श्री विरंजन सागर संत भवन भूमि पूजन सम्पन्न
दमोह,।
परम पूज्य कुण्डलपुर के बड़े बाबा श्री आदिनाथ भगवान एवं परम पूज्य श्री
पार्श्वनाथ भगवान की असीम कृपा से, परम पूज्य महासमाधिस्थ आचार्य श्री
विद्यासागर जी एवं आचार्य श्री विराग सागर जी की मंगल प्रेरणा तथा
वर्तमान आचार्य श्री समयसागर जी, पट्टाचार्य श्री विशुद्धसागर जी एवं पूज्य
उपाध्याय श्री विरंजनसागर जी के मंगलमय आशीर्वाद से श्री पार्श्वनाथ
दिगम्बर जैन सदगुवां मंदिर, दमोह में श्री विरंजन सागर संत भवन के निर्माण
कार्य का शुभारम्भ भूमि पूजन के साथ श्रद्धा एवं सादगीपूर्ण वातावरण में
सम्पन्न हुआ।
मंदिर परिसर
के पीछे निर्मित होने वाला यह संत भवन पूज्य मुनिराजों एवं आर्यिका माताजी
के प्रवास, विश्राम, स्वाध्याय, वाचनाओं एवं धर्मोपदेश जैसी धार्मिक
गतिविधियों की सुविधा के उद्देश्य से बनाया जा रहा है। यह भवन संत सेवा एवं
धर्म प्रभावना की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं स्थायी उपलब्धि सिद्ध होगा।
शुभ मुहूर्त को ध्यान में रखते हुए भूमि पूजन का कार्यक्रम सादगीपूर्वक
सम्पन्न किया गया, ताकि निर्माण कार्य समय पर प्रारम्भ हो सके। समाज के
अनेक श्रद्धालुजन, मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस अवसर के
साक्षी बने तथा सभी ने संत भवन के शीघ्र निर्माण हेतु मंगलभावनाएँ व्यक्त
कीं।
मंदिर समिति ने समाज
के सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि इस पुण्य कार्य की अधिक से अधिक अनुमोदना करें तथा अपने तन, मन और धन से सहयोग प्रदान कर इस संत
सेवा के महायज्ञ में सहभागी बनें। संतों की सेवा, विश्राम एवं स्वाध्याय के
लिए निर्मित होने वाला यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए धर्म, संस्कृति और
साधना का प्रेरणास्रोत बनेगा। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि समस्त जैन
समाज के सहयोग एवं पूज्य गुरुओं के आशीर्वाद से श्री विरंजन सागर संत
भवन का निर्माण शीघ्र पूर्ण होगा और यह भवन अनगिनत संतों की सेवा का
सौभाग्य प्राप्त करेगा।
लायंस क्लब का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित.. दमोह। नर सेवा ही नारायण
सेवा है के संकल्प के साथ लायंस क्लब दमोह एवं लायंस क्लब दमोह दमयंती का
शपथ ग्रहण समारोह, लायंस इंटरनेशनल के सेवा सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए
आयोजित किया गया। समारोह में दोनों ही क्लबों के नवनिर्वाचित
पदाधिकारियों ने समाज सेवा और मानवता की भलाई के लिए पूरी निष्ठा से कार्य
करने की शपथ ली। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, राष्ट्र के प्रति ध्वज
वंदना, विश्वशांति हेतु मौन से हुई। समारोह के मुख्य अतिथि ला.पवन मलिक
फर्स्ट वाइस डिस्ट्रिक्ट गवर्नर, शपथ अधिकारी ला. राजेंद्र तिवारी विशिष्ट
अतिथि ला.यशवंत सेंगर, ला.दुर्गेश धूपर रीजन चेयरपर्सन, ला.केप्टिन वाधवा
जोन चेयरपर्सन की विशेष उपस्थिति रही। लायंस क्लब दमोह अध्यक्ष ला. अभिषेक
गोयल, सचिव ला. डॉ हरिओम दुबे, कोषाध्यक्ष ला. अशोक छाबड़ा एवं लायंस क्लब
दमोह दमयंती से अध्यक्ष ला.अधीर पांडे, सचिव ला.चरनजीत सिंह वाधवा (शानू),
कोषाध्यक्ष ला. अभिषेक जायसवाल को, उनके सेवा दायित्वों की शपथ दिलाई। ला. कैप्टन वाधवा ने लायंस क्लब के स्लोगन सरबत का भला के ऊपर प्रकाश डाला
और उन्होंने उसका पूरा इतिहास सुनाकर सभी को भाव विभोर कर दिया। कार्यक्रम
संयोजक ला.राजेन्द्र अग्रवाल, संचालन सुशील गुप्ता, निशांत चौरसिया एवं
आभार, सुधीर असाटी द्वारा व्यक्त किया गया। राष्ट्रगान से समारोह का
समापन हुआ।
योगेश जाट प्रांतीय सचिव नियुक्त.. दमोह। जिला चिकित्सालय में पदस्थ सीनियर लैब टेक्नीशियन योगेश जाट को म.प्र. स्वास्थ्य कर्मचारी संघ का प्रांतीय सचिव नियुक्त किया गया है, जिला अध्यक्ष बीएम दुबे ने बताया कि भोपाल में प्रांताध्यक्ष एसबी सिंह ने संघ संविधान में प्रदत शक्तियों का उपयोग करते हुए योगेश जाट को प्रांतीय सचिव नियुक्त किया।
इस नियुक्ति पर केआर पांडेय, सत्यनारायण तिवारी, राकेश सिंह हजारी, संजीव जैन, भूप सिंह, रतन सिंह, इरफान, राजेश पांडे, राकेश गर्ग, हेमंत शुक्ला, देशराज सिंह, हेमेंद्र गौतम, सत्यम नेमा, रीना सुमन, विनी लाल, शकीला शेख, रश्मि सेन आदि ने बधाई दी है।नई नीति के तहत सेवानिवृत्त कर्मचारी हो रहे परेशान.. दमोह।
म.प्र.शासकीय लिपिकीय कर्मचारी संघ भोपाल के संरक्षक राकेश सिंह हजारी
द्वारा वित्त विभाग के प्रमुख सचिव को अवगत कराया गया है, पूर्व में पेंशन
प्रकरणों का निराकरण जिला स्तर पर किया जाता था, जिससे कर्मचारियों को
सेवानिवृत्ती दिनांक को उनका पी.पी.ओ. एवं सभी स्वत्वों का भुगतान किया
जाता था, किन्तु नई पेंशन नीति जो म.प्र.शासन् द्वारा 01 अप्रैल 2026 से
लागू की गई जो राज्य केन्द्रीकृत पेंशन प्रोसेसिंग सेल के नाम से जारी की
गई है, जिसमें सेवानिवृत्त हो चुके सभी संवर्गाे के कर्मचारियों को अभी तक
पेंशन प्रकरणों से संबंधित किसी भी प्रकार के स्वात्वों एवं पी.पी.ओ. जारी
नहीं किये जा रहे है, जिससे पेंशनर्स कर्मचारी एवं पूरा परिवार आर्थिक एवं
मानसिक रूप से परेशान हो रहा है, इससे कर्मचारीयों के साथ कभी भी दुर्घटना
हो सकती है, ऐसे में प्रशासन को चाहिये वर्तमान में जारी नई नीति को समाप्त
किया जावें अथवा इसे सरलीकरण किया जावें ताकि सेवानिवृत्त कर्मचारीयों को
सेवानिवृत्ती दिनांक को उनका पी.पी. ओ. एवं सभी स्वात्वों का भुगतान किया जा
सकें।
डां. अम्बेडकर एवं रविदास जयंती समारोह समिति बैठक.. दमोह।
डॉ भीमराव अम्बेडकर एवं संत शिरोमणि गुरू रविदास जंयती समारोह समिति के
माध्यम से समस्त अहिरवार/जाटब समाज की बैठक सम्पन्न
हुई जिसमे अम्बेडकर भवन/मांगलिक भवन को स्वयं समाज द्वारा संचालित किये
जाने हेतु विचार विमर्श होकर समस्त समाज द्वारा सहमति दी गई। बैठक में
निर्णय लिया गया कि दमोह जिले में जितने भी मांगलिक भवन शासन के सहयोग से
बनाये गये है उन भवनो का संचालन उनकी समाज द्वारा किया जा रहा है केवल
अम्बेडकर भवन नगर पालिका के माध्यम से संचालित किया जा रहा है। शासन
प्रशासन कि इस नीति से समाज की आहत की समाज के द्वारा यह संचालित किये जाने
हेतु अनुमति प्राप्त नही होती तो समाज आंदोलन हेतु बाध्य होने पर विवश
होगा। बैठक शांति पूर्ण सम्पन्न हुई बैठक की अध्यक्षता हिम्मत प्रसाद
अहिरवार ने की। बैठक मे मुख्य अतिथि के रूप में डा. चौधरी पूर्व जिला
पंचायत अध्यक्ष, प्रताप रोहित पूर्व अध्यक्ष अजाक्स जिला दमोह, सचिव हेतराम
आदर्श, रामेश्वर चौधरी एवं जिले के समस्त गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति
रही। संचालन टी.आर. जाटव ने किया।
स्व. कैलाश जोशी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि.. दमोह।
भाजपा जिला दमोह के पूर्व जिला अध्यक्ष पंडित विद्यासागर पांडेय जी ने
भारतीय जनता पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष, मध्य प्रदेश के पूर्व
मुख्यमंत्री एवं विवानसमा में नेता प्रतिपक्ष रहे स्वर्गीय कैलाश जोशी की
जयंती पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर वक्ताओं ने
उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व का स्मरण करते हुए उन्हें सादगी, ईमानदारी और
संगठन के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। वक्ताओं ने कहा कि स्व. कैलाश
जोशी भारतीय जनसंघ के संस्थापक कार्यकर्ताओं में प्रमुख रहे। उनकी सादगी,
सहजता, सरलता, स्पष्टवादिता तथा कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार उनकी
सबसे बड़ी पहचान थी। वे संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान देते थे
और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते थे। उनका संपूर्ण सार्वजनिक जीवन
सेवा, समर्पण और नैतिक राजनीति का प्रेरणास्रोत रहा। स्व. जोशी का दमोह
जिले से विशेष आत्मीय संबंध रहा। वे अनेक अवसरों पर दमोह आए। वर्ष 1998 में
सर्व ब्राह्मण समाज, दमोह द्वारा उनका तथा जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेता
रामजीलाल तिवारी का अभिनंदन किया गया था। उस अवसर पर ब्राह्मण समाज ने
बूंदाबहू मंदिर, में उनका भव्य स्वागत किया गया था। श्रद्धांजलि सभा में
वक्ताओं ने अपने संस्मरण साझा करते हुए बताया कि वर्ष 1989 के सागर लोकसभा
चुनाव सहित कई चुनावों में उन्हें स्व. कैलाश जोशी के साथ पार्टी प्रचार
करने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्होंने दो बार उनके निवास पर पधार कर आत्मीय
स्नेह, मार्गदर्शन और आशीर्वाद प्रदान किया। उनका अहंकाररहित, सरल एवं
कर्मयोगी व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा देता रहेगा।






0 Comments