Header Ads Widget

काँवड़ यात्रा में आस्था का सम्मान, भाई चारे का पैगाम.. पटेरा के सांदीपनि विद्यालय ने बनाई देश के शीर्ष 30 में जगह.. गुरु नानक स्कूल के शौर्य जैन की स्वर्णिम उपलब्धि.. सीएमएचओ ने किया सब सेंटर नरसिंहगढ़ का औचक निरीक्षण..

 काँवड़ यात्रा में आस्था का सम्मान,भाईचारे का पैगाम

​दमोह. तेजगढ़ क्षेत्र में आपसी सौहार्द, सांप्रदायिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहज़ीब का एक बेहद ख़ास और बेमिसाल नज़ारा देखने को मिला। पुण्यभूमि पंचवटी भेड़ाघाट से श्री जागेश्वर नाथ धाम बांदकपुर तक आयोजित ऐतिहासिक पांच दिवसीय पवित्र काँवड़ महायात्रा का चौथे दिवस तेजगढ़ पहुँचने पर मुस्लिम समाज के लोगों ने पूरे उत्साह, अकीदत और गर्मजोशी के साथ अभूतपूर्व स्वागत किया।
​यह पवित्र काँवड़ यात्रा मध्य प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही है। यात्रा के चौथे दिन जैसे ही काँवड़ियों का जत्था सुबह तेजगढ़ से बांदकपुर के लिए रवाना हुआ, मार्ग में पहले से मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने काँवड़ियों का स्वागत अनोखे अंदाज में किया।
 तेजगढ़ ​ मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध जनों ने काँवड़ यात्रियों पर न सिर्फ जमकर पुष्पवर्षा की, बल्कि शिवभक्तों का सम्मान करते हुए उन्हें भगवा शॉल ओढ़ाई और गले लगाकर पुष्प मालाएं पहनाईं। इस दौरान काँवड़ियों पर इत्र (सुगंध) भी लगाया गया। यात्रा के दौरान समीर कर्ण द्वारा शानदार आतिशबाजी की गई, जिसके धमाकों, ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के बीच पूरा क्षेत्र आपसी प्रेम और कौमी एकता के रंग में रंग गया। ​यात्रा में मुख्य रूप से सत्येंद्र सिंह लोधी के साथ पूर्व सांसद चंद्रभान सिंह लोधी, उनके भाई नितिन सिंह लोधी, संग्राम सिंह, अनूप लोधी और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक शामिल रहे। 
इस भव्य स्वागत का नेतृत्व करते हुए समाजसेवी महेंद्र दीक्षित, पूर्व सरपंच फरमान खान, मनोहर सिँह शिक्षक , सप्पी, बबलू, जलील, शोएब पठान, डॉ हलीम, आरिफ़ सहित मुस्लिम धर्म के अनेक धर्मावलंबियों और स्थानीय नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और भाईचारे का संदेश दिया ​तेजगढ़ में हुए इस भव्य स्वागत ने यह साबित कर दिया कि आस्था और भक्ति की इस पावन यात्रा में धर्म की सीमाएं समाप्त हो जाती हैं। मुस्लिम समाज द्वारा किए गए इस आत्मीय और शाही स्वागत की पूरे क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी प्रेम, विश्वास और सौहार्द की डोर को और अधिक मजबूत करते हैं। ग्राम  समदई में कांवड़ यात्रा का किया भव्य स्वागत.. दमोह जबेरा विधानसभा के लोकप्रिय युवा समाज सेवी युवाओं के प्रेरणा स्रोत श्री सत्येंद्र सिंह ठाकुर जी के द्वारा सावन माह के पावन पुनीत अवसर पर संकल्प की द्वितीय कांवड़ यात्रा निकाली जा रही है। जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या में शामिल होने की उपस्थिति है।
यह यात्रा 20 अगस्त से मां नर्मदा मैया का जल भरके यात्रा प्रारंभ हुई जो कि तीसरे दिन तेजगढ़ मंडल में कावड़ यात्रा का प्रवेश हुआ जिसका भव्य स्वागत ग्राम पंचायत समदई उप सरपंच श्री सुनील शाह ऐडाली के साथ ग्रामीण जनों ने फूल माला तिलक लगाकर श्री सत्येंद्र सिंह जी एवं उनके साथ चल रहे यशस्वी माननीय राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी जी एवं माननीय श्री लखन पटेल राज्यमंत्री का आत्मीय स्वागत वंदन अभिनंदन किया गया। 
