Header Ads Widget

दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में वेदी प्रतिष्ठा, कलशारोहण महोत्सव.. नामदेव महाराज का जयंती महोत्सव 19 एवं 20 को.. बाल विवाह रोकथाम को लेकर समन्वय बैठक.. केएन कालेज में जिला स्तरीय युवा उत्सव..

 भव्य वेदी प्रतिष्ठा, कलशारोहण महोत्सव संपन्न

दमोह। नगर के प्राचीनतम जिनालय श्री देव पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में भव्य वेदी प्रतिष्ठा, कलशारोहण एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव भक्ति मय उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर जी के शिखर पर कलशारोहण के दौरान श्रावक जनों के बीच विशेष उत्साह का माहौल देखने को मिला। 
दमोह नगर के सबसे प्राचीन जिनालय श्री देव पार्श्वनाथ दिगंबर जैन बड़ा मंदिर में संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्या सागर जी एवं आचार्य श्री समयसागर  के मंगल आशीर्वाद एवं निर्यापक श्रमण मुनि श्री सुधासागर जी की पावन प्रेरणा से आयोजित भव्य वेदी प्रतिष्ठा, स्वर्ण कलशारोहण एवं विश्व शांति महायज्ञ महोत्सव का अत्यंत भक्तिभाव और हर्षाेल्लास के साथ समापन हुआ। 
इस अवसर पर नवीन एवं अत्यंत मनोहारी वेदी में भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी की दिव्य एवं मनोहारी प्रतिमाओं को विधि-विधान से विराजमान किया गया महोत्सव के अंतर्गत चार दिनों तक धार्मिक एवं मांगलिक अनुष्ठान संपन्न हुए। प्रथम दिवस महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल बैंड-बाजों और जयकारों के साथ निकाली गई भव्य घटयात्रा से हुआ। इसके पश्चात मंदिर परिसर में विधिवत ध्वजारोहण किया गया और मांगलिक क्रियाओं के लिए सौभाग्य शाली पात्रों का चयन हुआ। संध्याकाल में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। द्वितीय दिवस प्रातःकालीन बेला में अभिषेक व पूजन के उपरांत संगीत मय श्री याग मंडल विधान का आयोजन किया गया।
 विधान के माध्यम से श्रद्धालुओं ने अर्घ्य समर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। शाम को दीपों की जगमगाहट के बीच महाआरती संपन्न हुई। तृतीय दिवस महोत्सव के मुख्य दिन प्रातःकाल नित्य पूजन एवं अभिषेक के उपरांत विश्व शांति महायज्ञ एवं हवन-पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने विश्व कल्याण की कामना से आहुतियां दीं। इसके पश्चात दोपहर की शुभ बेला में मंत्रोच्चार एवं मंगल ध्वनि के बीच कलात्मक एवं मनोहारी वेदी पर जिनबिंब (भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी की मनोहारी मूर्तियों) की स्थापना की गई। 
इसी शुभ अवसर पर मंदिर शिखर पर कलशारोहण, ध्वजारोहण तथा भगवान को छत्र एवं चमर समर्पण की पावन क्रियाएं संपन्न हुईं। संध्या समय में विशेष महाआरती का आयोजन हुआ। चतुर्थ दिवस समापन पर नवीन वेदी में विराजमान होने के पश्चात प्रथम बार भगवान आदिनाथ जी, भगवान भरत स्वामी जी एवं भगवान बाहुबली स्वामी जी का भव्य महामस्तकाभिषेक एवं प्रथम शांतिधारा संपन्न हुई, जिसके साथ चार दिवसीय महोत्सव का सानंद समापन हुआ। मंदिर प्रबंध समिति एवं महोत्सव आयोजन समिति ने इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी त्यागी-व्रतियों, विद्वानों, प्रशासन और सकल दिगंबर जैन समाज, दमोह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। आयोजन के दौरान सकल जैन समाज की बड़ी संख्या मैं सहभागिता रही।
 संत शिरोमणि नामदेव महाराज का जयंती महोत्सव 19 एवं 20 को.. दमोह - संत शिरोमणि नामदेव महाराज की 656वीं जयंती के अवसर पर आदर्श नामदेव सेवा समिति एवं नामदेव समाज दमोह के तत्वावधान में दो दिवसीय जयंती महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। नामदेव समाज जिलाध्यक्ष राजकुमार (राजू) नामदेव ने बताया कि आयोजन के प्रथम दिन 19 नवंबर 2026, गुरुवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बेलाताल टापू स्थित श्री शिव साईं मंदिर प्रांगण में संत नामदेव महाराज का पूजन एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके पश्चात सामाजिक सहभोज (भंडारा) आयोजित होगा। 
कार्यक्रम में ग्वाल टोली द्वारा पारंपरिक दिवारी नृत्य एवं ढिमरियाई की प्रस्तुति भी दी जाएगी। वहीं, दूसरे दिन 20 नवंबर 2026, शुक्रवार (ग्यारस) को सुबह 9 बजे से बेलाताल टापू स्थित संत नामदेव मंदिर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस अवसर पर स्वर्गीय श्रीमती सुशीला देवी नामदेव (इलाहाबाद वाले) के परिवार द्वारा हवन, पूजन, महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। समस्त सामाजिक बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में सपरिवार उपस्थित होकर जयंती महोत्सव को सफल बनाएं।
