Header Ads Widget

भारतीय जैन मिलन स्थापना दिवस- सम्मान, प्रदर्शनी, कार्यशाला, शपथग्रहण.. विधायक जयंत मलैया ने फिल्टर प्लांट का निरीक्षण किया.. ब्राह्मण बालकों का यज्ञोपवीत संस्कार.. स्थाई कर्मियों की लंबित मांगों का होगा निराकरण..

भारतीय जैन मिलन स्थापना दिवस पर समारोह 

दमोह। भारतीय जैन मिलन के 60वें स्थापना दिवस के पावन अवसर पर जैन मिलन नगर प्रमुख शाखा दमोह द्वारा स्थानीय सिंघई रेसीडेंसी में भव्य समारोह, सम्मान कार्यक्रम, प्रेरक कार्यशाला, प्रदर्शनी एवं विभिन्न शाखाओं के शपथग्रहण समारोह का अत्यंत गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दमोह, हटा, पथरिया एवं पटेरा की शाखाओं के पदाधिकारी, सदस्यगण, महिलाएं, युवा एवं समाजबंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
भारतीय जैन मिलन देश का एक अग्रणी सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सेवा प्रधान संगठन है, जो समाज में एकता, सेवा, संस्कार, नेतृत्व निर्माण एवं राष्ट्रीय चेतना के उद्देश्य से निरंतर सक्रिय है। संगठन ने अपनी 60 वर्ष की गौरवशाली यात्रा में समाजहित के अनेक प्रेरणादायी कार्य कर विशिष्ट पहचान स्थापित की है। समारोह स्थल पर विभिन्न शाखाओं द्वारा वर्षभर में आयोजित धार्मिक, सामाजिक, सेवा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई। प्रदर्शनी में शाखाओं द्वारा संचालित सेवा कार्यों, सम्मान समारोहों, संस्कार शिविरों, सामाजिक जागरण अभियानों एवं विविध आयोजनों के छायाचित्र प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने अत्यंत सराहा। प्रदर्शनी आयोजन का विशेष आकर्षण रही।
मुख्य अतिथि जयंत मलैया विधायक दमोह ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारतीय जैन मिलन समाज को संगठित करने वाला प्रेरक संगठन है। ऐसे आयोजन समाज को नई दिशा देने, युवाओं को जोड़ने तथा सेवा भावना को मजबूत करने का कार्य करते हैं। सुधीर सिंघई अध्यक्ष श्री दिगम्बर जैन पंचायत दमोह ने कहा कि किसी भी समाज की शक्ति उसकी सक्रिय शाखाओं, समर्पित कार्यकर्ताओं एवं संगठित सोच में निहित होती है। जैन मिलन समाज में समरसता और संगठन का उत्कृष्ट उदाहरण है। 
राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष कमलेंद्र जैन ने कहा कि जैन मिलन केवल संगठन नहीं, बल्कि संस्कार, सेवा, नेतृत्व और राष्ट्रभावना का सशक्त अभियान है। संगठन की प्रत्येक शाखा समाज जागरण का केंद्र है। स्थापना दिवस समारोह के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यशाला ने सभी प्रतिभागियों को संगठन संचालन, नेतृत्व क्षमता एवं कार्यक्रम प्रबंधन की व्यवहारिक जानकारी प्रदान की। कविता ऋषभ जैन क्षेत्रीय अध्यक्ष ने जैन मिलन की कार्यपद्धति विषय पर विस्तार से कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए नियमित बैठकें, योजनाबद्ध कार्यक्रम, अनुशासन, टीम भावना और निरंतर सक्रियता आवश्यक है। प्रत्येक शाखा यदि मासिक लक्ष्य तय कर कार्य करे तो संगठन और अधिक प्रभावी बन सकता है। 

