Header Ads Widget

पीजी कालेज में युवा नीति पर सुझाव हेतु कार्यशाला.. जबेरा कॉलेज में वीर बाल दिवस पर रैली संगोष्ठी.. खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने की मिश्रित दूध सेंपलिंग.. धान खरीदी केंद्र में बिजली चोरी प्रकरण दर्ज.. कुंडलपुर में आचार्य श्री उदार सागर का मंगल प्रवेश, मुनि श्री विहसंत सागर की दमोह में अगवानी आज..

युवा नीति पर विद्यार्थियों के सुझाव हेतु कार्यशाला 

दमोह। उच्च शिक्षा मध्यप्रदेश शासन के निर्देश और प्राचार्य डॉ के पी अहिरवार की अध्यक्षता में ज्ञानचंद श्रीवास्तव शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में युवा नीति पर विद्यार्थियों से सुझाव आमंत्रित करने के लिए एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। सरस्वती पूजन और उपस्थित अतिथियों के स्वागत सत्कार उपरांत विद्यार्थियों से शिक्षा, रोजगार और कौशल विकास, उद्यमिता, खेल, स्वास्थ्य और स्वस्थ्य जीवन शैली, सामाजिक मूल्य, लोकतांत्रिक जीवन शैली जैसे विषयों पर संवाद किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने अपने-अपने सुझाव दिये। गौरतलब है की शासन स्तर पर युवा नीति तैयार होना प्रस्तावित है, जिस पर प्रदेश के सभी उच्च शिक्षा संस्थानों से विद्यार्थियों से संवाद कर सुझाव मांगे जा रहे हैं। 

इस अवसर पर कार्यक्रम की संयोजक तथा राजनीति विज्ञान विभाग की प्रमुख डां इन्दिरा जैन ने शासन की युवा नीति पर मंशा और कार्यक्षेत्र पर अपनी बात कही वहीं समाजशास्त्र विभाग के प्रमुख डां अनिल यादव ने पूर्व में विभागीय स्तर पर आयोजित युवा नीति कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा दिये गये सुझावों पर चर्चा की। संस्कृत विभाग के प्रमुख डां के एस बामनिया ने विद्यार्थियों के अनुशासन और व्यक्तिव विकास पर जोर दिया।
अध्यक्षीय भाषण में प्राचार्य डां के पी अहिरवार ने समाज में पल और पनप रही सामाजिक बुराइयों, विद्यार्थियों के नैतिक पतन पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों से अपेक्षा की कि वह सामाजिक मूल्य और अपने नैतिक उत्थान की ओर आगे बढ़े, खूब पढ़ें और आगे बढ़े। विद्यार्थी ही समाज रीढ़ है इसे मजबूत बनने की जरुरत है यह युवा नीति इसी दिशा में शासन का एक प्रयास है। इस दौरान विद्यार्थियों ने भी मंच पर आकर सुझाव दिये। मंच संचालन और आभार डां अनिल जैन ने व्यक्त किया। इस अवसर पर डां जितेन्द्र चौधरी, धीरज जानसन, डां सिकंदर डलगज, डां आशाराम यादव, दिवाकर पटेल उपस्थित रहे।

खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने की दूध सेंपलिंग

दमोह। कलेक्टर एसकृष्ण चैतन्य एवं डीओ खाद्य सुरक्षा प्रशासन डॉ संगीता त्रिवेदी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी  राकेश अहिरवाल ने कार्यवाही करते हुए दमोह शहर में सागर रोड स्थित विद्या सागर मिल्क एंड एग्रो प्राइवेट लिमिटेड दुग्ध शीतलन केंद्र का निरीक्षण किया। उक्त दुग्ध शीतलन केंद्र से गाय भैंस के मिश्रित दूध का नमूना जांच हेतु लिया गया है जिसे जांच हेतु क्यू0टी0टी0एल0 खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला इंदौर भेजा गया है। फोस्कोरिस एप्प के माध्यम से दूध शीतलन केंद्र का ऑनलाइन निरीक्षण किया गया है। 

 विद्या सागर मिल्क एंड एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के दुग्ध शीतलन केंद्र में स्थापित बीएमसी में प्रतिदिन लगभग 3000 लीटर दूध का संग्रहण होता है। उक्त केंद्र में दूध उत्पादक किसानों के दूध का ईकोमिल्क मशीन से जांच उपरांत दूध में मौजूद फैट एवं एस0एन0एफ0 की मात्रा से दूध के मूल्य का भुगतान किया जाता है। खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग ने समस्त दूध के फेरी एवं हॉकर्स विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने पास फ़ूड लाइसेंस की प्रति आवश्यक रूप से रखें एवं उपभोक्ताओं को शुद्ध एवं सुरक्षित गुणवत्तापूर्ण दूध मुहैया करवाएं।  खाद्य सुरक्षा प्रशासन विभाग की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।