बाल विवाह रोकथाम को लेकर जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित.. दमोह। देवउठनी एकादशी के बाद विवाह समारोहों का सीजन शुरू होने को ध्यान में रखते हुए बाल विवाह की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग एवं संकल्प समाज सेवी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में जनपद पंचायत सभागार में जिला स्तरीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, मंदिरों के पुजारियों, विभागीय अधिकारियों, विवाह आयोजनों से जुड़े बैंड संचालकों, हलवाई, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा बाल कल्याण समिति के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
बैठक के दौरान बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों एवं बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम के प्रावधानों पर चर्चा की गई। उपस्थित प्रतिभागियों ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए तथा समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी से बाल विवाह रोकने के लिए सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया। बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि विवाह आयोजनों से जुड़े सभी लोग अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाएं और कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग एवं प्रशासन को सूचित करें। मंदिरों के पुजारियों, बैंड संचालकों, हलवाई एवं अन्य सेवा प्रदाताओं से भी अपील की गई कि वे बाल विवाह में किसी प्रकार का सहयोग न करें तथा बाल विवाह मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
उल्लेखनीय है कि संकल्प समाज सेवी संस्था वर्ष 2022 से दमोह जिले में बाल विवाह की रोकथाम एवं बाल अधिकारों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। संस्था द्वारा गांव-गांव में जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से समुदाय को बाल विवाह के प्रति जागरूक किया जा रहा है। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग से सीडीपीओ कैलाश राप, सुलेचना ठाकुर, बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी श्री कुर्मी सहित नर्मदा सिंह, एकता रोजी, बंग्गा, रश्मि वर्मा, एकता विश्वकर्मा, रजनी ठाकुर, जितेन्द्र जैन, मनोज रजक, जासिद खान एवं सौरभ पौराणिक सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। ’बैठक का मुख्य संदेश रहा कि बाल विवाह रोकना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। मिलकर प्रयास करने से ही बाल विवाह मुक्त दमोह का सपना साकार हो सकता है।
केएन कालेज में जिला स्तरीय युवा उत्सव सम्पन्न.. दमोह। शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में जिला स्तरीय युवा उत्सव रूपांकन पक्ष का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के समस्त महाविद्यालय से टीम प्रतिभागी लेकर विभिन्न प्रतियोगिताओं कोलाज पोस्टर निर्माण स्पॉट पेंटिंग क्ले मॉडलिंग रंगोली कोलाज एवं कार्टूनिंग प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ अवधेश जैन प्रशासनिक अधिकारी डॉण् डीके नेमा डॉ अरुणा एम जैन डॉ मालती नायक डॉ आरपी अहिरवार उपस्थित रहे। निर्णायक के रूप में दिलीप नामदेव रश्मि वर्मा डॉ अनामिका जैन डॉ सीमा जाट सुरभि पालंदी रही।
विभिन्न प्रतियोगिताओं के निर्णय इस प्रकार रहे कार्टूनिंग में ऋतु विश्वकर्मा शासकीय कमला नेहरू महिला महा विद्यालय प्रथम कोलाज में शांति राय प्रथम डॉ विजय लाल स्मृति महाविद्यालय द्वितीय उर्वशी वेद शासकीय पीजी महाविद्यालय तृतीय राधिका कोष्टी शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय स्पॉट पेंटिंग में प्रथम अंजू कुर्मी शासकीय महाविद्यालय पथरिया द्वितीय प्राची राजपूत शासकीय आदर्श महाविद्यालय दमोह तृतीय सुषमा विश्वकर्मा शासकीय महाविद्यालय हटा रंगोली में प्रथम उर्वशी वेद शासकीय पीण्जी   महाविद्यालय द्वितीय कृष्णा पटेल एवं राधा लोधी एवं तृतीय चांदनी सौर शासकीय महाविद्यालय बटियागढ़
क्ले मॉडलिंग में प्रथम आदित्य कुमार खरे शासकीय पीजी महाविद्यालय द्वितीय भुवनेश्वरी चक्रवर्ती शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय पोस्टर निर्माण में प्रथम अल्जिया खान डॉ विजय लाल स्मृति महाविद्यालय द्वितीय  अब्दुल जुबेर कुरैशी ओजस्वनी महाविद्यालय तृतीय आसिफा खान शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय ने प्राप्त किया। संचालन डॉण् अवधेश जैन एवं आभार डॉ आराधना श्रीवास के द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments