Header Ads Widget

गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा.. भगवानों की दिव्य आगवानी से गूंजा सिंग्रामपुर.. नई बेदी पर होगा प्रतिमा प्रतिष्ठा महोत्सव..

 गाजे-बाजे के साथ निकली भव्य शोभायात्रा

दमोह। गुरुवार का दिन सिंग्रामपुर के लिए अत्यंत शुभ और ऐतिहासिक बन गया, जब नए जैन मंदिर में स्थापित होने वाली भगवानों की प्रतिमाएं जयपुर से पहुंचीं। इस अवसर पर जैन समाज द्वारा भगवान मुनिसोब्रतनाथ, भगवान आदिनाथ, भगवान महावीर, पदमप्रभु, पुष्पदंत तथा भरत-बाहुबली की भव्य और दिव्य आगवानी गाजे-बाजे और डीजे की धुन के साथ की गई।
भगवान की प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ में विराजमान कर पूरे नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नगर भ्रमण के दौरान श्रद्धालुओं ने घर-घर रंगोली सजाकर, पुष्पवर्षा कर और आरती उतारकर भगवान का स्वागत किया। यह शोभायात्रा रानी दुर्गावती तिराहा, पोड़ी तिराहा और बड़ा मंदिर होते हुए नए जैन मंदिर पहुंची। पूरा कार्यक्रम ब्रह्मचारी संजय भैया (मुरैना) के सानिध्य में श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ आयोजन को सफल बनाया।
ज्ञात हो कि नए जैन मंदिर में 108 मुनि सुधा सागर महाराज के आशीर्वाद से नई बेदी का निर्माण किया गया है, जिस पर इन प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी। प्रतिमाओं का निर्माण जयपुर में विशेष शिल्पकारों द्वारा किया गया है। मंदिर प्रांगण पहुंचने के बाद विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। शाम को भजन संध्या और महाआरती के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया। पूरे नगर में दिव्यता और श्रद्धा का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने सिंग्रामपुर को आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर कर दिया।

Post a Comment

0 Comments