मुख्यमंत्री ने की दमोह जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा..
दमोह। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में विद्युत की बचत का विचार जन-जन तक पहुंचाने के लिए जागरूकता अभियान का संचालन आवश्यक है। जिलों में इसकी गतिविधियां प्रारंभ की जाएं। ऊर्जा संरक्षण आज की आवश्यकता है। राज्य सरकार ने जनता को पर्याप्त बिजली की सुविधा पहुंचाने के लिए 24 हजार करोड़ की सब्सिडी देने का कार्य किया है। यदि सौ रुपये की बिजली नागरिक को उपलब्ध होती है तो इसके पीछे सरकार के करीब एक हजार रुपये खर्च होते हैं। जिला स्तर पर कलेक्टर्स और संभागस्तर पर कमिश्नर्स विद्युत प्रदाय से जुड़ी शिकायतों को दूर करवाएं। रबी फसलों की बोवनी के समय भी किसानों को बिना बाधा के आवश्यक विद्युत आपूर्ति होती रहे। अवैध कनेक्शन के मामलों में सख्त कार्यवाही हो। बेहतर बिजली प्रदाय के लिए सभी संधारण कार्य और विद्युत देयकों की वसूली का कार्य किया जाए। गड़बड़ियों को सुधारा जाए। व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के लिए ग्रामवासियों का सहयोग भी प्राप्त किया जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज सुबह वीडियो कान्फ्रेंस द्वारा दमोह जिले में संचालित योजनाओं की समीक्षा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विस्तार पूर्वक जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक निर्देश दिए। वीडियो कान्फ्रेंस में राजस्व एवं परिवहन मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत जुड़े और दमोह जिले के विधायक श्री पी.एल तंतुवाय (हटा), श्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी (जबेरा) और कलेक्टर एस कृष्ण चैतन्य, पुलिस अधीक्षक डी आर तेनीवार, वनमण्डलाधिकारी एम एस उईके सहित जिलाधकारी व्हीसी रूम में मौजूद रहे।
कमिश्नर और कलेक्टर ने की है दोषियों को हटाने और निलंबन की कार्यवाही
वीडियो कान्फ्रेंस में बताया कि मुख्यमंत्री श्री चौहान के मंशा के अनुरूप लापरवाह और भ्रष्ट आचरण के दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही की गई है। समीक्षा के दौरान कमिश्नर सागर श्री मुकेश शुक्ला ने बताया कि अनियमितताओं के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, टीकमगढ़ श्री सुदेश मालवीय को हटाने की कार्यवाही की गई है। कलेक्टर दमोह श्री एस. कृष्ण चैतन्य ने बताया कि गड़बड़ियों के संबंध में प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही करते हुए 8 ग्रामीण रोजगार सहायकों की सेवा समाप्त करते हुए 5 पंचायत सचिवों को निलंबित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दोषियों के विरुद्ध की गई इस कार्यवाही के संदर्भ में अनियमितता के दोषी सीईओ श्री मालवीय को निलंबित करने के निर्देश दिए।
पुरस्कृत होंगे श्रेष्ठ कार्य करने वाले..मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्रेष्ठ कार्य करने वाले पुरस्कृत किए जाएंगे। जिलों में पदस्थ अधिकारी-कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य करें। अच्छा कार्य करने वाले अभिनंदनीय हैं। इसके साथ ही गड़बड़ी करने वालों के विरुद्ध सख्त कदम भी उठाए जाएंगे। अवैध कार्यों में लिप्त व्यक्तियों पर प्रहार आवश्यक है।
जल जीवन मिशन..मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दमोह जिले में जल जीवन मिशन के अंतर्गत हो रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के क्रियान्वयन के समय सड़कों की स्थिति भी सही बनी रहे। जहां पाइप लाइन बिछाने की वजह से सड़कों की मरम्मत अब तक नहीं हो पाई है, उन कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण किया जाए। जल कर वसूली, नल जल योजनाओं के संधारण के कार्य समय पर किए जाएं। आम जनता को पीने के पानी की उपलब्धता हमारी प्राथमिकता है। एकल जल योजनाओं और अन्य योजनाओं की पूर्णता पर समारोह पूर्वक शुभारंभ किया जाए। कलेक्टर दमोह ने जानकारी दी कि जिले के 45 ग्रामों में विलेज वॉटर एंड सेनिटेशन कमेटी कार्य कर रही हैं। साप्ताहिक बैठक कर जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की जाती है। जिले में 160 ग्रामों में जल प्रदाय सुचारु रूप से चल रहा है। शेष कार्य मार्च 2023 तक पूर्ण करने का लक्ष्य है।