जिनेश जैन बहरोल क्षेत्रीय मंत्री ने बैठक कैसे ली जाए विषय पर मार्गदर्शन दिया। दिलेश जैन चौधरी क्षेत्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने एक सफल कार्यक्रम का आयोजन कैसे करें विषय पर बताया। इंजी आर.के. जैन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष एवं मंत्री के दायित्व विषय पर बताया। कमलेंद्र जैन राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष ने भारतीय जैन मिलन की राष्ट्रीय सोच एवं भावी दिशा विषय पर कहा कि यह बर्ष जैन राजाओं को समर्पित किया गया है उनके प्रचार और उनसे जुड़े साहित्य को जन जन तक पहुंचाना यह लक्ष्य है संगठन को युवाओं, महिलाओं एवं समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर सेवा, संस्कार और सामाजिक जागरण के कार्यों को और गति देना चाहिए।
कार्यक्रम में जैन पत्रकारों, चिकित्सकों, गौसेवकों, महिला संस्थापक वीरांगनाओं एवं वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न शाखाओं के शपथग्रहण समारोह भी सम्पन्न हुए। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन रश्मि आनंद जैन ने किया तथा आभार प्रदर्शन सबन जैन सिल्वर ने व्यक्त किया।
आयोजन में विशेष आमंत्रित सदस्य सुधीर जैन डब्लू, कार्यकारी अध्यक्ष संजय जैन शक्कर, क्षेत्रीय क्वाडीनेटल रिषभ जैन, राष्ट्रीय पदाधिकारियों में आनंद जैन, राकेश हरदुआ, मुकेश जैन ग्रेन नेम कुमार सराफ,यू सी जैन, वंदना सराफ क्षेत्रीय संयोजिका बर्षा जैन, संतोष जैन,शोभा जैन नीता फट्टा पथरिया शोभना जैन हटा, नरेंद्र बजाज पटेरा मुकेश जैन मम्मा, अरुण जैन कोर्ट अर्चना जैन, सुप्रिया जैन आदि का विशेष आतिथ्य प्राप्त हुआ  जबलपुर क्रूज हादसे में मृतकों को एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्षों को श्रद्धांजलि दी गई सम्पूर्ण समारोह संगठन शक्ति, नेतृत्व प्रशिक्षण, सामाजिक समरसता, सक्रियता एवं प्रेरक ऊर्जा का अद्भुत उदाहरण बनकर उपस्थितजनों के लिए लंबे समय तक स्मरणीय रहेगा।
जल बहुमूल्य है इसके दुरुपयोग को रोकें, नलों में टोंटी लगाएं : विधायक जयंत मलैया ..  दमोह। पूर्व मंत्री एवं दमोह विधायक जयंत मलैया ने नगर पालिका के फिल्टर प्लांट का निरीक्षण कर जल व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्लांट के प्रत्येक हिस्से को बारीकी से देखा और उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान विधायक मलैया ने कहा कि कुछ वर्ष पहले दमोह शहर गंभीर जल संकट से जूझ रहा था, लेकिन जुझार घाट से पानी की पाइपलाइन शुरू होने के बाद शहर में पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित हो पाई है। 
उन्होंने बताया कि वर्तमान में राजनगर तालाब में एक और इंटेक वेल का निर्माण कार्य जारी है, जो पूर्ण होने के बाद दो अलग-अलग लाइनों के माध्यम से फिल्टर प्लांट तक पानी पहुंचेगा। इससे भविष्य में शहर में प्रतिदिन जल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी। उन्होंने आगे कहा कि फिलहाल शहर के कुछ क्षेत्रों में प्रतिदिन पानी की सप्लाई हो रही है, जबकि कुछ स्थानों पर एक दिन छोड़कर पानी दिया जा रहा है। जहां पानी का प्रेशर कम है, वहां टंकियों के माध्यम से पर्याप्त दबाव बनाकर पानी पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि हर नागरिक तक सुचारू रूप से पानी पहुंच सके। 
विधायक मलैया ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जल एक बहुमूल्य संसाधन है, इसलिए इसके अपव्यय को रोकना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि कहीं पानी का वाल्व खुला दिखे तो उसे तुरंत बंद करें और जहां वाल्व की व्यवस्था नहीं है, वहां संबंधित अधिकारियों को सूचित कर वाल्व लगवाएं। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष मनीष तिवारी, मंडल अध्यक्ष द्वय रमाकांत बाजपेई एवं राजेंद्र चौरसिया, जुगल अग्रवाल, पार्षद मोनू राजपूत, विकास जैन, परियोजना अधिकारी कपिल खरे, सीएमओ राजेंद्र सिंह लोधी, उपयंत्री जल विभाग सुशील सोनी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
