मंत्री लोधी की जनसुनवाई, समस्याओं का निराकरण
दमोह। जबेरा विधानसभा से विधायक एवं मंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने क्षेत्रवासियों की सुविधा, उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक शनिवार को कार्यालय, नोहटा में विशेष जनसुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज आयोजित विशेष जनसुनवाई में जबेरा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामों एवं क्षेत्रों से बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने अपनी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों से अवगत कराया। जनसुनवाई के दौरान क्षेत्रवासियों द्वारा कुल 57 लिखित आवेदन प्रस्तुत किए गए।प्राप्त आवेदनों में सड़क, बिजली, पानी, राजस्व, आवास, पेंशन, शासकीय योजनाओं का लाभ, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों को शामिल किया गया। प्रत्येक आवेदन को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों एवं विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री लोधी ने कहा कि हमारा निरंतर प्रयास है कि क्षेत्र का कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न हो। जनसुनवाई के माध्यम से क्षेत्रवासियों और प्रशासन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाते हुए समस्याओं शीघ्र, पारदर्शी एवं न्यायसंगत निराकरण की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।जबेरा विधानसभा के प्रत्येक नागरिक की सेवा और उनके हितों की रक्षा के लिए हमारा प्रयास निरंतर जारी रहेगा।प्रभारी मंत्री ने चंडी चौपरा के बड़े बाबा के दर्शन किए.. दमोह। प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा तकनीकी शिक्षाआयुष विभाग एवं दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने मुख्यमंत्री जन विश्वास कार्यक्रम के उपरांत चंडी चौपरा पहुंचकर लगभग 1300 वर्षों से विख्यात श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में बड़े बाबा के दर्शन किए। प्रभारी मंत्री श्री परमार जबेरा से चौपरा बनवार बांदकपुर हटा होते हुए पन्ना जा रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने चंडी चौपरा में मंदिर पहुंचकर श्री शांतिनाथ प्रभु के दर्शन कर पूजा.अर्चना की तथा आशीर्वाद लिया। मंदिर पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री का स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर के अध्यक्ष अनिल कुमार चौधरी उपाध्यक्ष चौधरी रत्नेश कुमार जैन कोषाध्यक्ष चौधरी उत्तमचंद जैन एवं सचिव आलोक कुमार चौधरी कमल सिंघई देवेन्द्र सिंह इंद्रजीत सिंह गुटउ राय राजेश सिघई सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जन मौजूद रहे।
विनम्रता से ही आत्मोन्नति का मार्ग प्रशस्त होता है : निर्यापक मुनि श्री समतासागर जी.. दमोह।
सिद्धक्षेत्र कुण्डलपुर में पूज्य बड़े बाबा भगवान आदिनाथ जी की पावन
सन्निधि में 9 अगस्त रविवार को पूज्य मुनि संघ का वर्षायोग चातुर्मास कलश
स्थापना समारोह का आयोजन दोपहर एक बजे से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर
कुण्डलपुर तीर्थ क्षेत्र कमेटी ने सभी श्रद्धालुओं से क्षेत्र पर पधारने की
अपील की है। शनिवार को धर्मसभा में निर्यापक मुनि श्री समतासागर जी ने कहा कि कुण्डलपुर के बड़े बाबा यूँ ही "बड़े बाबा" नहीं बने। महानता प्राप्त करने से पहले उन्होंने अपने जीवन में विनम्रता, लघुता और अथक पुरुषार्थ का आदर्श प्रस्तुत किया। जो व्यक्ति अपने भीतर जितना अधिक लघुता का भाव धारण करता है, उसके भीतर उतनी ही प्रभुता स्वतः प्रकट होने लगती है।
मुनि श्री ने कहा कि उनका जीवन प्रत्येक साधक
के लिए प्रेरणा है। उन्होंने अपनी आत्मशक्ति को पहचानकर सीमित से असीम और
सूक्ष्म से विराट बनने का मार्ग दिखाया। जैसे एक छोटा-सा बीज विशाल वृक्ष
का रूप धारण करता है, उसी प्रकार साधना और पुरुषार्थ से आत्मा भी केवलज्ञान