प्रधानमंत्री आवास योजना.. मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित शिकायतों पर सख्त कार्यवाही की जाए। यदि कहीं से भ्रष्टाचार की शिकायत प्राप्त हो तो जांच कर दोषी के विरुद्ध कदम उठाए जाएं। कलेक्टर ने बताया कि प्रति माह एक हजार से लेकर अठारह सौ तक आवास गृह बन रहे हैं। आवास प्लस में बीस हजार का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इनमें से 19 हजार 362 प्रकरण स्वीकृत हो गए हैं। जिले में कुल 1 लाख 5 हजार आवास गृह का लक्ष्य है।
मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान..मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आम जनता को केन्द्र और राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं सहित अन्य कल्याणकारी कार्यक्रमों का पूरा लाभ दिलवाने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से राज्यव्यापी मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान का संचालन किया जा रहा है। अभियान 31 अक्टूबर तक चलना है। प्रत्येक प्राप्त आवेदन का परीक्षण कर पात्र हितग्राही को योजना का लाभ दिलवाने पर ध्यान दिया जाए। शिविरों के संचालन और नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलवाने का दायित्व गंभीरतापूर्वक निभाया जाए। कलेक्टर ने बताया कि जिले में 81 हजार 482 आवेदन पत्र प्राप्त हुए हैं। इनमें से 54 हजार 868 का निराकरण किया जा चुका है। सर्वाधिक आवेदन आयुष्मान कार्ड के निर्माण के लिए मिल रहे हैं। आगामी 26 अक्टूबर से द्वितीय चरण की कार्यवाही प्रारंभ होगी।
नशे के विरुद्ध अभियान और अपराध नियंत्रण मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को ध्वस्त किया जाए। बच्चों में नशे की लत लगाने वालों के विरुद्ध से सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए। एसपी दमोह ने बताया कि नशे के विरुद्ध जनजागरूक अभियान भी चलाया जा रहा है। ऑपरेशन मुस्कान सहित अपराध नियंत्रण के कार्य गंभीरता से किए जा रहे हैं।
सड़कों पर घूमती गौ माता को गौशालाओं में पहुंचाएं
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सड़कों पर पाई जाने वाली गौ माता, गौशालाओं तक पहुंचे, इसके लिए निरंतर कार्य किया जाए। गौवंश की देखभाल के लिए सामाजिक संगठनों के सहयोग से संचालित गौशालाओं में भेजना जरूरी है। कलेक्टर ने बताया कि 37 में से 21 गौशालाएं प्रारंभ हो गई हैं और गौवंश संरक्षण पर ध्यान दिया जा रहा है।
वीडियों कान्फ्रेंस में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सीएम हेल्प लाइन में दर्ज प्रकरणों के निराकरण, स्व-सहायता समूहों के संचालन, लाड़ली लक्ष्मी योजना, एक जिला-एक उत्पाद योजना, सीएम राइज विद्यालय, शिक्षा व्यवस्थाओं में सुधार, सड़कों की स्थिति, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना, राशन वितरण, मुख्यमंत्री अन्नपूर्णा योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड व्यवस्था, पोषण आहार व्यवस्था और आंगनवाड़ी केन्द्र संचालन, कुपोषण समाप्ति, एडाप्ट एन आंगनवाड़ी अभियान, शासकीय भवनों की स्थिति, अमृत सरोवर निर्माण, मत्स्य पालन, सिंघाड़ा उत्पादन आदि के बारे में भी क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की और निर्देश दिए। जनसंपर्क अधिकारी वाय ए कुरैशी की कलम से



0 Comments