Header Ads Widget

जनसुनवाई में 257 आवेदनों पर हुई सुनवाई.. ई-अटेंडेंस की सख्ती का विरोध, क्रमोन्नति महंगाई भत्ते के लिए ज्ञापन.. एकलव्य विवि में सेफ क्लिक 2 का समापन.. टीम उम्मीद का 50 वा स्वच्छता अभियान..

 जनसुनवाई में 257 आवेदनों पर हुई सुनवाई

दमोह। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देशो के तहत् आज कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 ;व्यारमा में आयोजित जनसुनवाई में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से आये आवेदकों की समस्याओं को सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे एवं अपर कलेक्टर मीना मसराम ने सुना। इस दौरान सामान्य जनसुनवाई में 257 आवेदनों पर सुनवाई करते हुये संबंधित अधिकारियों को समय.सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिये।

जनसुनवाई में 15 आधार अपडेशन एवं 90 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जनसुनवाई के दौरान कुछ सामूहिक आवदेन भी दिए गए। इस अवसर पर एसडीएम सौरभ गंधर्व डिप्टी कलेक्टर रचना प्रजापति लोकसेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल ने सहभागिता निभाई।

ई-अटेंडेंस की सख्ती का विरोध, क्रमोन्नति महंगाई भत्ते के लिए ज्ञापन.. दमोह मध्यप्रदेश शिक्षक संघ, जिला दमोह द्वारा शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं और हाल ही में लागू किए गए सख्त ई-अटेंडेंस नियमों के विरोध में जिला शिक्षा अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपे गए हैं। ई-अटेंडेंस पर वेतन रोकने के आदेश का विरोध- शिक्षक संघ ने 6 जुलाई 2026 को आयुक्त, लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में ई-अटेंडेंस को लेकर जारी नए निर्देशों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई है। लोक शिक्षण संचालनालय के 1 जुलाई 2026 के आदेश के तहत निर्देश दिए गए हैं कि ई-अटेंडेंस न लगाने पर वेतन आहरित न किया जाए और संकुल प्राचार्यों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। संघ का तर्क है कि शिक्षकों को कई बार विपरीत परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, जैसे दुर्घटना, पारिवारिक समस्या, डेटा पैक खत्म होना, मोबाइल का गुम होना या टूटना, नेट की अनुपलब्धता या वर्षाकाल में नदी-नालों में बाढ़ आना। 

इन व्यावहारिक समस्याओं के कारण यदि कोई शिक्षक अटेंडेंस नहीं लगा पाता है, तो उसका वेतन रोकना न्यायोचित नहीं है और यह कर्मचारी के हित में नहीं है। शिक्षकों को अपनी सुनवाई का अवसर प्रदान करने हेतु संकुल, विकासखंड और जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग की गई है। संघ ने अनुरोध किया है कि शिक्षकों को संपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के पश्चात ही ई-अटेंडेंस को शत-प्रतिशत लागू किया जाए।
क्रमोन्नति और अन्य लंबित समस्याओं के निराकरण की मांग- इससे पहले 5 जुलाई को संघ ने जिला शिक्षा अधिकारी को एक अन्य ज्ञापन सौंपकर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं के अतिशीघ्र निराकरण की मांग की थी। इस ज्ञापन की प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं।

प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षकों के 12 एवं 24 वर्षीय क्रमोन्नति आदेश शीघ्र जारी किए जाएं। सहायक शिक्षक एवं उच्च श्रेणी शिक्षकों के 35 वर्षीय समयमान वेतनमान के आदेश भी जल्द जारी किए जाएं। लोक सेवा केंद्रों से विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र शीघ्र शालाओं में भिजवाने का प्रबंध किया जाए। 55 प्रतिशत से 58 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डी.ए. ) का एरियर, जो कि मई 2026 से प्रति माह देय था, उसका भुगतान 6 किस्तों में कराने की कृपा करें। ये दोनों ही ज्ञापन मध्यप्रदेश शिक्षक संघ दमोह के जिला सचिव महेश कुमार गुप्ता और जिला अध्यक्ष कमलेश कुमार सेन के हस्ताक्षर से सौंपे गए हैं। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ के समस्त पदाधिकारी ने नवागत जिला शिक्षा अधिकारी श्री सत्यम चौरसिया जी का फूल मालाओं से स्वागत किया इस अवसर पर श्री चौरसिया जी ने कहा कि संघ का वह सहयोग करेंगे और संघ उनका सहयोग करें यही उनकी अपेक्षा है। इस अवसर पर संभागीय अध्यक्ष श्री प्रमेंद्र जैन, हमारा विद्यालय हमारा तीर्थ के प्रांतीय संयोजक श्री संजय पाठक जिला संयोजक श्री नितिन श्रीवास्तव जिला कोषाध्यक्ष अरविंद चौराहा संजय कुमार दुबे आदित्य चैरसिया निलेश जैन, नीरज साहू, राजेश सोनी, अभिषेक सिंह, आशीष नेमा, नीतेश पाठक , शिशिर तिवारी, नीरज पांडे, भागचंद जैन उपस्थित रहे।