जैसी परम अवस्था को प्राप्त कर सकती है। उन्होंने कहा कि पूज्य आचार्य
गुरुवर भी बड़े बाबा के चरणों में आकर निरंतर आत्मिक उन्नति का अनुभव करते
रहे। बड़े बाबा की भक्ति और साधना व्यक्ति के जीवन की बाधाओं को दूर कर उसे
परमार्थ के पथ पर अग्रसर करती है। उन्होंने श्रद्धालुओं के भाव, अनुशासन
और समय पर शुद्ध वस्त्र धारण कर अभिषेक की तैयारी की सराहना करते हुए कहा
कि ऐसे दिव्य दृश्य देवों और गुरुवरों को भी आनंदित करते हैं तथा बड़े बाबा
की महिमा निरंतर बढ़ती रहती है।धर्मसभा में मुनि श्री ने सेवा और
स्वावलंबन के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आचार्य गुरुदेव के
आशीर्वाद से कुण्डलपुर मेँ दयोदय गोशाला, हथकरघा श्रमदान और पूर्णायु
संस्थान जैसे सेवा प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। जिन क्षेत्रों में पहले
रोजगार के साधन नहीं थे, वहाँ आज अनेक परिवार सम्मान पूर्वक आजीविका
अर्जित कर अपनी जीविका चला रहे हैं। मुनि श्री ने श्रद्धालुओं से आग्रह
किया कि वे श्रमदान केंद्र से हथकरघा निर्मित शुद्ध वस्त्र खरीदें। अभिषेक
और धार्मिक अनुष्ठानों के लिए सात्विक वस्त्रों से करना चाहिये।आचार्य
गुरुदेव के आशीर्वाद से ग्रामीण परिवारों की आजीविका को बल मिला है। उन्होंने
कहा कि धर्म केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा, स्वावलंबन और
समाज के उत्थान का माध्यम भी है।अंत में निर्यापक मुनि श्री समता सागर
महाराज ने मंगलकामना करते हुए कहा कि सभी श्रद्धालु भगवान आदिनाथ की आराधना
कर अपने अशुभ कर्मों का क्षय करें, जीवन की बाधाओं को दूर करें और
तीर्थंकरों द्वारा प्रदर्शित मोक्षमार्ग पर निरंतर अग्रसर हों। जिनशासन की
प्रभावना निरंतर बढ़ती रहे तथा सभी के जीवन में शांति, समृद्धि, आध्यात्मिक उन्नति का संचार हो।
सकल असाटी समाज द्वारा आज निकलेगी विशाल कावड़ यात्रा.. दमोह। श्री
जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर और श्री देव जटाशंकर धाम भोले बाबा की कृपा,
प्रेरणा और आशीर्वाद से सकल असाटी समाज दमोह के तत्वाधान में एक विशाल
कावड़ यात्रा का प्रतिवर्ष के अनुसार इस वर्ष भी आयोजन किया जा रहा है। यह
कावड़ यात्रा आज 9 अगस्त, दिन रविवार सुबह करीब 8 बजे से टाकीज तिराहा श्री
राम मंदिर से प्रारंभ होकर बकौली चौक, घंटाघर, अस्पताल चौराहा, कोतवाली,
बेलाताल होकर जटाशंकर धाम पहुंचेगी। यात्रा को लेकर समाज में खासा उत्साह
है। समाज बंधुओं से आग्रह किया है कि वे इस पवित्र कावड़ यात्रा में शामिल
होकर बढ़-चढ़कर हिस्सेदारी करें और पुण्य लाभ अर्जित करें।
पथरिया में लर्निंग लाइसेंस कैंप का आयोजन.. दमोह। माधवराव
सप्रे शासकीय महाविद्यालय पथरिया में रासेयों एन.एस.एस. के तत्वाधान में
जिला परिवहन कार्यालय के सहयोग से नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए लर्निंग
लाइसेंस बनाने हेतु आज दिनांक 08.08.2026 को कैम्प का आयोजन किया गया।
जिला परिवहन कार्यालय से अधिकारी अभिषेक दीक्षित, राहुल पटेल कम्प्यूटर
ऑपरेटर द्वारा महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बताया कि वह
कैसे स्वयं ऑनलाइन ड्राइविंग लाइसेंस बना सकते है इसके पश्चात् अनेक
छात्राओं के ड्राइविंग लायसेंस भी जनरेट किये. महाविद्यालय के प्रभारी
प्राचार्य डॉ.गजेन्द्र नामदेव द्वारा छात्र-छात्राओं को ड्राइविंग लाइसेंस
क्यों जरूरी है, इसके बारे में बताया, एनएसएस कार्यक्रम डॉ. जगदीश अहिरवार
ने यातायात के नियमों के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में छात्रा इकाई
अधिकारी डॉ. सरिता नेमा, एनसीसी अधिकारी डॉ किरण सिंह, डॉ. देवेश कुमार,
श्री सत्य नारायण लड़िया, डॉ. खुदैजा अंसारी, डॉ. सुधीर साहू, श्री राहुल
कुर्मी, डॉ. हरिओम सोनी, श्री राहुल मुखुटी सहित अधिकारी/कर्मचारी एवं बड़ी
संख्या में राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों/स्वयंसेविकाओं एवं
छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही।



.jpeg)
0 Comments