इस अवसर पर भक्तगण एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में मौजूद रहे। 
पटेरा के सांदीपनि विद्यालय ने बनाई देश के शीर्ष 30 में जगह.. दमोह । शासकीय सांदीपनि विद्यालय पटेरा ने नवाचार के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ष 2026 की देश की शीर्ष 30 टीमों में स्थान बनाया है। इस उपलब्धि से पटेरा सहित पूरे दमोह जिले में हर्ष का माहौल है। समाज की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित ‘समाज के लिए समाधान 2026’ नवाचार प्रतियोगिता के प्रथम चरण में मध्यप्रदेश की चयनित चार टीमों में चार सांदीपनि विद्यालयों की टीमों ने जगह बनाई है। इनमें पटेरा के अलावा इंदौर, सागर और शाजापुर के सांदीपनि विद्यालय शामिल हैं।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विज्ञान, तकनीक, अभियांत्रिकी और गणित के माध्यम से समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों के नवाचार और समस्या समाधान की क्षमता के आधार पर उनकी टीम का चयन देश की शीर्ष 30 टीमों में किया गया है। अब चयनित टीमों को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मुंबई के विद्यार्थियों और अमेजन के अभियंताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में विद्यार्थी अपने विचारों को कार्यशील प्रारूप के रूप में विकसित करेंगे।
प्रतियोगिता का अंतिम चरण 31 अगस्त 2026 को आयोजित होगा, जिसमें देश की शीर्ष 30 टीमों में से तीन सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन किया जाएगा। पटेरा के शासकीय सांदीपनि विद्यालय की इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है। विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों और मार्गदर्शकों को इस सफलता पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी जा रही हैं। पटेरा सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य विवेक नेमा एवं समस्त शिक्षकों ने विद्यार्थियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अगले क्रम में भी सफलता प्राप्त करने की शुभकामनाएं दी है।
शौर्य जैन की स्वर्णिम उपलब्धि पर शुभकामनाएँ.. 21वीं इंटर स्कूल/डोजो ऑल इंडिया कराटे चैंपियनशिप एवं ट्रेनिंग कैंप 2026  में शौर्य जैन पिता सौरभ जैन अरिहंत रेजिडेंसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक (GOLD MEDAL) प्राप्त कर अपने विद्यालय, परिवार एवं नगर का नाम गौरवान्वित किया।
यह प्रतियोगिता 23 अगस्त 2026 को दिल्ली में आयोजित हुई। शौर्य जैन कक्षा  6वीं गुरु नानक स्कूल की इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ। आप निरंतर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित करें और अपने परिवार, विद्यालय एवं दमोह नगर का नाम रोशन करें।
सीएमएचओ ने किया सब सेंटर नरसिंहगढ़ का औचक निरीक्षण.. दमोह। दवाइयां, कोल्ड चौन, रिकॉर्ड एवं हितग्राहियों को मिल रहीं स्वास्थ्य सेवाओं को जानने के लिए सीएमएचओ डॉ. राकेश राय ने रविवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर नरसिंहगढ़ का औचक निरीक्षण किया
जिसमें उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित स्टाफ से बात की, एएनएम ने बताया कि यहां पर प्रतिमाह 25 से 30 डिलीवरी होती हैं, एएनएम ने दो रैक एवं क्रैश ट्रॉली की मांग की। सीएमएचओ ने गर्भवती महिलाओं से उनको दी जा रही सेवाओं पर बात की। निरीक्षण में व्यवस्था एवं रिकॉर्ड संतोष जनक मिला।

Post a Comment

0 Comments