सोनू सूद ने किया ‘गलतियों का MBA’ का विमोचन
नई दिल्ली/बांदा/दमोह। बॉलीवुड अभिनेता एवं समाजसेवी सोनू सूद ने नई दिल्ली में बांदा के युवा उद्यमी एवं लेखक रोहित जैन की पुस्तक ‘गलतियों का MBA – जो बिजनेस स्कूल नहीं सिखाता’ का विमोचन किया। इस अवसर पर सोनू सूद ने कहा कि संघर्ष और सफलता की ऐसी कहानियां उन्हें भी प्रेरित करती हैं। हर व्यक्ति को यह पुस्तक पढ़नी चाहिए, ताकि वह अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ सके।
वहीं, बांदा में आयोजित ‘बांदा गौरव सम्मान’ समारोह के भव्य मंच पर भी इस पुस्तक का विमोचन किया गया। रोहित जैन ने इसे अपनी जन्मभूमि पर मिला गौरवपूर्ण अवसर बताया। इस पुस्तक का संपादन एकलव्य विश्वविद्यालय, दमोह (मध्यप्रदेश) के एसोसिएट प्रोफेसर एवं संस्कृत विभागाध्यक्ष डॉ. आशीष कुमार जैन ‘शिक्षाचार्य’ ने किया है। रोहित जैन ने उनके विद्वतापूर्ण मार्गदर्शन एवं संपादन कार्य को अपने लिए विशेष गौरव का विषय बताया।
पुस्तक में रोहित जैन ने उद्यमिता के 12 वर्षों के अनुभव, संघर्ष, असफलताओं और उनसे मिली सीख साझा की है। इसका उद्देश्य युवाओं को उद्यमिता के लिए प्रेरित करना है। रोहित जैन एक उद्यमी, एंजेल इन्वेस्टर एवं बिजनेस कंटेंट क्रिएटर हैं। सोशल मीडिया पर उनके 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। रोहित जैन का कहना है, “गलतियां असफलता नहीं, बल्कि सफलता की सबसे बड़ी शिक्षक होती हैं।”





0 Comments