Header Ads Widget

सुविख्यात श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र नैनागिरि (रेशंदीगिरि) में चोरी की बारदात से आक्रोश.. चौवीसी सहित कई मंदिरों के ताले तोड़ कर चांदी की झारी, छत्र, चमर सहित दो दान पेटी से लाखों रुपये ले उड़े चोर.. बक्सवाहा थाना पुलिस बदमाशों की तलाश मेें जुटी..

नैनागिरि के कई मंदिरों के ताले तोड़ कर चोरी 

छतरपुर जिले के  बकस्वाहा थाना अंतर्गत देश के सुविख्यात श्री दिगंबर जैन सिद्ध क्षेत्र नैनागिरि (रेशंदीगिरि) के गिरिराज पहाड़ पर स्थित मंदिरों के समूह में से मुख्य चौबीसी मंदिर सहित अतिशयकारी मंदिरों के ताले तोड़कर चांदी की झारी, छत्र, चमर, के साथ ही गुप्त भंडार / दान पेटी को तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपए बदमाश लेकर चंपत हो गए। नैनागिरि के प्रबंधक शिखर चंद जैन को घटना की जैसे ही जानकारी मिली तुरंत ही पुलिस चौकी नैनागिरि में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने अपराध क्र. 0276 धारा 457 व 380 भा.द.सं. के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया । मौके पर छतरपुर जिले के एडिशनल एसपी विक्रम सिंह, बकस्वाहा थाना प्रभारी मोहम्मद याकूब, एफएसएल टीम डॉग स्क्वायड सहित पुलिस बल के साथ पहुंचकर घटना की बारीकियों की जांच की, एडिशनल एसपी ने स्थानीय संबंधित पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए।
  
घटना के संबंध में जैन तीर्थ नैनागिरि के ट्रस्ट कमेटी के उप मंत्री राजेश रागी तथा प्रबंधक शिखर चंद जैन ने बताया कि 11-12 नवंबर 2022 की दरमियानी रात में अपराधियों ने गिरिराज के मंदिरों पर घटना को अंजाम दिया, जिस दौरान बदमाशों ने पूरे परिसर में लगे सीसी कैमरा व डोरियों/क्वाईल  को क्षतिग्रस्त किया और चौवीसी जिनालय में रखे सिस्टम को क्षतिग्रस्त कर अंजाम दिया । बदमाशों ने चौबीसी जिनालय मंदिर क्रमांक 40 के दरवाजों एवं अलमारियों के कई ताले तोड़कर वहां से चांदी की तीन झारी ,21 छत्र ,2 चमर बजनी करीब 2.300 किलोग्राम कीमती 1,25,000/- एवं इस मंदिर में रखी दान पेटी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया तथा मंदिर क्रमांक 34 ,35 ,36 ,37 के ताले तोड़कर वहां रखी दानपेटी को तोड़कर नकदी रुपए करीबन तीन लाख निकाल कर चम्पत हो गये। बदमाश इस मंदिर समूह में काफी लंबे समय तक मंदिरों की वेदियों को  तलासते रहे और चांदी सोने के आभूषण पहचान कर ले गए,बाकी अन्य धातुओं के वहीं पर छोड़ गए, मूर्तियों को ले जाने में असफल  रहे।
जैन तीर्थ नैनागिरि में हुई इस बड़ी घटना को सुनकर संपूर्ण जैन समुदाय ही नहीं अपितु क्षेत्रीय लोगों में काफी असंतोष व्याप्त है, घटना को सुनते ही नैनागिरि क्षेत्र कमेटी के पदाधिकारी संतोष वेटरी, जय कुमार मंत्री, देवेन्द्र लुहारी, वीरेन्द्र सिंघई ,सुकमाल गोल्डी एवं कई सदस्य एवं जैन समाज के भारी संख्या में लोग वहां पहुंच गए।
कमेटी के पदाधिकारी व क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि अविलंब अपराधियों को पकड़ कर माल बरामद नहीं किया गया तो तीव्र आंदोलन करेंगे । फिलहाल पुलिस घटना की बारीकियों की जांच कर चोरों की तलाश में जुट गई है । राजेश रागी की रिपोर्ट 

Post a Comment

0 Comments