जबेरा कॉलेज में वीर बाल दिवस पर रैली संगोष्ठी

दमोह। शासकीय महाविद्यालय जबेरा में आजादी के अमृत महोत्सव के तहत दसवे सिख गुरु गोविंद सिंह के दो छोटे पुत्रों साहिबजादा जोरावर सिंह और साहिबजादा फतेह सिंह ने अपनी 9 साल एवं 6 साल की छोटी उम्र में सिख पंथ की गरिमा एवं सम्मान की रक्षा हेतु 26 दिसंबर 1705 में सर्वोच्च एवं अप्रीतम बलिदान दे दिया था। इन्हीं दोनों के सर्वोच्च बलिदान के सम्मान में सरकार वीर बाल दिवस के रूप में मना रही है। 23 से 28 दिसंबर के बीच कॉलेजों में विविध कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है।
इसी क्रम में जबेरा कॉलेज में भी महाविद्यालय छात्र छात्राओं के बीच एक सगोष्ठी कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि बतौर समाजसेवी डॉक्टर अश्वनी नामदेव ने उपस्थित सैकड़ों छात्र-छात्राओं के बीच सिख पंथ की गरिमा एवं सम्मान के लिए बलिदान देने वाले दोनों वीर सपूतों को याद कर प्रेरणादाई उद्बोधन दिया।कार्यक्रम का सफल संचालन कालेज की प्राचार्या श्रीमती डॉ रितु श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर प्राध्यापक वरुण पंडोले, डॉक्टर दीपेंद्र यादव,राहुल वरदिया, डॉक्टर नम्रता पटेल सहित बड़ी संख्या में महाविघालीन स्टाफ एवं छात्र छात्राये उपस्थित रहे।

धान खरीदी केंद्र में बिजली चोरी का प्रकरण दर्ज.. 

दमोह। बनवार में इस वर्ष धान खरीदी केंद्र बनाए जाने के कारण किसानों को बहुत सुविधा हुई है। किसानों को अपनी धान विक्रय करने के लिए दूर जाना नहीं पड़ रहा है,लेकिन धान खरीदी कर रही समिति द्वारा लापरवाही करने का मामला सामने आया है। बनवार धान खरीदी केंद्र पर चोरी की बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जिसकी जानकारी मिलने पर सोमवार को नोहटा कनिष्ठ अभियंता प्रभात दुबे द्वारा बनवार खेल ग्राउंड में चल रही धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया
जहाँ पर समिति द्वारा बिजली विभाग से बिना अस्थाई कनेक्शन लिए बगैर बिजली उपयोग की जा रही थी। जिसके बाद कनिष्ठ अभियंता प्रभात दुबे द्वारा तत्काल समिति पर बिजली चोरी करते पाये जाने पर प्रकरण दर्ज किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में बकाया बिजली बिल कनेक्शन धारकों के यहां पहुंचकर बिल भरने की समझाइश दी और बकाया बिल का भुगतान नही करने पर कार्यवाही करने की बात कही गई। इस दौरान बनवार एवं नोहटा बिजली विभाग की टीम मौजूद रही।

कुंडलपुर में आचार्य श्री उदार सागर का मंगल प्रवेश 
कुंडलपुर। परम पूज्य आचार्य श्री 108 अभिनंदन सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य आचार्य श्री 108 उदार सागर जी महाराज ससंघ( 7 पिच्छिका )का मंगल आगमन सिद्ध क्षेत्र कुंडलपुर में हुआ। 

कुंडलपुर क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष श्री चंद्रकुमार सराफ, उपाध्यक्ष अजीत कंण्डया, अशोक सराफ के साथ अन्य पदाधिकारी सदस्य गणों ने कुंडलपुर जैन समाज एवं आसपास के स्थलों से आए भक्तों तीर्थयात्रियों ने भक्ति भाव के साथ पूज्य गुरुदेव का पाद प्रक्षालन किया। गुरुदेव का मंगल प्रवेश कुंडलपुर तीर्थ क्षेत्र में हुआ। आचार्य संघ कुंडलपुर क्षेत्र में संत भवन में विराजमान है।

मुनि श्री श्री विहसंत सागर जी की अगवानी आज
दमोह। परम पूज्य गणाचार्य श्री विराग सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य श्री विहसंत सागर जी मुनिराज का दमोह मलैया मील मंदिर जी में मंगल प्रवेश 28 दिसंबर बुधवार को प्रातः 8 बजे हो रहा है।

यहां से जबलपुर नाका मंदिर जी में आगवानी हेतु आप अवश्य पहुंचकर धर्मलाभ लेवें । मुनिराज जी की आहार चर्या जबलपुर नाका में होगी। जैन पँचायत के अध्यक्ष सुधीर सिंघई, महामंत्री पदमचंद जैन, प्रचार मंत्री सुधीर विद्यार्थी एवं जय कुमार पुरा ने सभी से अगवानी में शामिल होने की अपील की है।

Post a Comment

0 Comments