Header Ads Widget

बाइक विजेता गौरव बजाज का स्टेशन पर स्वागत.. क्षमावाणी कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यमंत्री श्री लोधी.. आध्यात्मिक सत्संग, संत निरंकारी युवा समागम आयोजन.. स्व. ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव स्मृति 37वां प्रतिभा सम्मान समारोह 2 को..

बाइक विजेता गौरव बजाज का स्टेशन पर स्वागत 

दमोह। इंदौर में निर्यापक मुनि श्री सुधा सागर जी महाराज के निर्देशन में आयोजित श्रावक संस्कार शिविर की धार्मिक परीक्षा में 98 अंक लेकर ऑल इंडिया टॉप सेकंड आने वाले मोटर साइकिल विजेता दमोह के गौरव बजाज के दमोह आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया।

इस अवसर पर परिजनों के साथ बजाज परिवार के सदस्यों समाजजनों ने गौरव का स्वागत करते हुए बधाईया दी। उल्लेखनीय है कि पयूर्षण पर्व के दौरान इंदौर में मुनि पुंगव श्री सुधा सागर जी महाराज के निर्देशन में आयोजित श्रावक संस्कार संस्कृति ज्ञान शिविर में देश भर से करीब 6 हजार श्रावक जनों ने दस दिन तक अपनी सहभागिता दर्ज कराकर धर्म ज्ञान वृद्धि की।

क्षमावाणी कार्यक्रम में शामिल हुए राज्यमंत्री श्री लोधी.. दमोह। दशलक्षण महापर्व के समापन अवसर पर जबेरा के श्री पारसनाथ दिगंबर जैन मंदिर में क्षमावाणी पर्व श्रद्धा और धार्मिक भावनाओं के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में संस्कृति पर्यटन एवं धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी शामिल हुए। श्री लोधी ने सभी को उत्तम क्षमा की मंगलकामनाएं प्रेषित कीं। 

उन्होंने कहा कि क्षमावाणी पर्व आपसी प्रेम सद्भाव और भाईचारे का संदेश देता है। यह पर्व हमें मन वचन और कर्म से हुई भूलों के लिए एक.दूसरे से क्षमा मांगने और सभी के प्रति क्षमा का भाव रखने की प्रेरणा देता है। कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने दशलक्षण महापर्व के 10 दिनों में आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएं कीं।

आध्यात्मिक सत्संग, संत निरंकारी युवा समागम आयोजन.. दमोह। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं परम आदरणीय निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन आशीर्वाद से जिला स्तरीय संत निरंकारी युवा समागम का भव्य आयोजन  दिन रविवार को शाम 5 से 7.30 बजे तक संत निरंकारी सत्संग भवन ब्रांच दमोह मे किया गया, जिसमे पटियाला पंजाब से पधारे हुए परम आदरणीय महात्मा विजय धीर जी की पावन हुज़ूरी रही। महात्मा जी ने युवा संदेश देते हुए अपने वचनों मे फरमाया कि जब युवा अपने जीवन की दिशा को अध्यात्म की और लेकर जायेगा तब निश्चित ही उसकी दशा भी बदलती चली जायेगी।  

यह संसार आज रील के जमाने से चल रहा है, पर जीवन की सार्थकता केवल रियल बनने मे ही है, सतगुरु ने बताया सदा नम्रता दे विच रहना, ए मुर्शिद दा कहना है, सदा नीवा होके चलना जग मे ए गुरसिख दा गहना है। इस सत्संग कार्यक्रम की सुंदर व्यवस्था ब्रांच मुखी महात्मा राजकुमार सोनी जी एवं सेवादल के भाई बहनो द्वारा की गई, सत्संग पश्चात संगत के लिए लंगर रूप मे प्रसादी रखी गई, इस सत्संग मे नोहटा, पथरिया, भदोली, एवं शहर के समस्त नागरिको की उपस्थिति रही।

स्व. ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव स्मृति 37वां प्रतिभा सम्मान समारोह 2 को.. दमोह। प्रतिभा को पहचान, मेहनत को सम्मान और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वालों के प्रति कृतज्ञता की भावना को समर्पित स्व. ज्ञान चंद्र श्रीवास्तव स्मृति पुरस्कार न्यास का 37वां प्रतिभा सम्मान समारोह 2 अक्टूबर को प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सभागार में आयोजित किया जाएगा। समारोह जिले की प्रतिभाओं और शिक्षा जगत से जुड़े लोगों के लिए विशेष अवसर होगा। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, दमोह महाविद्यालय के संस्थापक प्राचार्य एवं कर विधि विशेषज्ञ स्व. ज्ञानचंद्र श्रीवास्तव की स्मृति में आयोजित यह समारोह प्रतिभाओं को सम्मानित करने की 37 वर्षों पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाएगा। 

समारोह में जिले के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही महाविद्यालयीन सेवा से सेवानिवृत्त प्राचार्यों एवं प्राध्यापकों के शिक्षा क्षेत्र में योगदान को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा। 37वें प्रतिभा सम्मान समारोह में डॉ. मोनिका शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार डॉ. मोनिका शर्मा भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (ICCR) के अंतर्गत स्वामी विवेकानंद सांस्कृतिक केंद्र, हनोई, वियतनाम की निदेशक हैं। समारोह में न्यास के अध्यक्ष डॉ. केदार शिवहरे, सचिव पंकज हर्ष श्रीवास्तव सहित न्यास की कार्यकारिणी के सदस्य मौजूद रहेंगे। इसके अलावा शिक्षाविद्, विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक और गणमान्य नागरिक भी समारोह में शामिल होंगे।

Post a Comment

0 Comments