एकलव्य विश्वविद्यालय में सेफ क्लिक 2.0 का समापन.. दमोह। एकलव्य विवि की एनसीसी, एनएसएस इकाई एवं मप्र पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में एसपी श्री आनंद कलादगी के निर्देशन में सेफ क्लिक 2.0- सुरक्षित क्लिक, सुरक्षित जीवन अभियान के अंतर्गत चल रहे साइबर सुरक्षा जागरूकता  कार्यक्रम का समापन पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश शुक्ला के आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगी, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया, नगर पुलिस अधीक्षक श्री हरिराम पांडेय, सूबेदार अभिनव साहू, टीआई दलवीर मार्को, देहात थाना प्रभारी श्री धर्मेंद्र उपाध्याय, निरीक्षक श्री महेंद्र जगत, चौकी प्रभारी सागर नाका विक्रम दांगी के साथ ही बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति रही। 

यह आयोजन एकलव्य विश्वविद्यालय की कुलाधिपति डॉ. सुधा मलैया, प्रति कुलाधिपति श्रीमती पूजा मलैया एवं श्रीमती रति मलैया की प्रेरणा से कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार जैन, कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा, मुख्य परीक्षा नियंत्रक डॉ. प्रकाश खम्परिया, अधिष्ठाता अकादमिक डॉ. शमा जेपी खानम, छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. शैलेन्द्र जैन के नेतृत्व एवं एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. हृदय नारायण तिवारी, एनएसएस अधिकारी डॉ. संदीप तिवारी, डॉ. विजयलक्ष्मी, श्री सचिन शर्मा के निर्देशन में किया गया।  

स्वागत उद्बोधन में कुलगुरू प्रोफेसर पवन कुमार जैन ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की बात कही। अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुजीत सिंह भदौरिया ने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए किसी लालच या बहकावे से बचने की बात कही। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगी ने साइबर के क्षेत्र में दमोह पुलिस की उपलब्धियों को रखते हुए साइबर सुरक्षा जागरूकता की शपथ दिलाई।

पुलिस महानिरीक्षक श्री मिथलेश शुक्ला ने सभी को साइबर क्राइम से सचेत करते हुए अपने अनुभव साझा किए। इस आयोजन में एकलव्य विश्वविद्यालय के सभी संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शोधार्थी एवं विद्यार्थियों ने सहभागिता की। इस कार्य्रकम का मूल उद्देश्य लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक  करना एवं साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन नंबर 1930 का प्रसार करना है। अंत में कुलसचिव डॉ. प्रफुल्ल शर्मा ने आभार व्यक्त किया,  उद्घोषक डॉ. संदीप तिवारी ने कार्यक्रम के अंत में सामूहिक राष्ट्रगान कराकर समापन किया। 

टीम उम्मीद का 50 वा साप्ताहिक स्वच्छता अभियान.. 
दमोह।  पूर्व कलेक्टर श्री सुधीर कोचर द्वारा दमोह में शुरू किए गए साप्ताहिक स्वच्छता अभियानों ने शहर में जन भागीदारी की जो मिसाल कायम की थी, उसी प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर हरीश पटेल के नेतृत्व में टीम उम्मीद ने बेलाताल टापू साई मंदिर के समीप मंगलवार को श्रमदान करके 50 वे स्वच्छता अभियान को पूर्ण किया।टीम उम्मीद ने शहरवासियों से अपील की है कि वे 51वें ऐतिहासिक स्वच्छता अभियान में शामिल होकर इस जनआंदोलन को और मजबूत बनाएं। टीम उम्मीद द्वारा लगातार 50 स्वच्छता अभियान पूर्ण करने पर शहर के अधिकारियों एवं समाजसेवियों ने इसे दमोह के लिए गर्व का विषय बताया।
 आज के इस अभियान में टीम उम्मीद के राकेश राठौर धर्मेंद्र सोनी शिवम सोनी नीलेश सेन योग शिक्षक भरत दुबे राजकुमार श्रीवतस्तव बाबू सिंधी और वरिष्ठ डॉ केदारनाथ शर्मा शामिल रहे। टीम उम्मीद ने पहले 25 साप्ताहिक स्वच्छता अभियान संचालित किए थे। इसके बाद 20 दिवसीय 'ऑपरेशन क्लीन बेलाताल' स्वच्छता महा अभियान चलाकर वर्षों से प्लास्टिक, कचरे और आस्था सामग्री से प्रभावित बेलाताल के घाटों और किनारों को स्वच्छ किया।  इन अभियानों के माध्यम से सर्किट हाउस की पहाड़ी को स्वच्छ, सुंदर और सुरक्षित स्वरूप मिला। वहीं, लंबे समय से उपेक्षित बेलाताल के घाटों और किनारों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक एवं कचरा हटाकर उसे स्वच्छ बनाने का कार्य किया गया। 

Post a Comment

0 Comments