज अहिरवार एवं अन्य सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम प्रशासनिक अधिकारी डॉक्टर गजेंद्र नामदेव डा. संध्या शर्मा, डॉ. देवेश अहिरवार, डॉ जगदीश अहिरवार डॉक्टर सुधीर साहू, डॉ प्रियंका राजपूत, श्री आशुतोष दीक्षित, श्री राहुल कुर्मी, श्री ललित ताम्रकार, डॉ अरविंद यादव, सहित महाविद्यालय की समस्त शैक्षिक अशैक्षणिक स्टाफ विद्यार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ। संचालन डॉक्टर हरिओम सोनी द्वारा किया गया।
मायसम सीमेंट ने जगथर स्कूल का कायाकल्प कराया
दमोह। शिक्षा और क्षेत्रीय विकास के प्रति अपनी सामाजिक जिम्मेदारी (CSR) को निभाते हुए, हीडलबर्ग मैटेरियल्स (मायसम सीमेंट इंडिया लिमिटेड) नरसिंहगढ़ यूनिट द्वारा ग्राम जगथर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के जीर्णोद्धार का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। कंपनी के सीएसआर फंड के माध्यम से विद्यालय का पूरी तरह से कायाकल्प किया गया है। जीर्णोद्धार के तहत स्कूल भवन की मरम्मत, आधुनिक टाइल्स के साथ सुरक्षित पहुंच मार्ग (Pathway), और दीवारों का आकर्षक रंग-रोगन किया गया है। इन कार्यों से न केवल स्कूल का वातावरण बेहतर हुआ है, बल्कि छात्रों के लिए सुरक्षित और प्रेरणादायक शैक्षणिक माहौल भी तैयार हुआ है।
उल्लेखनीय है कि मायसम सीमेंट कंपनी द्वारा दमोह क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ चिकित्सा, बुनियादी ढांचा और महिला उत्थान के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। कंपनी प्रबंधन का मानना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करना ही क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कुंजी है।

विद्युत मंडल में लाईनमैनो को सम्मानित किया गया
दमोह।  म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि. दमोह दक्षिण संभाग में लाईनमेन दिवस का आयोजन किया गया जिसमें मैदानी क्षेत्र में अच्छा कार्य करने वाले लाईनमेनों को कार्यक्रम में सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री एम. एल. साहू, कार्यपालन अभियंता द्वारा की गई जिसके मुख्य अतिथि अधीक्षण अभियंता श्रीअमित चौहान रहे। अधीक्षण अभियंता द्वारा समस्त लाईनमेन को लाईनमेन दिवस की शुभकामनायें दी गई एवं विधुत सुरक्षा संबंधी शपथ दिलवाई गई।

साथ ही प्रबंध संचालक महोदय का लाईनमेन दिवस का संदेश सुनाया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ लाईनमेन, कनई पटेल, आबिद खान, सोनेलाल राय, भगवानदास पटेल ने अपने पूर्व के अनुभवों को समस्त लाईनमेनों के साथ साझा किया तथा कंपनी के हित में कार्य करने एवं उपभोक्ताओं से विनम्र भाषा में बात कर राजस्व संग्रहण की वसूली करने संबंधी अनुभवों को भी साझा किया। कार्यक्रम में अधीक्षण अभियंता (संचा./संधा), दमोह वृृत्त, कार्यपालन अभियंता (संचा/संधा) दमोह दक्षिण संभाग, के साथ-साथ श्री राघवेन्द्र इड़ापाची, सहायक अभियंता दमोह शहर, सुश्री शिवानी गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता, श्रीमति पूजा खोबरोगढे, कनिष्ठ अभियंता, श्री राजेश बियार, कनिष्ठ अभियंता भी उपस्थित रहें।

Post a Comment

0 Comments