ब्राह्मण बालकों का यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार संपन्न.. दमोह। स्थानीय श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर (पूर्व शिक्षा विभाग परिसर, जनपद के सामने) में ब्राह्मण बालकों का यज्ञोपवीत (उपनयन) संस्कार पुजारी पुरोहित संघ द्वारा विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम में अजब धाम फतेहपुर से पधारे श्री राम अनुग्रह दास जी (छोटे सरकार जी) की विशेष उपस्थिति रही।
इस अवसर पर पुजारी पुरोहित संघ जिला अध्यक्ष पंडित अजय गर्ग, नगर पुरोहित पंडित चंद्र गोपाल पौराणिक, विद्यासागर पांडे, पंडित बद्री प्रसाद कुड़ेरिया, बांदकपुर से पंडित राम कृपाल पाठक, पंडित केदारनाथ दुबे, पत्रकार पंडित सुनील गौतम, महेंद्र गर्ग, महिमानंद जी, सुनील दुबे, गोविंद पुजारी जी, देवेंद्र दुबे, कमलेश तिवारी, विकास पांडे, मिकी राजोरिया, राम अवतार तिवारी, दुर्गेश तिवारी, आशीष दत्त कटारे, सुदर्शन पाठक, दक्ष गर्ग, आराध्य गर्ग, सचिन तिवारी, राजेंद्र सरवरिया, ठाकुर दास जी, जागेश्वर तिवारी, आशुतोष गौतम (छोटू शास्त्री) सहित अनेक लोगो की उपस्थिति रही। 
कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन-पूजन के साथ बालकों को यज्ञोपवीत धारण कराया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। पूरे आयोजन में धार्मिक वातावरण एवं उत्साह देखने को मिला।
राज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष बने रमेश चंद्र शर्मा, स्थाई कर्मियों की वर्षों से लंबित मांगों का होगा निराकरण.. दमोहराज्य कर्मचारी कल्याण आयोग के अध्यक्ष पद पर रमेश चंद्र शर्मा की नियुक्ति के बाद प्रदेश के स्थाई कर्मियों में नई उम्मीद जगी है। मध्य प्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष शारदा सिंह परिहार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल श्री शर्मा के निवास पर पहुंचा और उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष परिहार ने विश्वास जताया कि श्री शर्मा के नेतृत्व में कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगें सरकार तक प्रभावी रूप से पहुंचेंगी और उनका शीघ्र निराकरण होगा। उन्होंने कहा कि श्री शर्मा पूर्व में भी आयोग के अध्यक्ष रह चुके हैं और कर्मचारी हित में सराहनीय कार्य कर चुके हैं, जिसके चलते कर्मचारियों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। कर्मचारियों का मानना है कि अब सातवां वेतनमान, अनुकंपा नियुक्ति जैसी मूलभूत सुविधाओं पर सकारात्मक निर्णय जल्द सामने आ सकते हैं। संघ के विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने भी नियुक्ति पर खुशी जाहिर की है।
दमोह जिला अध्यक्ष बबलू सिंह ठाकुर, सागर के जिला अध्यक्ष लीलाधर नामदेव तथा छतरपुर के जिला अध्यक्ष दीनदयाल अहिरवार ने श्री शर्मा को बधाई देते हुए कर्मचारी हित में शीघ्र निर्णय लिए जाने की अपेक्षा व्यक्त की है। वर्षों से लंबित प्रमुख मांगें स्थाई कर्मियों की प्रमुख मांगों में विभागों में रिक्त पदों पर नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, सातवां वेतनमान, चिकित्सा अवकाश, ट्रांसफर पॉलिसी तथा नियमित पदों पर नियुक्तियों में प्राथमिकता शामिल हैं। इन मांगों को लेकर कर्मचारी लंबे समय से प्रयासरत हैं। शिवराज सरकार में बना था मसौदा, अटका रहा प्रस्ताव बताया गया कि पूर्व में शिवराज सरकार के कार्यकाल में दैनिक वेतनभोगी एवं स्थाई कर्मियों के लिए नियमितीकरण, अनुकंपा नियुक्ति, सातवां वेतनमान, चिकित्सा अवकाश और ट्रांसफर नीति से संबंधित प्रस्तावों का मसौदा तैयार किया गया था। हालांकि चुनावी प्रक्रिया के दौरान यह फाइल कैबिनेट तक नहीं पहुंच सकी, जिसके चलते मांगें अधूरी रह गईं। कर्मचारी संगठनों का मानना है कि रमेश चंद्र शर्मा की पुनः नियुक्ति से अब इन लंबित मुद्दों के समाधान को गति मिलेगी और कर्मचारियों के हित में ठोस निर्णय सामने आएंगे।

Post a Comment

0 Comments